सागर के बंडा में जहरीली शराब का कहर: मौतों का आंकड़ा 11 तक पहुंचा, दो दर्जन से ज्यादा अस्पताल में भर्ती; 6 शराब दुकानें सील
•सीएम डॉ मोहन यादव ने जांच के दिए निर्देश
तीनबत्ती न्यूज: 06 सितम्बर, 2026
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा अनुविभाग में कथित जहरीली और अवैध शराब पीने से मौतों का सिलसिला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। नौराज और गूगरा खुर्द समेत आसपास के गांवों में शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ी है। विभिन्न जानकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या 9 से बढ़कर 11 तक पहुंच गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। यह आंकड़ा बढ़ सकता है।
उधर सीएम डॉ मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शराब पीने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात अलग-अलग गांवों के लोगों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण सामने आने की जानकारी है। गंभीर हालत में मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। घटना के बाद प्रभावित गांवों में दहशत का माहौल है। प्रशासन द्वारा शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य जांच कराई जा रही है।
कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी अनुराग सुजानिया, विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी सहित वरिष्ठ अधिकारी नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और अस्पतालों में भर्ती मरीजों के उपचार एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
6 शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश
प्रथम दृष्टया एहतियातन कार्रवाई करते हुए क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील कर दिया गया है। इन दुकानों से शराब के सैंपल लिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि संदिग्ध शराब कहां से आई और इसे किन लोगों ने सप्लाई किया।
पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े संभावित आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
लोगों से प्रशासन की अपील
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने पिछले 24 से 48 घंटे में शराब का सेवन किया है और उसे उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य असामान्य लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो वह लापरवाही न बरते और तत्काल स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच कराए। प्रशासन ने कहा है कि लोग स्थानीय डॉक्टरों की टीम से संपर्क कर सकते हैं अथवा सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच करा सकते हैं।
मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
घटना में कई लोगों के गंभीर रूप से बीमार होने के कारण प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ गई है। मौतों का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम, मेडिकल जांच और शराब के सैंपलों की फोरेंसिक जांच के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।सागर के बंडा में जहरीली शराब की इस घटना ने एक बार फिर अवैध शराब के कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन की कार्रवाई और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौतों के पीछे वास्तव में जहरीली शराब थी या कोई अन्य कारण।
जहरीली शराब से मौतें: सागर जिले के लिए बेहद दर्दनाक और शर्मनाक घटना : पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता हर्ष यादव
🔴 पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए।
🔴 जहरीली शराब के निर्माण और सप्लाई से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए।
🔴 अवैध शराब के कारोबार को संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी जांच हो।
🔴 मृतकों के परिजनों को पर्याप्त आर्थिक सहायता एवं हर संभव सरकारी मदद उपलब्ध कराई जाए।
🔴 जिलेभर में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर जड़ से कार्रवाई की जाए। आखिर कब तक अवैध शराब माफिया की कमाई के लिए गरीब परिवारों के घरों के चिराग बुझते रहेंगे?
सरकार और प्रशासन को अब केवल बयान और आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर कठोर और दिखाई देने वाली कार्रवाई करनी होगी।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें