‘संवैधानिक संस्थाओं पर अविश्वास फैलाना दुर्भाग्यपूर्ण’: सागर में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत युवाओं से संवाद
सागर। भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को महाराणा प्रताप नर्सिंग कॉलेज, सागर में युवा एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया, संवैधानिक संस्थाओं और वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर युवाओं से संवाद किया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे और वक्ताओं ने उनके जवाब दिए।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सागर विधायक शैलेंद्र जैन रहे। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार और जिला महामंत्री सुमित यादव रहे। इस अवसर पर संगीता संजय सिंह, अभियान जिला संयोजक मनीष चौबे, सहसंयोजक कविता लारिया, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन एवं अधिवक्ता दीपा तिवारी मंचासीन रहीं। संचालन अभियान सहसंयोजक नितिन सोनी ने किया।
राष्ट्रहित और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें युवा : शैलेन्द्र जैन
विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि भारत का लोकतंत्र केवल सरकार बनाने की व्यवस्था नहीं, बल्कि संविधान और जनता के विश्वास पर आधारित व्यवस्था है। सत्ता प्राप्ति का रास्ता जनता के जनादेश से होकर गुजरता है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रीय हित और संवैधानिक मर्यादाओं से ऊपर कोई राजनीतिक स्वार्थ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है। ऐसे समय में देश की एकता, लोकतांत्रिक स्थिरता और संस्थाओं के प्रति विश्वास बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।जैन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक असहमति के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों को समझें : श्याम तिवारी
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र की विश्वसनीयता संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और उनके प्रति नागरिकों के विश्वास से जुड़ी है। असहमति लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन किसी संस्था के प्रति लगातार अविश्वास का वातावरण बनाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग अथवा न्यायपालिका जैसे संस्थानों के किसी निर्णय से असहमति होने पर संविधान और कानून में निर्धारित रास्ते उपलब्ध हैं। राजनीतिक दलों को इन्हीं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के माध्यम से अपनी बात रखनी चाहिए।
तिवारी ने युवाओं से कहा कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली राजनीतिक सूचनाओं की सत्यता जांचें और राजनीतिक दलों की नीतियों तथा उनके कामकाज का तुलनात्मक अध्ययन करें।
नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची का अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मृत व्यक्तियों के नाम, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके लोगों के पुराने पते पर दर्ज नाम अथवा एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम जैसी विसंगतियों को नियमों के तहत दूर किया जाना चाहिए। साथ ही पात्र मतदाता का नाम किसी गलती के कारण न हटे, यह सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से SIR और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया को समझने तथा सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें