Editor: Vinod Arya | 94244 37885

भाजपा की ‘संचित शक्ति’ को सहेजें, पुराने कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क रखें : अजय जामवाल • सागर में भाजपा की संभागीय बैठक

भाजपा की ‘संचित शक्ति’ को सहेजें, पुराने कार्यकर्ताओं से निरंतर संपर्क रखें : अजय जामवाल

• सागर में भाजपा की संभागीय बैठक में बोले क्षेत्रीय संगठन महामंत्री, बूथ से जिला स्तर तक पूरे वर्ष सक्रिय रहने पर जोर

तीनबत्ती न्यूज: 24 सितम्बर, 2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि पुराने कार्यकर्ता भाजपा की संचित शक्ति हैं। कठिन परिस्थितियों में संगठन को खड़ा करने के लिए जीवन समर्पित करने वाले कार्यकर्ताओं के अनुभव और योगदान को सहेजना संगठन की जिम्मेदारी है। वरिष्ठ एवं पुराने कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों से निरंतर संपर्क रखा जाए तथा नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण से परिचित कराया जाए।

यह भी पढ़ें: सागर में दर्दनाक सड़क हादसा: बस और कार की सीधी भिड़ंत : सागर के दो जैन व्यापारियों सहित चार की मौत, एक घायल

जामवाल गुरुवार को सागर में आयोजित भाजपा की संभागीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक को प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे तथा सागर जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी संबोधित किया।बैठक में प्रदेश शासन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, धर्मेंद्र लोधी, दिलीप अहिरवार, प्रदेश उपाध्यक्ष नंदिता पाठक, प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. लता वानखेड़े, राहुल सिंह, सांसद महेश केवट एवं प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह सहित पार्टी के जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।



पूरे वर्ष सक्रिय रहे संगठन और कार्यकर्ता

अजय जामवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल चुनाव के समय की सक्रियता से नहीं आती। बूथ से लेकर जिला स्तर तक कार्यकर्ताओं को पूरे वर्ष सक्रिय रहना आवश्यक है। प्रत्येक बूथ पर मजबूत टीम तैयार कर आमजन से निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखा जाए।उन्होंने जिला, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर की बैठकों का नियमित क्रम बनाए रखने तथा प्रत्येक बैठक में स्पष्ट एजेंडा तय करने के निर्देश दिए। साथ ही बैठकों में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करने और कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सेवा संकल्प अभियान को जनसंपर्क से जोड़ने पर जोर

जामवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाया जा रहा सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सेवा और जनसंपर्क को मजबूत किया जाए।उन्होंने स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं, आंगनवाड़ी तथा विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की बात कही। अभियान की जिला स्तर पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।


30 सितंबर तक संगठनात्मक कार्य पूरे करने के निर्देश

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि जिन जिलों में मंडल, शक्ति केंद्र अथवा अन्य संगठनात्मक रचनाओं का कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है, उसे 30 सितंबर तक पूरा किया जाए। सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय कर संगठन को मजबूत बनाया जाए।उन्होंने युवाओं से संवाद बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण, स्वदेशी और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर समाज के बीच जागरूकता बढ़ाने की बात कही।

पुराने कार्यकर्ताओं के परिवारों से भी जुड़े संगठन

जामवाल ने कहा कि संगठन को उन पुराने कार्यकर्ताओं की जानकारी संकलित करनी चाहिए, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी के लिए काम किया और कठिन दौर में संगठन को मजबूत बनाया। उनके परिवारों से संपर्क कर उन्हें संगठन से जोड़ना और सम्मान देना जरूरी है।

उन्होंने पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल और 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं उनके परिवारों को जोड़कर कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया।



संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक पहुंचाएं : गौरव रणदिवे

प्रदेश महामंत्री एवं सागर संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी प्राथमिकता के साथ पूरी करनी होगी। संगठन द्वारा तय कार्यक्रमों और अभियानों को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाते हुए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

संगठन की मजबूती के लिए निरंतर सक्रियता जरूरी : श्याम तिवारी

सागर जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने बैठक की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए जिले में संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर की तैयारियों एवं चल रहे सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और मार्गदर्शन को साथ लेकर संगठन की गतिविधियों को प्रत्येक बूथ तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाएगा।

बैठक में सागर जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, सागर ग्रामीण जिला अध्यक्ष रानी कुशवाहा, टीकमगढ़ जिला अध्यक्ष सरोज राजपूत, छतरपुर जिला अध्यक्ष चन्द्रभान सिंह, दमोह जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, पन्ना जिला अध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा एवं निवाड़ी जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया ने सांगठनिक वृत्त प्रस्तुत किया।बैठक का संचालन प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने किया। आभार टोली के जिला संयोजक जगन्नाथ गुरैया ने व्यक्त किया।



बूथ क्रमांक 163 पर कार्यकर्ताओं से मिले जामवाल

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि बैठक के बाद क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे, जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन और जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने सागर नगर मंडल के बूथ क्रमांक 163 पर बूथ समिति सदस्यों एवं स्थानीय कार्यकर्ताओं से भेंट की। इस दौरान लोकतंत्र सेनानियों एवं वरिष्ठ जनों का सम्मान किया गया। इसके बाद मंडल उपाध्यक्ष सचिन घोषी के निवास पर भोजन किया गया।


ये हुए शामिल 

संभागीय बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, इंजी. प्रदीप लारिया, हरिशंकर खटीक, बृजेन्द्र प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह लोधी, देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया, विधायक उमा देवी खटीक, राजेश वर्मा, राजेश शुक्ला, अरविन्द पटेरिया, कामाख्या प्रताप सिंह एवं अनिल जैन**, सागर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार सहित संभाग एवं जिले के जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive