सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में जुटी सागर पुलिस, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया जा रहा विशेष प्रशिक्षण
तीनबत्ती न्यूज: 05 जून,2026
सागर। आगामी सिंहस्थ-2028 को लेकर सागर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जवाहरलाल नेहरू पुलिस अकादमी (जेएनपीए) सागर में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: एमपी पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल,08 IPS और 66 राज्य पुलिस सेवाअधिकारियों के तबादले
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन मिथिलेश शुक्ला, पुलिस उप महानिरीक्षक सागर रेंज शशीन्द्र चौहान तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने अकादमी पहुंचकर प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
अधिकारियों ने कहा कि सिंहस्थ विश्व के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जहां लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे आयोजन में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं के संचालन में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से पूर्ण अनुशासन, समर्पण और पेशेवर दक्षता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।
---------
यह भी देखे : लोकायुक्त में बड़ा फेरबदल : भोपाल, सागर और रीवा संभाग के एसपी बदले
-------------
प्रशिक्षण के दौरान भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, संचार प्रणाली, आपदा प्रबंधन, वीआईपी ड्यूटी, यातायात नियंत्रण और जनसहयोग आधारित पुलिसिंग जैसे विषयों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। साथ ही आधुनिक पुलिसिंग तकनीकों और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हर परिस्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार किया जा रहा है।
सागर पुलिस का कहना है कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत क्षमता संवर्धन और प्रशिक्षण का यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें