सागर में 13 से 18 नवंबर तक होगा पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी आयोजन
• 150 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमें लेंगी हिस्सा: करीब 2000 खिलाड़ी और खेल अधिकारी पहुंचेंगे सागर
तीनबत्ती न्यूज: 11 सितम्बर, 2026
सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर को भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU), नई दिल्ली की पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 के आयोजन की जिम्मेदारी मिली है। प्रतियोगिता का आयोजन 13 से 18 नवंबर 2026 तक विश्वविद्यालय से संबद्ध बी.टी.आई.आर.टी. महाविद्यालय के सिरोंजा स्थित परिसर में किया जाएगा।
प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा को लेकर विश्वविद्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें कुलपति प्रो. वाय.एस. ठाकुर, शारीरिक शिक्षा निदेशक डॉ. विवेक साठे, बी.टी.ई. समूह के मार्गदर्शक प्रो. सुबोध जैन, डीसीडीसी प्रो. नेत्रपाल सिंह, बी.टी.आई.आर.टी. के निदेशक डॉ. सत्येन्द्र जैन, बी.टी.आई.ई. के निदेशक डॉ. संदीप जैन, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. राजू टंडन एवं विश्वविद्यालय जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल मौजूद रहे।
देशज खेलों को बढ़ावा देना जरूरी : कुलपति
मीडिया को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. वाय.एस. ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय में लगातार अंतर विश्वविद्यालयी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले हैंडबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता आयोजित की गई थी और हाल ही में युवा महोत्सव का भी आयोजन हुआ।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष भारतीय विश्वविद्यालय संघ, नई दिल्ली ने विश्वविद्यालय को कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी है। शारीरिक शिक्षा विभाग के माध्यम से यह आयोजन बी.टी.आई.आर.टी. महाविद्यालय के सिरोंजा परिसर में किया जाएगा। कुलपति ने कहा कि खेल से मन और तन दोनों स्वस्थ रहते हैं। युवाओं में खेल भावना को प्रोत्साहित करना और देशज खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इसी अंचल से क्रांति गौड़ जैसी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परिचय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दे रही हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।
पांच राज्यों के 150 से अधिक विश्वविद्यालयों की भागीदारी
शारीरिक शिक्षा निदेशक डॉ. विवेक साठे ने बताया कि पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान और गोवा राज्यों के लगभग 150 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमें भाग लेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों से करीब 2000 खिलाड़ी एवं खेल अधिकारी सागर पहुंचेंगे। इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों के आगमन से सागर की खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों में कबड्डी के प्रति उत्साह बढ़ेगा।
नॉकआउट और लीग पद्धति से होगी प्रतियोगिता
डॉ. साठे ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन अखिल भारतीय विश्वविद्यालय संघ के निर्धारित खेल नियमों के अनुसार नॉकआउट एवं लीग पद्धति से किया जाएगा। प्रतिभागी टीमों को चार पूल—A, B, C और D में विभाजित किया जाएगा।
प्रत्येक पूल में विभिन्न चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमें अगले दौर में प्रवेश करेंगी। प्रतियोगिता के मैचों का निर्णय कबड्डी के आधिकारिक खेल संघ एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्णायकों द्वारा किया जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए व्यापक सुविधाओं की तैयारी
बी.टी.आई.आर.टी. महाविद्यालय के निदेशक डॉ. सत्येन्द्र जैन ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन वृहद स्तर पर किया जाएगा। विश्वविद्यालय के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों के लिए खेल, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन संस्थान के लिए गौरव का अवसर है। प्रतियोगिता से विद्यार्थियों और शहरवासियों में खेलों को लेकर नई ऊर्जा का संचार होगा।
विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा के अनुरूप होगा आयोजन
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. राजू टंडन ने प्रतियोगिता के प्रस्ताव और स्वीकृति की जानकारी देते हुए कहा कि महाविद्यालय विश्वविद्यालय से संबद्ध होने के नाते विश्वविद्यालय की एक इकाई की तरह कार्य करता है। विश्वविद्यालय के निर्देशन और मार्गदर्शन में इतनी बड़ी प्रतियोगिता आयोजित करने का अवसर मिलना गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और गरिमा के अनुरूप प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पूरी तैयारी करेगा।
प्रेस वार्ता का संचालन विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल ने किया। आभार डॉ. राजू टंडन ने व्यक्त किया। इस अवसर पर सागर शहर के विभिन्न मीडिया समूहों के पत्रकारों के अलावा विश्वविद्यालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी प्रो. राजेन्द्र यादव, डॉ. राकेश सोनी, डॉ. संजय शर्मा, डॉ. सुमन पटेल और महेंद्र बाथम सहित अन्य उपस्थित रहे।






