Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Illegal Firecrackers लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Illegal Firecrackers लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सागर में अवैध पटाखों पर प्रशासन का शिकंजा, बंडा में ₹50 हजार के पटाखे जब्त; काबाईड गन पर भी प्रतिबंध

सागर में अवैध पटाखों पर प्रशासन सख्त, काबाईड गन पर प्रतिबंध; बंडा में ₹50 हजार के पटाखे जब्त

• कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर कार्रवाई, रहवासी मकानों में अवैध भंडारण और बिक्री का मामला



तीनबत्ती न्यूज: 22 अक्टूबर, 2026

सागर। दीपावली पर्व पर जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सागर जिला प्रशासन ने अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्रीमती प्रतिभा पाल ने अवैध ‘काबाईड गन’ के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय और उपयोग पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, बंडा तहसील में रहवासी मकानों में अवैध रूप से रखे करीब 50 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए हैं।

काबाईड गन के निर्माण और इस्तेमाल पर प्रतिबंध

दीपावली के दौरान नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रतिभा पाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। इसके अंतर्गत गैस लाइटर, प्लास्टिक पाइप और कैल्शियम कार्बाइड का इस्तेमाल कर बनाए जाने वाले अवैध काबाईड गन के निर्माण, भंडारण, खरीद-बिक्री, प्रदर्शन और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई है।

यह भी पढ़ें: सागर में पटाखा दुकानों का सघन निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश

प्रशासन के अनुसार, कैल्शियम कार्बाइड और पानी की प्रतिक्रिया से एसिटिलीन गैस उत्पन्न होती है, जो खतरनाक हो सकती है। इस तरह के उपकरणों से होने वाले धमाकों के कारण गंभीर चोट लगने और आंखों, मस्तिष्क तथा तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।

आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रतिबंध के पालन की जिम्मेदारी एसडीएम, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों को सौंपी गई है।



बंडा में रहवासी मकानों से 50 हजार के पटाखे जब्त

कलेक्टर के निर्देश और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) संजय जैन के मार्गदर्शन में बंडा तहसील में रहवासी क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई की गई। तहसीलदार मोहित जैन के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने दो आवासीय मकानों से लगभग 50 हजार रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए।

कार्रवाई के दौरान बंडा के वार्ड क्रमांक 7 निवासी विनीत साहू, पिता कृष्ण कुमार साहू तथा वार्ड क्रमांक 14 निवासी बिट्टू उर्फ अभिषेक साहू, पिता भोला साहू के मकानों में अवैध रूप से रखे पटाखे पाए गए। टीम ने पटाखों को जब्त कर लिया।

यह भी पढ़ें: सागर-बुंदेलखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने उठाईं प्रमुख मांगें • सागर-छतरपुर-खजुराहो नई रेल लाइन, नागपुर के लिए सीधी ट्रेन और वंदे भारत एवं अमृत भारत नेटवर्क से सागर को जोड़ने की मांग


जब्ती की कार्रवाई पूरी करने के बाद प्रकरण अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।

प्रशासनिक टीम रही मौजूद

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मोहित जैन, नायब तहसीलदार ज्योति वर्मा, संबंधित हल्का पटवारी प्रमोद जैन, ग्राम कोटवार और पुलिस बल मौजूद रहा।

प्रशासन की नागरिकों से अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि रहवासी क्षेत्रों में पटाखों और अन्य ज्वलनशील सामग्री का अवैध भंडारण न करें। ऐसी गतिविधियां जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें।

अवैध काबाईड गन के निर्माण, खरीद-बिक्री अथवा उपयोग की सूचना सागर पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 07582-267777 पर भी दी जा सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दीपावली के दौरान सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive