Editor: Vinod Arya | 94244 37885

खुरई के 3 सरकारी कॉलेजों में 26.78 करोड़ के निर्माण कार्य स्वीकृत, गढ़ोली रोड के लिए 1.86 करोड़

खुरई विधानसभा के तीन शासकीय कॉलेजों में निर्माण कार्यों के लिए 26.78 करोड़ स्वीकृत, गढ़ोली एप्रोच रोड के लिए 1.86 करोड़



तीनबत्ती न्यूज: 22 सितम्बर, 2026

सागर। खुरई विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा और सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के प्रयासों से खुरई, मालथौन और बांदरी के शासकीय महाविद्यालयों में निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए कुल 26 करोड़ 78.83 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही गढ़ोली एप्रोच रोड के निर्माण के लिए 1 करोड़ 86.09 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

खुरई कॉलेज में 20.54 करोड़ से होंगे विकास कार्य

मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल भोपाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शासकीय महाविद्यालय खुरई में ऑडिटोरियम, खेल मैदान के विकास तथा वाहन स्टैंड/शेड निर्माण के लिए 20 करोड़ 54.36 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इन कार्यों के लिए उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।मालथौन कॉलेज में अतिरिक्त कक्ष और खेल मैदान का विकास

शासकीय महाविद्यालय मालथौन में चार अतिरिक्त कक्षों के निर्माण, खेल मैदान के विकास तथा वाहन स्टैंड/शेड निर्माण के लिए 3 करोड़ 87.25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

बांदरी कॉलेज में बनेगा सेमिनार हॉल

वहीं शासकीय महाविद्यालय बांदरी में सेमिनार हॉल तथा वाहन स्टैंड/शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ 37.22 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।

गढ़ोली एप्रोच रोड के लिए 1.86 करोड़

खुरई विधानसभा क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना से जुड़े कार्य के तहत लोक निर्माण विभाग संभाग क्रमांक-1, सागर द्वारा गढ़ोली एप्रोच रोड के निर्माण के लिए 1 करोड़ 86.09 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह सड़क 0.90 किलोमीटर लंबी होगी।

इन स्वीकृतियों से खुरई विधानसभा क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक एवं खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए आधारभूत सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद है।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive