BSNL @26: स्वदेशी 4जी नेटवर्क के साथ नए युग में प्रवेश, स्वतंत्रता दिवस पर ग्राहकों के लिए कई ऑफर : एक रुपए में प्री पेड सिम
• ग्लोबल सैटेलाइट फोन सेवा सागर में भी शुरू होगी 15 अगस्त से
तीनबत्ती न्यूज: 14 अगस्त ,2026
सागर। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) अपने 26वें स्थापना वर्ष के अवसर पर स्वदेशी 4जी नेटवर्क के विस्तार के साथ दूरसंचार के नए युग में प्रवेश कर रहा है। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बीएसएनएल सागर ने अपने उपभोक्ताओं के लिए विभिन्न प्लान, ऑफर और नई सेवाओं की जानकारी दी। इनकी जानकारी BSNL के प्रधान महाप्रबंधक मार्केटिंग आर.के. श्रीवास्तव ने मीडिया से चर्चा में दी। उन्होंने बताया कि अब उपभोक्ताओं को सेटेलाइट फोन सुविधा भी 15 अगस्त से शुरू की जा रही है। यह बड़ा कदम है। इस मौके आर सी साहू और श्री कांजली सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे
एक रुपए में सिम
प्रधान महाप्रबंधक श्री श्रीवास्तव ने बताया कि बीएसएनएल की ओर से उपभोक्ताओं के लिए ‘रुपये 1–फ्रीडम 2.0 ऑफर’ पेश किया गया है। प्रमोशनल स्कीम के तहत जीएसएम प्रीपेड मोबाइल सेवा मात्र 1 रुपये में उपलब्ध होगी। यह ऑफर 12 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक लागू रहेगा। इसके तहत 24 दिनों की वैधता के साथ अनलिमिटेड कॉलिंग, प्रतिदिन 1 जीबी डेटा और प्रतिदिन 100 एसएमएस का लाभ मिलेगा।
बीएसएनएल फ्री एंटरटेनमेंट टीवी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीएसएनएल मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए सेल्फ केयर ऐप पर मुफ्त एंटरटेनमेंट टीवी सेवा भी शुरू की गई है। इसके माध्यम से उपभोक्ता लाइव टीवी चैनल, फिल्में, वेब सीरीज, म्यूजिक कंटेंट सर्विस और धार्मिक कंटेंट सहित विभिन्न श्रेणियों के कंटेंट देख सकेंगे।
2399 रुपये के रिचार्ज पर अतिरिक्त 47 दिन की वैधता
उन्होंने बताया कि बीएसएनएल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए विशेष ऑफर की भी घोषणा की है। 2399 रुपये के रिचार्ज पर ग्राहकों को अतिरिक्त 47 दिनों की वैधता मिलेगी। इससे कुल वैधता 412 दिन हो जाएगी। यह ऑफर 12 अगस्त से 12 सितंबर 2026 तक लागू रहेगा।
1111 रुपये का एफटीटीएच प्लान
बीएसएनएल ने 1111 रुपये का एफटीटीएच प्लान भी बताया, जिसमें ग्राहकों को 200 एमबीपीएस की हाई-स्पीड पर 5000 जीबी तक डेटा उपलब्ध होगा। एक ही कनेक्शन में 27 ओटीटी प्लेटफॉर्म, 5000 जीबी डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग तथा डुअल-बैंड वाई-फाई ओएनटी की सुविधा उपलब्ध है।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 259 रुपये का प्लान
ग्रामीण ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए 259 रुपये का रूरल एंट्री प्लान भी उपलब्ध है। इसके तहत भारतनेट उद्यमी ग्राहकों को प्रतिमाह 700 जीबी तक डेटा, 25 एमबीपीएस की गति से ब्रॉडबैंड सेवा प्रदान की जाएगी।
कठिन परिस्थितियों के लिए ग्लोबल सैटेलाइट फोन सेवा
बीएसएनएल ने अपनी ग्लोबल सैटेलाइट फोन सर्विस और विशेष रूप से कठिन परिस्थितियों में उपयोग किए जा सकने वाले सैटेलाइट हैंडसेट को व्यावसायिक रूप से लॉन्च किया है। यह सेवा इनमारसैट सैटेलाइट नेटवर्क के माध्यम से काम करती है और स्पेस-टू-ग्राउंड डेटा गेटवे बनाती है। इसके जरिए स्थानीय मोबाइल टावरों का इस्तेमाल किए बिना सीधे कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा सकती है। इससे कही भी फोन सेवा का उपयोग किया जा सकता है। इसके लिए करीब एक लाख 12 हजार रुपए का खर्चा है। इसमें उपभोक्ता का पुलिस वेरिफिकेशन से लेकर अन्य दस्तावेजों के आधार पर यह सुविधा मिलेगी।
पर्यावरण एवं कठिन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हैंडसेट को हेवी-ड्यूटी फिजिकल चेसिस के साथ तैयार किया गया है। इसमें IP65 वाटर/डस्ट रेजिस्टेंस और IK04 स्ट्रक्चरल इम्पैक्ट प्रोटेक्शन जैसी सुविधाएं दी गई हैं।
सागर बिजनेस एरिया में 4जी नेटवर्क की स्थिति
श्रीवास्तव ने बताया कि सागर बिजनेस एरिया में बीएसएनएल के 98 4जी ‘सैचुरेशन साइट’ कार्यरत हैं। इनमें सागर में 33, छतरपुर में 31, दमोह में 11, नरसिंहपुर में 6 और विदिशा में 17 साइट शामिल हैं।
इसके अलावा 4जी में कुल 859 बीटीएस, 3जी में 181 तथा 2जी में 395 बीटीएस कार्यरत हैं। वहीं 4जी बीटीएस (प्लान) की संख्या 396 बताई गई।
बीएसएनएल अधिकारियों के अनुसार, स्वदेशी 4जी नेटवर्क के विस्तार और नई डिजिटल सेवाओं के जरिए कंपनी का लक्ष्य देशभर में किफायती, भरोसेमंद और व्यापक दूरसंचार सेवाएं उपलब्ध कराना है।
फाल्ट सुधारने में आगे
उन्होंने बताया कि फोन सुविधाएं बाधित नही हो।इसके लिए लगातार मानीटरिंग और सुधार कार्य किए जा रहे है। अब करीब 24 घंटे में सुविधा बहाल की जा रही है। पूरे प्रदेश में सागर दूसरे स्थान पर है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें