Editor: Vinod Arya | 94244 37885

दीवाली से पहले सागर पुलिस का एक्शन: शाहगढ़ और बीना में ₹6.51 लाख के अवैध पटाखे जब्त

दीवाली से पहले सागर पुलिस का एक्शन: शाहगढ़ और बीना में ₹6.51 लाख के अवैध पटाखे जब्त


तीनबत्ती न्यूज: 24 अक्टूबर, 2026

सागर। दीपावली सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ सागर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। शनिवार, 24 अक्टूबर को पुलिस ने शाहगढ़ और बीना में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब ₹6.51 लाख कीमत के पटाखे जब्त किए।

यह भी पढ़ें: सागर में आवासीय मकान से ₹9 लाख के अवैध पटाखे जब्त: पलंग के अंदर रखे थे कार्टून

शाहगढ़ में दो स्थानों पर कार्रवाई, ₹5 लाख के पटाखे जब्त

शाहगढ़ क्षेत्र में अपराध समीक्षा के लिए पहुंचे एसडीओपी बंडा डॉ. रोहित लखेरा को मुखबिर से अवैध पटाखों के भंडारण की सूचना मिली। सूचना की तस्दीक के बाद थाना शाहगढ़ पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई हनुमान टोरा स्थित गोदाम में की गई। यहां बिना वैध लाइसेंस के रखे 18 बॉक्स पटाखे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹2 लाख है। पुलिस ने पटाखे जब्त कर आरोपी रिजवान खान के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।



वहीं दूसरी कार्रवाई जमनेरा तिराहा पर की गई। यहां आरोपी पवन पिता दीपक ताम्रकार के कब्जे से पटाखों के 15 बोरे बरामद हुए। इनकी मात्रा करीब 500 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत ₹3 लाख बताई गई है।

शाहगढ़ में दोनों कार्रवाई में कुल 18 बॉक्स और 15 बोरे पटाखे, करीब ₹5 लाख कीमत के जब्त किए गए।

बीना के गांधी वार्ड में ₹1.51 लाख के पटाखे जब्त

इधर, थाना बीना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांधी वार्ड स्थित जीएनटी स्कूल के पास कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है।

तलाशी के दौरान कपूरचंद पिता लम्पू अहीरवार, उम्र 65 वर्ष, निवासी गांधी वार्ड, के मकान के बाहर और कमरे के आसपास रखे विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार जब्त आतिशबाजी में अनारदाने, चकरी, फुलझड़ी, बम सहित अन्य पटाखे शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत ₹1,51,900 है। मामले में कपूरचंद के विरुद्ध संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

तीन स्थानों पर कार्रवाई, ₹6.51 लाख की आतिशबाजी जब्त

सागर पुलिस की शाहगढ़ और बीना में की गई कार्रवाई में कुल मिलाकर करीब ₹6 लाख 51 हजार 900 रुपये कीमत के अवैध पटाखे जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आतिशबाजी का अवैध एवं असुरक्षित भंडारण आगजनी और गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। इसी को देखते हुए त्योहारों के दौरान ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

शाहगढ़ की कार्रवाई एसडीओपी बंडा डॉ. रोहित लखेरा के नेतृत्व में थाना शाहगढ़ पुलिस द्वारा की गई। वहीं बीना में कार्रवाई थाना प्रभारी अनूप यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक निशांत भगत एवं पुलिस टीम ने की।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive