Editor: Vinod Arya | 94244 37885

बीना को जिला बनाने का प्रबल पक्षधर हूं : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत • 11.06 करोड़ से बने संयुक्त एसडीएम कार्यालय भवन का लोकार्पण

बीना को जिला बनाने का प्रबल पक्षधर हूं : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

•  11.06 करोड़ से बने संयुक्त एसडीएम कार्यालय भवन का लोकार्पण


तीनबत्ती न्यूज: 22 नवंबर, 2026

सागर/बीना। बीना ने देश ही नहीं, बल्कि विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। मैं बीना को जिला बनाने का प्रबल पक्षधर हूं। यह बात खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने रविवार को बीना में नवनिर्मित संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय भवन के लोकार्पण समारोह में कही। करीब 11 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत से निर्मित इस सर्वसुविधायुक्त भवन का मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने विधि-विधान से पूजन कर फीता काटकर लोकार्पण किया।


एक ही परिसर में मिलेंगी विभिन्न विभागों की सेवाएं

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि नए संयुक्त कार्यालय भवन से बीना क्षेत्र के लोगों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से मिल सकेंगी। सरकार का उद्देश्य प्रशासन को जनता के करीब लाना और जनसेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना है। बीना के विकास के लिए लगातार अधोसंरचनात्मक सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि एरण, बीना रिफाइनरी और बीना जंक्शन इसकी पहचान के प्रमुख केंद्र हैं। एरण के विकास के लिए शीघ्र ही केंद्र सरकार द्वारा 100 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। एरण को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बीना के सर्वांगीण विकास के लिए सभी से मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।

प्रशासनिक ढांचे को मिली नई पहचान : निर्मला सप्रे

बीना विधायक निर्मला सप्रे ने कहा कि संयुक्त अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय के नए भवन से बीना के प्रशासनिक ढांचे को नई पहचान मिली है। यह भवन क्षेत्र के विकास की दिशा में एक नई सीढ़ी साबित होगा। उन्होंने कहा कि विकास का मतलब केवल सड़कों और भवनों का निर्माण नहीं है, बल्कि आमजन को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना ही विकास का वास्तविक प्रतीक है। नया कार्यालय इसी सोच को साकार करेगा। यहां लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल सकेंगी।

सांसद निधि से टीन शेड और शौचालय निर्माण की घोषणा

राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने कहा कि नया संयुक्त कार्यालय भवन बीना के विकास में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे अधिकारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आमजन के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने अपनी सांसद निधि से कार्यालय परिसर में टीन शेड निर्माण कराने की घोषणा की। साथ ही बीना के शासकीय स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शासकीय भवनों में शौचालय निर्माण के लिए भी सांसद निधि से राशि उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने भवन परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाएं बनाए रखने पर जोर दिया।कार्यक्रम को सागर सांसद लता वानखेड़े एवं गौरव सिरोठिया ने भी संबोधित किया।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive