सागर में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर: NH-44 किनारे 20 से ज्यादा ढाबे-होटल जमींदोज, बंडा शराब कांड के आरोपी की 4.79 हेक्टेयर जमीन भी मुक्त
• आरोपी मनीष लोधी के ठिकानों पर छापा: 10 लाख की अवैध शराब जब्त
तीनबत्ती न्यूज: 11 सितम्बर, 2026
सागर। सागर जिले में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने अब बुलडोजर वाला एक्शन तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश और कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के सख्त रुख के बाद शासकीय जमीनों पर कब्जा जमाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
NH-44 पर बांदरी से मालथौन टोल तक प्रशासन ने 20 से ज्यादा अवैध ढाबे, होटल, रेस्टोरेंट और टपरों को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये कीमत की बेशकीमती शासकीय जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
हाईवे किनारे कब्जे पर चला बुलडोजर
प्रशासन ने पहले सीमांकन और मैपिंग कर शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माणों को चिन्हित किया था। इसके बाद राजस्व, नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी और बुलडोजर के साथ कार्रवाई शुरू की।
बांदरी और ग्राम पलेथनी क्षेत्र में सौरभ होटल/ढाबा, न्यू बुंदेला ढाबा, बुंदेला ढाबा, ओम साईं राम रेस्टोरेंट, राधा कृष्ण ढाबा और हरियाणा होटल सहित कई निर्माण कार्रवाई की जद में आए।इसके अलावा हाईवे किनारे बने दर्जनों टपरे, शेड और अवैध व्यावसायिक काउंटर भी हटा दिए गए।
निजी जमीन की आड़ में सरकारी जमीन पर कब्जा!
प्रशासन के मुताबिक कुछ मामलों में निजी भूमि की आड़ में हाईवे से लगी शासकीय जमीन पर अवैध विस्तार किया गया था। सीमांकन के बाद सामने आए अतिक्रमण को मौके पर ही हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा रहा। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी और बुलडोजर लगातार चलते रहे।
बंडा शराब कांड के आरोपी की जमीन भी हुई कब्जा मुक्त
अतिक्रमण विरोधी अभियान के साथ ही शाहगढ़ के ग्राम सिमरिया उवरी में बंडा जहरीली शराब मामले के आरोपी चंद्रभान राजपूत के कब्जे से 4.79 हेक्टेयर शासकीय भूमि मुक्त कराई गई।
जांच में सामने आया कि ग्राम चौकीदार की शासकीय सेवा भूमि पर आरोपी द्वारा अवैध रूप से खेती की जा रही थी। इसमें 4.56 हेक्टेयर और 0.23 हेक्टेयर, कुल 4.79 हेक्टेयर जमीन शामिल थी।
राजस्व और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटाया और जमीन पर बोई गई फसल को नष्ट कर भूमि को शासकीय आधिपत्य में ले लिया।
बंडा जहरीली शराब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की संपत्तियों और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन के अनुसार जहां भी अवैध कब्जा या सरकारी जमीन के दुरुपयोग की पुष्टि होगी, वहां इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त टीम ने संभाला मोर्चा
NH-44 की कार्रवाई में एसडीएम सतीश वर्मा, नगर परिषद बांदरी के सीएमओ संजय समुंद्रे, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, नगर परिषद अमला तथा बांदरी और मालथौन थाने का पुलिस बल मौजूद रहा।वहीं सिमरिया उवरी में कार्रवाई बंडा एवं शाहगढ़ प्रभारी एसडीएम संजय जैन के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस टीम ने की।
10 लाख से ज्यादा की मदिरा जब्त, जारी रहेगी कार्रवाई
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने बंडा और बाछलोन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 10.3 लाख रुपये मूल्य की मदिरा बरामद की है।
पहली कार्रवाई 10 सितंबर की देर रात बंडा क्षेत्र के ग्राम हीरापुर (थाना शाहगढ़) में की गई। मुखबिर की सूचना पर आबकारी अमले ने फरार आरोपी मनीष लोधी द्वारा शराब के बड़े ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान विभिन्न विदेशी मदिरा ब्रांड की 261 बल्क लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2.8 लाख है। आरोपी के खिलाफ म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क, 34(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरी कार्रवाई 11 सितंबर को वृत्त आंतरिक क्षेत्र के ग्राम बाछलोन में की गई। यहाँ एक खाली मकान की तलाशी लेने पर 96 पेटी विदेशी मदिरा, बीयर और देशी मदिरा (कुल 164 बल्क लीटर) जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग ₹7.5 लाख आंकी गई है। इस मामले में भी आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें