Editor: Vinod Arya | 94244 37885

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने 49.90 करोड़ की जलप्रदाय योजना और 9.16 करोड़ के तहसील भवन का किया लोकार्पण

पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने  49.90 करोड़ की जलप्रदाय योजना और 9.16 करोड़ के तहसील भवन का किया लोकार्पण


तीनबत्ती न्यूज: 18 नवंबर 2026

खुरई। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बुधवार को 49.90 करोड़ रुपये की लागत से तैयार बांदरी जलप्रदाय योजना और 9.16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित संयुक्त तहसील भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही नगर परिषद क्षेत्र में करीब 3 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इन परियोजनाओं से बांदरी के 15 वार्डों की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के साथ आसपास के 40 गांवों के लोगों को तहसील और एसडीएम कार्यालय संबंधी कार्यों के लिए मालथौन जाने से राहत मिलेगी।

15 वार्डों में मिलेगा 24 घंटे शुद्ध पेयजल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बांदरी में वर्षों से पेयजल संकट बना हुआ था। गर्मियों में लोगों को दो किलोमीटर दूर तक जाकर कुओं से पानी लाना पड़ता था। अब जलप्रदाय योजना के माध्यम से नगर के सभी 15 वार्डों में 24 घंटे शुद्ध फिल्टर पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि इस योजना को उन्होंने मंत्री रहते हुए स्वीकृत कराया था। इसके स्थायी जल स्रोत के लिए उल्दन बांध परियोजना को भी स्वीकृति दिलाई गई। उन्होंने कहा कि आगामी मई माह तक बांध का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है। इससे बांदरी में पेयजल आपूर्ति के साथ मालथौन विकासखंड के 59 गांवों में पाइपलाइन के माध्यम से सिंचाई की सुविधा भी मिलेगी। अगले वर्ष से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचने लगेगा, जिससे कृषि उत्पादन और किसानों की समृद्धि बढ़ेगी।


तहसील भवन से 40 गांवों को मिलेगी सुविधा

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि बांदरी में तहसील की स्थापना के बाद अब आधुनिक संयुक्त तहसील भवन भी जनता को समर्पित किया गया है। यहां किसानों और आम नागरिकों को तहसील के साथ एसडीएम कार्यालय से संबंधित सुविधाएं भी मिलेंगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को बांदरी के बाजार दिवस पर एसडीएम तहसील कार्यालय में जनसुनवाई के लिए उपस्थित रहेंगी। एसडीएम कोर्ट भी सप्ताह में दो दिन बांदरी में संचालित कराने की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नए तहसील भवन में रिकॉर्ड रूम, लोकसेवा गारंटी कक्ष, अर्जीनवीस, वकीलों और टाइपिंग कार्य सहित अन्य सुविधाएं विकसित होंगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और नगर की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

दस साल में बदली बांदरी की तस्वीर

विधायक ने कहा कि दस वर्ष पहले तक बांदरी ग्राम पंचायत थी। अब यहां नगर परिषद, तहसील भवन, महाविद्यालय, सांदीपनि विद्यालय, बस स्टैंड, ऑडिटोरियम, सड़कें, स्ट्रीट लाइट और करीब 6 हजार प्रधानमंत्री आवास जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब बांदरी में 30 बिस्तरों का सर्वसुविधायुक्त अस्पताल, इंडस्ट्रियल एरिया और रोजगार के अवसर विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। नगर में बैंक और बड़ी गौशाला की आवश्यकता भी उन्होंने बताई।

उपयोगी सामग्री से हुआ स्वागत

कार्यक्रम में पूर्वमंत्री भूपेन्द्र सिंह का स्वागत फूल-मालाओं के स्थान पर जरूरतमंदों को वितरित की जा सकने वाली उपयोगी सामग्री से किया गया। इसमें स्टेशनरी, स्कूल बैग, हीटर, वाटर बॉटल, कंबल और चॉकलेट बास्केट शामिल थे।

इन स्वागतकर्ताओं में श्रीमती सुधा विश्वनाथ सिंह न.परि अध्यक्ष, लक्ष्मी लोधी, राजस्व परिवार, सीमा रजक, गोविंद अहिरवार, पार्षद बरोदिया, उदयपाल यादव, नरेश जैन, सनत साहू, संतोष पटेल, कृपाल ठाकुर, रामू पटेल पार्षद, सुरेंद्र सिंह ठाकुर, पंडित लक्ष्मीकांत मुंडोतिया, कुलदीप राय, अवधेश सिंह ठाकुर, उमेश राय, सचिन आदिवासी, वकील लोधी, राजू जैन, पप्पू मुकद्दम, राजेंद्र बड़े घरवाले, नंदराम घोषी, देवी दयाल कुशवाहा, पुष्पेंद्र यादव, सुम्मेर सिंह, सत्यम जैन ठेकेदार, सम्मर सिंह, महेंद्र यादव मंडल उपाध्यक्ष, एसडीओ एमपीयूडीसी दिनेश बरेले शामिल रहे। 


कार्यक्रम में एसडीएम मालथौन मोना दांगी, तहसीलदार कुलदीप सिंह राजपूत, तहसीलदार मालथौन आरपी सिंह, एसडीओ पीडब्लूडी सीमा रजक, दिनेश बरेले पीएम पी आईयू एमपीयूडीसी, बीईओ हमीर ठाकुर, सीएमओ संजय समुद्रे, राजेश मेहथेले, अरुण श्रीवास्तव,अनिल पाराशर मंडल अध्यक्ष, महेश पाराशर, डॉ. रोहित,श्रीमती संध्या राजपूत महिला मोर्चा, कल्याण सिंह पहरगुवां, देवी दयाल पटेल, राव राजा राजपूत, शेर सिंह, राजेंद्र लोधी, देशराज सिंह, उमेश राय,अवधेश सिंह ठाकुर, कुलदीप राय, राजा राजपूत, रामकिशन अहिरवार, राजू जैन, तुलसीराम यादव, पप्पू सैयद, महेंद्र यादव, रामू पटेल,रमेश अहिरवार, भरत अहिरवार सहित अनेक गणमान्य जन शामिल रहे।



Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive