Editor: Vinod Arya | 94244 37885

Sagar News: मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण: चार दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए

Sagar News: मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण: चार दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए



तीनबत्ती न्यूज:14 सितंबर 2026

सागर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले की केसली तहसील में औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दवाओं की गुणवत्ता और बिक्री संबंधी नियमों की जांच की। कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक द्वारा की गई।

निरीक्षण के दौरान इंडियन मेडिकल स्टोर, केसली की जांच की गई। यहां से औषधियों के चार नमूने लिए गए हैं, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए औषधि प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। साथ ही मेडिकल स्टोर संचालक को अन्य औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।


इसके अलावा वरुण मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। संचालक को औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित बिल एवं अभिलेख तीन दिवस के भीतर कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।


इसी क्रम में अंजनी मेडिकल स्टोर एवं महावीर मेडिकल स्टोर का भी निरीक्षण किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया है।


बिना वैध पर्चे के एनआरएक्स दवाओं की बिक्री पर रोक


निरीक्षण के दौरान औषधि विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि एनआरएक्स श्रेणी की दवाओं का क्रय-विक्रय चिकित्सक के वैध पर्चे के बिना नहीं किया जाए। एक्सपायरी दवाओं को बिक्री के लिए काउंटर पर नहीं रखने की भी हिदायत दी गई। इसके साथ ही चार वर्ष से कम आयु के बच्चों को कफ सिरप चिकित्सकीय परामर्श के बिना नहीं बेचने के निर्देश दिए गए।


विभाग के अनुसार निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई प्रचलित नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जा रही है। निरीक्षण के दौरान प्राप्त अभिलेखों और कार्रवाई के आधार पर प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई का प्रतिवेदन वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजा जा रहा है।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive