गोपालगंज में 40 लाख से बने मंगल भवन का विधायक शैलेंद्र जैन ने किया निरीक्षण
• बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाने और अतिरिक्त छोटा गेट लगाने के दिए निर्देश
तीनबत्ती न्यूज: 18 सितम्बर, 2026
सागर। नगर के गोपालगंज वार्ड में मुख्यमंत्री की विशेष निधि से लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंगल भवन का विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विधायक जैन ने निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया और बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाने तथा एक अतिरिक्त छोटा गेट लगाने के निर्देश दिए।
विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि मंगल भवन बनने से क्षेत्र के नागरिकों को शादी-विवाह, मांगलिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। इसके साथ ही यहां सांस्कृतिक एवं अन्य सामुदायिक गतिविधियां भी आयोजित की जा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि सागर शहर के ऐसे सभी वार्डों में, जहां पर्याप्त शासकीय भूमि उपलब्ध है, मंगल भवनों के निर्माण को प्राथमिकता दी गई है। ये भवन स्थानीय नागरिकों के लिए सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र बन रहे हैं। कई मंगल भवनों में लाइब्रेरी एवं पुस्तकालय भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के बच्चों को अध्ययन की सुविधा मिल रही है।
विधायक ने कहा कि जनसुविधाओं के विस्तार के साथ प्रयास है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य रूपेश यादव, एल्डरमैन महेश जैन, अकलंक जैन, गोविंद प्रजापति, गिरधारी लाल चौधरी, महेश चौधरी, पी.सी. चौधरी, सुनील कुमार, होती लाल लारिया, गुड्डू चौधरी, अशोक चौधरी सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें