सीसीटीवी कंट्रोल रूम की तत्परता से ऑटो में छूटा यात्री का बैग बरामद, ₹5 हजार नगद और चाबियां सुरक्षित
तीनबत्ती न्यूज , 29 अगस्त 2026
सागर। सागर पुलिस के सीसीटीवी कंट्रोल रूम की तत्परता और तकनीकी दक्षता से ऑटो में छूटा एक यात्री का बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया। बैग में ₹5,000 नगद, कपड़े और घर की महत्वपूर्ण चाबियां रखी हुई थीं। अपना सामान वापस मिलने पर यात्री ने सागर पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार सुरेश पटेल निवासी पथरिया जाट, खुरई बस से सागर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन से उन्होंने ऑटो लेकर सिविल लाइन तक सफर किया। सिविल लाइन पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में नगदी के साथ घर की चाबियां होने के कारण वे काफी परेशान हो गए।
सुरेश पटेल सहायता के लिए थाना सिविल लाइन पहुंचे, जहां से उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम सागर भेजा गया। कंट्रोल रूम में उन्होंने प्रभारी कंट्रोल रूम आर.के.एस. चौहान को पूरी घटना की जानकारी दी और बैग तलाशने में मदद मांगी।
मामले की जानकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर जयवीर सिंह भदौरिया को दी गई। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैग की तलाश कर उसे सुरक्षित वापस दिलाने के निर्देश प्रभारी कंट्रोल रूम को दिए।
निर्देश मिलते ही प्रभारी कंट्रोल रूम ने सीसीटीवी ऑपरेटर त्रिलोक सिंह परिहार एवं रेखा रजक को ऑटो की पहचान कर बैग तलाशने के लिए लगाया। टीम ने सागर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगालना शुरू किया।
करीब दो घंटे की लगातार मेहनत के बाद टीम ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए संबंधित ऑटो की पहचान कर ली। हालांकि शुरुआत में ऑटो का नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। इसके बाद टीम ने ऑटो के पूर्व मार्ग के कैमरों की रिकॉर्डिंग को पीछे की दिशा में खंगाला और बारीकी से फुटेज का विश्लेषण किया।
लगातार प्रयास के बाद ऑटो का रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त कर लिया गया। नंबर के आधार पर वाहन संबंधी जानकारी जुटाकर ऑटो मालिक का मोबाइल नंबर हासिल किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल ऑटो मालिक से संपर्क किया और उसे कंट्रोल रूम बुलाया।
ऑटो की जांच करने पर यात्री का बैग पीछे रखा हुआ सुरक्षित मिल गया। बैग में रखे ₹5,000 नगद, कपड़े और घर की चाबियां भी सुरक्षित थीं।
सामान वापस मिलने पर सुरेश पटेल ने राहत की सांस ली। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, प्रभारी कंट्रोल रूम आर.के.एस. चौहान तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम की पूरी टीम का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
तकनीक के जरिए नागरिकों की मदद में सागर पुलिस
सागर पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के साथ-साथ आम नागरिकों की सहायता के लिए भी तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए ऑटो की पहचान की और यात्री का महत्वपूर्ण सामान सुरक्षित वापस दिलाया। यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता का उदाहरण है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें