खुरई को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधा: 4.18 करोड़ रुपये के नेचुरल सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक को तकनीकी स्वीकृति
तीनबत्ती न्यूज|31 जुलाई 2026
सागर । सागर जिले के खुरई में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 4 करोड़ 18 लाख 33 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नेचुरल सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के निर्माण के लिए तकनीकी स्वीकृति जारी कर दी है। यह परियोजना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 10 जनवरी को खुरई की आमसभा में की गई घोषणा के अनुरूप आगे बढ़ाई जा रही है।
लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, परियोजना के लिए 358.49 लाख रुपये के सिविल कार्य तथा 59.84 लाख रुपये के विद्युतीकरण कार्य को तकनीकी मंजूरी प्रदान की गई है। दोनों कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इसके पूर्ण होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
यह अत्याधुनिक एथलेटिक्स ट्रैक खुरई के गूलर रोड स्थित 2.50 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किए जा रहे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बनाया जाएगा। यह परियोजना पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह के प्रयासों का परिणाम है।
सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण ब्लैक रबर ग्रेन्यूल्स, ईपीडीएम और पॉलीयुरेथेन/लेटेक्स ग्लू जैसी आधुनिक सामग्रियों से किया जाएगा। इस प्रकार का ट्रैक हर मौसम में उपयोग योग्य होता है, खिलाड़ियों को बेहतर शॉक एब्जॉर्प्शन प्रदान करता है, जिससे चोट लगने की संभावना कम होती है। साथ ही इसका रखरखाव आसान और टिकाऊपन अधिक होता है, जिससे लंबे समय में लागत की भी बचत होती है।
पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य खुरई के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य में खुरई में बड़े खेल आयोजनों के होने से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी और युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।






