Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Rahatgarh News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Rahatgarh News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

राहतगढ़ पहुंची सेवा संकल्प यात्रा, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया स्वागत

राहतगढ़ पहुंची सेवा संकल्प यात्रा : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया आत्मीय स्वागत

• सेवा, सुशासन और समरसता के संकल्प से बनेगा विकसित भारत : गोविंद सिंह राजपूत


तीनबत्ती न्यूज: 26 सितंबर 2026

सागर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात से वाराणसी तक निकली सेवा संकल्प यात्रा शुक्रवार को सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ पहुंची। गुजरात से करीब 50 युवाओं की टीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली गुजरात से उनकी कर्मस्थली वाराणसी तक सेवा और जनकल्याण का संदेश लेकर यात्रा कर रही है।

राहतगढ़ पहुंचने पर खाद्य मंत्री एवं सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने यात्रा में शामिल युवाओं का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर गुजरात से आए राज्यसभा सांसद मुकेश जी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, यात्रा प्रभारी यश अग्रवाल, सुखदेव मिश्रा, वीरेंद्र पाठक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


सेवा और जनभागीदारी का संदेश

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, समरसता, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। गुजरात से वाराणसी तक युवाओं का सेवा का संदेश लेकर निकलना नई पीढ़ी की देश के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में सेवा और सुशासन की कार्यसंस्कृति को आगे बढ़ाया है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

गरीब, किसान, महिला और युवाओं के लिए योजनाओं का उल्लेख

राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के माध्यम से लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने, जल जीवन मिशन से घर-घर नल से जल पहुंचाने और स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का प्रयास किया गया है।



समरसता कलश में विभिन्न नदियों का जल


मंत्री ने यात्रा में शामिल समरसता कलश का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न नदियों का जल एक कलश में एकत्रित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्थानों से आने वाली नदियां मिलकर अपना प्रवाह और शक्ति बढ़ाती हैं। इसी प्रकार समाज को भी जाति, क्षेत्र और भेदभाव की दीवारों से ऊपर उठकर एक साथ आगे बढ़ना होगा।

2047 के विकसित भारत में युवाओं की भूमिका

गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं को रोजगार, नवाचार और तकनीक के साथ सामाजिक सेवा तथा राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।



उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं से स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, महिला सम्मान, डिजिटल जागरूकता और सामाजिक समरसता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।

गुजरात से आए राज्यसभा सांसद मुकेश जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है और देश को विश्व पटल पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है और गुजरात से वाराणसी तक की यह यात्रा इसी भावना को आगे बढ़ा रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक के सफर का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं को प्रधानसेवक कहते हैं और उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देश में अनेक परिवर्तन हुए हैं।



Share:

शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन से ही मजबूत होगी नई पीढ़ी: गोविंद सिंह राजपूत • जन्माष्टमी पर यादव समाज ने निकाली भव्य रैली, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों का हुआ सम्मान

शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन से ही मजबूत होगी नई पीढ़ी: गोविंद सिंह राजपूत

• जन्माष्टमी पर यादव समाज ने निकाली भव्य रैली, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों का हुआ सम्मान


तीनबत्ती न्यूज: 5 सितंबर 2026

सागर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राहतगढ़ में यादव समाज द्वारा भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से विशाल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। रैली के बाद आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यादव समाज के लोगों ने मंत्री राजपूत का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।


प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, लगन और शिक्षा सफलता का सबसे मजबूत आधार हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने से उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है। यादव समाज द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

मंत्री राजपूत ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यादव समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म, कर्तव्य, धर्म और लोककल्याण का संदेश पूरी दुनिया को दिया। समाज की नई पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।

समाज की विभूतियों का भी सम्मान

प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाज के लोगों को भी सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाली विभूतियों ने समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

रैली में दिखी यादव समाज की एकजुटता

जन्माष्टमी के अवसर पर राहतगढ़ में निकाली गई भव्य रैली में यादव समाज की एकजुटता और उत्साह देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हुए समाजजनों ने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव, पूर्व मंत्री हर्ष यादव, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रामकुमार यादव, जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, हृदय यादव, जिला उपाध्यक्ष बब्बू यादव, प्रमोद यादव पथरिया, अनिरुद्ध यादव, पूर्व सरपंच सुनील यादव, पढ़ा वीरसिंह यादव, ब्रजेश यादव, राजकुमार यादव, मनोहर यादव, रामबाबू यादव, अजीत यादव, मुंशीलाल यादव, राजेंद्र यादव, देवेंद्र यादव, लल्लूभाई यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।स्थानीय जनप्रतिनिधियों में टिंकू राजा, प्रियंक तिवारी, दीपक जैन, सुरेंद्र रघुवंशी, अनिल श्रीवास्तव, जाहिर, विनोद ओसवाल, कुरैशी, लालमिया, सलीम रंगरेज, चंद्रेश टीला, विशाल खटीक, वसीम खान, अनुराग पाठक सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने यादव समाज को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज की असली ताकत उसकी युवा पीढ़ी है और जब युवा शिक्षा एवं संस्कार से जुड़ते हैं तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होते हैं।


Share:

सागर: दुष्कर्म और अश्लील फोटो से ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को 10 साल की सजा

दुकान पर आने-जाने के दौरान महिला से दुष्कर्म और अश्लील फोटो के जरिए ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को 10 साल की सजा


तीनबत्ती न्यूज:23 अगस्त 2026

सागर। जिला न्यायालय सागर के सप्तम अपर जिला न्यायाधीश श्री उत्तम कुमार डार्वी की अदालत ने दुष्कर्म के मामले में आरोपी अनिल रजक को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। सजा सुनाए जाने के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें : पिकनिक मनाने गये 9 युवक - युवतियां आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे : पुलिस और SDRF ने किया रेस्क्यू • पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे बचाव कार्य का लिया जायजा

अभियोजन की ओर से पैरवी करने वाले अपर लोक अभियोजक  दीपक पौराणिक ने बताया कि राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भानगढ़ निवासी पीड़िता वर्तमान में अपने पति और बच्चों के साथ भोपाल में रहती है। गांव में पीड़िता की किराने की दुकान थी, जहां आरोपी अनिल रजक राजश्री गुटखा सहित अन्य सामान खरीदने के बहाने आता था।


अभियोजन के अनुसार आरोपी ने किसी माध्यम से पीड़िता का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उसे फोन करना शुरू किया। पीड़िता द्वारा बात करने से मना करने के बावजूद आरोपी लगातार फोन करता रहा। बाद में दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोपी पीड़िता से मिलने का दबाव बनाता था।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 अगस्त 2026: इन राशियों पर रहेगी विशेष कृपा, जानें शुभ तारीख और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

पीड़िता के अनुसार एक दिन आरोपी राजश्री लेने के बहाने दुकान के अंदर आया और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। इसके बाद वह उसे घर के पीछे कमरे में ले गया, जहां कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। अभियोजन ने बताया कि बाद में आरोपी पीड़िता से बिना कपड़ों के फोटो मांगने लगा और उसके द्वारा भेजे गए फोटो का इस्तेमाल कर उसे धमकाने और ब्लैकमेल करने लगा।


पीड़िता के पति को मामले की जानकारी होने के बाद उसने आरोपी से बातचीत बंद कर दी। इसके बाद भी आरोपी कथित रूप से पीड़िता पर दबाव बनाता रहा और उसकी तस्वीरें वायरल कर बदनाम करने की धमकी देता रहा। पति के साथ पीड़िता 13 जनवरी 2023 को भोपाल चली गई, जिसके बाद उसने अयोध्यानगर थाना भोपाल में शिकायत दर्ज कराई।

------------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में बड़ा हादसा टला: आपचंद गुफा के पास नदी में फंसे 9 युवक-युवतियों का SDRF ने किया रेस्क्यू

------------

मामले में अयोध्यानगर थाना पुलिस ने प्रारंभिक रूप से धारा 376, 376(2)(n), 509 और 506 भारतीय दंड संहिता के तहत जीरो पर प्रकरण दर्ज किया। बाद में मामला राहतगढ़ थाना पुलिस को भेजा गया, जहां विवेचना के बाद आगे की कार्रवाई की गई।

अदालत में अभियोजन पक्ष ने कुल 14 गवाहों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट एवं चिकित्सक के बयान, पीड़िता और उसके परिजनों सहित पुलिस अधिकारियों के बयान प्रस्तुत किए। अभियोजन की ओर से 19 दस्तावेज प्रदर्शित कराए गए।

न्यायालय ने मामले में प्रस्तुत साक्ष्यों और अभियोजन पक्ष की दलीलों के आधार पर आरोपी अनिल रजक को दोषी ठहराते हुए धारा 376 एवं 376(2)(n) भारतीय दंड संहिता के तहत 10 वर्ष के सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई। शासन की ओर से मामले में पैरवी अपर लोक अभियोजक श्री दीपक पौराणिक ने की।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive