भीषण गर्मी में फव्वारे फव्वारे चालू :3R सेंटर के बेहतर संचालन के निर्देश ,स्वच्छता में लापरवाही पर दरोगा को नोटिस
▪️निगमायुक्त ने कहा—सागर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाना लक्ष्य
तीनबत्ती न्यूज: 20 मई 2026
सागर: शहर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी के बीच नागरिकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने शहर के विभिन्न फव्वारे चालू कर दिए हैं। निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी श्री राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार पहले से ही प्रमुख चौराहों पर विशाल मशीनों के माध्यम से पानी की फुहारें छोड़कर वातावरण में ठंडक बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा था। बुधवार को निगमायुक्त ने कटरा बाजार डिवाइडर एवं जय स्तंभ के समीप लगे फव्वारों का संचालन शुरू कराया और नगर निगम द्वारा संचालित सभी फव्वारों को व्यवस्थित रूप से चालू रखने के निर्देश दिए।
---------------
वीडियो देखने क्लिक करे
सागर में भीषण गर्मी राहत पहुंचाने फव्वारे चालू कराए नगरनिगम ने
--------------
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त श्री खत्री ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान फव्वारों के आसपास का तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है, जिससे राहगीरों को राहत मिलती है। उन्होंने फव्वारों के टैंकों की नियमित सफाई, स्वच्छ पानी की उपलब्धता और सतत संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि फव्वारे धूल के कणों को कम करने और वायु गुणवत्ता सुधारने में भी सहायक होते हैं।
इसी क्रम में निगमायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए इंद्रानेत्र चिकित्सालय, सुभाषनगर ब्रिज के समीप स्थित 3R सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां एकत्रित पुरानी वस्तुओं की जानकारी ली और उनके पुनः उपयोग की प्रक्रिया को समझा। 3R सेंटर संचालकों ने बताया कि स्थानीय नागरिकों द्वारा दान की गई पुरानी कॉपियां, किताबें, कपड़े, बर्तन, खिलौने और अन्य उपयोगी सामग्री जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जाती है। इससे वस्तुएं कचरा बनने से बचती हैं और रिड्यूस, रीयूज और रीसायकल की अवधारणा को बढ़ावा मिलता है।
निगमायुक्त ने कहा कि “नेकी की दीवार”, “नेकी का पेड़” और 3R सेंटर जैसे प्रकल्प न केवल कचरा कम करने में मददगार हैं, बल्कि जरूरतमंदों की आवश्यकताओं की पूर्ति का भी प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि घरों में अनुपयोगी पड़ी सामग्री को कचरे में फेंकने के बजाय ऐसे केंद्रों तक पहुंचाएं, जिससे किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियां लाई जा सकें।
इसके बाद निगमायुक्त ने शहर में विभिन्न स्थानों पर कबाड़ से जुगाड़ कर तैयार की गई कलाकृतियों और पेंटिंग्स का निरीक्षण किया। राहतगढ़ ब्रिज के समीप स्थापित कबाड़ से बनी तोप, टायरों से निर्मित जिराफ और चाय केतली जैसे सेल्फी पॉइंट्स का अवलोकन कर उन्होंने स्वयं भी सेल्फी ली। साथ ही अप्सरा अंडरब्रिज, अंबेडकर चौक, राधा तिराहा, शीतला माता मंदिर क्षेत्र और संजय ड्राइव रोड सहित कई स्थानों की स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
भगतसिंह वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर निगमायुक्त ने संबंधित दरोगा प्रकाश ताम्रकार को कारण बताओ नोटिस जारी करने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण देशव्यापी महत्वपूर्ण प्रतिस्पर्धा है, जिसका सीधा प्रभाव शहर और नागरिकों की छवि पर पड़ता है। ऐसे में नगर निगम कर्मचारी और नागरिक दोनों को स्वच्छता के प्रति सजग रहना होगा।
उन्होंने सागरवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर सहभागिता निभाएं और “सागर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने” के संकल्प को सफल करें।
---------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________











0 comments:
एक टिप्पणी भेजें