Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर स्मार्ट सिटी के कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा : झील के पाथ-वे को दीनदयाल चौक से जोड़ने के निर्देश

सागर स्मार्ट सिटी के कार्यों की कलेक्टर ने की समीक्षा : झील के पाथ-वे को दीनदयाल चौक से जोड़ने के निर्देश

• ट्रैफिक मैनेजमेंट से लेकर बस टर्मिनल और सिटी स्टेडियम के कार्यों की भी समीक्षा


तीनबत्ती न्यूज:17 नवंबर, 2026

सागर। कलेक्टर एवं सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव ने स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से लाखा बंजारा झील के चारों ओर बने पाथ-वे के दोनों छोर को दीनदयाल चौक की ओर पूरी तरह जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि नागरिक बिना किसी अवरोध के झील का पूरा चक्कर लगा सकें और सुबह-शाम भ्रमण कर स्वास्थ्य लाभ ले सकें।

स्मार्ट सिटी कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने प्रजेंटेशन के माध्यम से स्मार्ट सिटी के पूर्ण हो चुके और वर्तमान में प्रगतिरत परियोजना कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

झील के रखरखाव पर विशेष जोर

लाखा बंजारा झील के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि झील के चारों ओर साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। पाथ-वे के दोनों छोर दीनदयाल चौक की ओर इस तरह जोड़े जाएं कि नागरिकों को पूरे पाथ-वे पर घूमने में किसी प्रकार की बाधा न हो।

कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा

बैठक में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, बस टर्मिनल, फूड प्लाजा, सड़क परियोजनाओं, सिटी स्टेडियम और खेल परिसर सहित स्मार्ट सिटी की विभिन्न परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियर्स को कार्यों की प्रगति के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक तथा सीईओ राजकुमार खत्री सहित स्मार्ट सिटी के अधिकारी, इंजीनियर्स और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive