सागर वेस्टर्न बायपास निर्माण स्थल पहुंचे कलेक्टर, 20.19 किमी लंबे मार्ग का किया निरीक्षण
• 688 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहा बायपास, मुआवजा वितरण में पारदर्शिता और राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश
तीनबत्ती न्यूज:04 नवंबर, 2026
सागर। शहर को भारी वाहनों के यातायात दबाव से राहत दिलाने और नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से निर्माणाधीन वेस्टर्न बायपास (NH-146) के काम में तेजी लाने के लिए कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने बुधवार को निर्माण स्थल पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया। लेहदरा से बरखेड़ी गुरु तक प्रस्तावित 20.19 किलोमीटर लंबे बायपास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति, भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की स्थिति की समीक्षा की।
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही प्रभावित किसानों और भू-स्वामियों को मुआवजा वितरण में किसी भी प्रकार की विसंगति या त्रुटि नहीं होनी चाहिए।
किसानों से किया सीधा संवाद, राजस्व प्रकरण जल्द निपटाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बायपास का लेआउट देखा और प्रस्तावित फ्लाईओवर, रैंप तथा अधिग्रहित भूमि की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित गांवों के किसानों एवं भू-स्वामियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि फौती, नामांतरण, भूमि सीमांकन, नक्शा सुधार और सिंचित-असिंचित भूमि से संबंधित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। मुआवजा राशि की गणना और वितरण में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। जिन मृतक भू-स्वामियों के मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हैं, उनकी सूची तत्काल प्रस्तुत करने को कहा गया। आपसी सहमति वाले लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
वन क्षेत्र में बाउंड्री वॉल और फेंसिंग बनाने के निर्देश
कलेक्टर ने बायपास को सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त बनाने पर जोर देते हुए वन क्षेत्र से गुजरने वाले हिस्से के दोनों ओर बाउंड्री वॉल एवं जालीदार फेंसिंग लगाने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी कराया जाएगा।
उन्होंने मुख्य सड़क क्रॉसिंग पर भविष्य के यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त साइनेज और ट्रैफिक कंट्रोल संरचनाएं विकसित करने को कहा। पीएचई, राजस्व और नेशनल हाईवे सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश भी दिए।
688.31 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है बायपास
उल्लेखनीय है कि 20.19 किलोमीटर लंबे सागर वेस्टर्न बायपास का निर्माण 688.31 करोड़ रुपये की लागत से एमएस आर्केन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। इस परियोजना का प्रमुख उद्देश्य सागर शहर को भारी यातायात के दबाव से मुक्त करना और नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर से सीधा संपर्क उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान पीडी एनएचएआई मृदुल राकेश मिश्रा, एसडीएम सागर रोहित वर्मा, एसडीएम जैसीनगर नवीन सिंह ठाकुर सहित नेशनल हाईवे अथॉरिटी और निर्माण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें