बंडा शराब हादसे पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया, MP सरकार पर साधा निशाना
• सागर कांग्रेस ने बनाई आंदोलन की रणनीति, 9 सितम्बर को ज्ञापन
तीनबत्ती न्यूज, 8 सितंबर 2026
सागर। सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मध्यप्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि “भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार वाले राज्य मध्यप्रदेश में शासन नाम की कोई चीज बची ही नहीं है।” उन्होंने कहा कि जहरीली शराब ने सागर में कई लोगों की जान ले ली और प्रभावित परिवारों में मातम पसरा है।
उन्होंने पोस्ट में कहा कि ऐसे हादसों के बाद कुछ गिरफ्तारियां, कुछ अधिकारियों का निलंबन और जांच के आदेश होते हैं, लेकिन सवाल यह है कि हादसों की रोकथाम के लिए पहले से प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जाते।
राहुल गांधी ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौतों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि “दवा जहरीली, शराब जहरीली, पानी जहरीला” होने की स्थिति में केवल नए कानून बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन जरूरी है।
उन्होंने मध्यप्रदेश में लंबे समय से भाजपा की सरकार होने का उल्लेख करते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। राहुल गांधी ने कहा कि सिर्फ छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए, बल्कि जांच में जिस किसी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आए, उसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।उन्होंने सागर शराब हादसे की निष्पक्ष जांच कर मौतों की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
बंडा शराब त्रासदी और ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर कांग्रेस की संयुक्त बैठक, आंदोलन और चुनावी रणनीति पर बनी सहमति
जिला शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस की समन्वय समिति की संयुक्त बैठक मंगलवार को गौर मूर्ति, तीनबत्ती स्थित राजीव गांधी भवन में आयोजित हुई। बैठक में लाजपतपुरा वार्ड उपचुनाव, बंडा में अवैध शराब से हुई मौतों और आगामी 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और आगामी गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि शहर और ग्रामीण कांग्रेस एकजुट होकर मजबूती से कार्य करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के बीच पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन में बेहतर समन्वय ही जीत का आधार बनेगा।
जाटव ने बंडा में हुई शराब त्रासदी का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना में जिन निर्दोष लोगों की जान गई, उन्हें भुलाया नहीं जा सकता। कांग्रेस इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों और जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार द्वारा मौके पर पहुंचकर जनता के साथ खड़े होने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने आगामी 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।
अवैध शराब के खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने कहा कि जिले में अवैध शराब के कारण हुई मौतें प्रशासन और सरकार की गंभीर लापरवाही का परिणाम हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को जन-जन तक लेकर जाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में सागर जिले से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसकी तैयारियां तत्काल प्रभाव से शुरू की जाएंगी।
लाजपतपुरा उपचुनाव पर भी चर्चा
बैठक में लाजपतपुरा वार्ड उपचुनाव को लेकर भी चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने संगठन के सभी स्तरों के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर चुनावी तैयारियों को गति देने पर जोर दिया। बैठक में दोनों प्रमुख विषयों—अवैध शराब के खिलाफ आंदोलन और उपचुनाव की रणनीति—को लेकर संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक का संचालन संगठन महासचिव रामकुमार पचौरी ने किया, जबकि आभार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र राजे ने व्यक्त किया।
ये नेता रहे मौजूद
बैठक में पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव, प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी, पूर्व सांसद डॉ. आनंद अहिरवार, सुरेंद्र सुहाने, अमित रामजी दुबे, संगठन महासचिव रामकुमार पचौरी, नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह ‘बब्बू’ यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण लता सोनी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू, डॉ. संदीप सबलोक, रमाकांत यादव, पुरुषोत्तम ‘मुन्ना’ चौबे, उपाध्यक्ष आनंद हेला, स्थायी मंत्री दीनदयाल तिवारी, पूर्व कार्यवाहक सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे सहित समन्वय समिति के सदस्य एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बंडा जहरीली शराब कांड: मौतों का सही आंकड़ा छिपाने का आरोप, कांग्रेस ने उठाए सवाल
बंडा विधानसभा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सागर के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्रकारों से चर्चा में मोहासा ने कहा कि शासन-प्रशासन मौतों का वास्तविक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं कर रहा है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
उन्होंने मृतकों के विसरा की जांच भोपाल की स्वतंत्र फॉरेंसिक लैब से कराने, अवैध शराब के पूरे नेटवर्क और कथित राजनीतिक-प्रशासनिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच की मांग की। मोहासा ने कहा कि केवल छोटे आरोपियों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि लापरवाही या मिलीभगत सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों और अन्य लोगों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस ने प्रत्येक मृतक परिवार को कम से कम 50 लाख रुपये मुआवजा देने तथा दोषियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। जिला कांग्रेस ग्रामीण के संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी ने बताया कि 9 सितंबर को सभी ब्लॉक अध्यक्षों के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। यह जानकारी जिला कांग्रेस ग्रामीण के मीडिया प्रभारी अभिषेक गौर ने दी।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें