जिम्मेदारियों के बीच संघर्ष से सफलता तक के सफर की इबारत बनी रश्मि रावत : पावरलिफ्टिंग में जीते गोल्ड मेडल
तीनबत्ती न्यूज: 06 जून 2026
सागर: जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियां यदि किसी व्यक्ति के हौसले को कमजोर करने के बजाय उसे और मजबूत बना दें, तो सफलता की नई कहानी लिखी जाती है। ऐसी ही कहानी है सागर की एक महिला खिलाड़ी एवं शासकीय सेविका रश्मि रावत की, जिन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों, सामाजिक चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए शिक्षा, सेवा और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
बचपन से ही खेलों में रुचि रखने वाली रशिम रावत को 10-12 वर्ष की आयु के बाद खेल गतिविधियों से दूर होना पड़ा। विवाह के बाद पारिवारिक परंपराओं और जिम्मेदारियों के कारण घर से बाहर नौकरी करने की अनुमति नहीं थी। बच्चों, पति और गृहस्थी की जिम्मेदारियों के बीच स्वयं के सपने, पढ़ाई और शौक पीछे छूटते चले गए। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और परिवार की सहमति प्राप्त कर अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखी।
जीवन में उस समय बड़ा संकट आया जब उनके ससुर का अचानक निधन हो गया। परिवार का प्रमुख सहारा छिन जाने से वे मानसिक रूप से बेहद कमजोर हो गईं। सामाजिक परिस्थितियां भी अनुकूल नहीं थीं। गांव के माहौल और असुरक्षा की भावना के बीच उन्होंने अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष का रास्ता चुना। परिस्थितियों ने ऐसा मोड़ लिया कि उन्हें घर की मर्यादाओं का पालन करते हुए कॉलेज में अध्यापन कार्य करना पड़ा। घूंघट और पल्लू की परंपरा निभाते हुए उन्होंने कॉलेज में विद्यार्थियों को पढ़ाया, घर संभाला, ब्यूटी पार्लर का कार्य किया, बच्चों को कोचिंग दी और अपनी पढ़ाई भी जारी रखी।
----------
फेसबुक पर देखने क्लिक करे
_____________________
शिक्षा को प्राथमिकता
उन्होंने अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। घर के कार्यों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई और स्वयं के अध्ययन पर लगातार ध्यान दिया। इस दौरान पति का स्वास्थ्य भी कई बार गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। किडनी संबंधी समस्या और गंभीर स्वास्थ्य संकट जैसी परिस्थितियों का परिवार ने सामना किया। वर्ष 2014 में योग और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करने के बाद उनके पति का स्वास्थ्य बेहतर हुआ और आज वे स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
प्राइवेट कॉलेज में कार्य करते हुए उन्होंने शासकीय नौकरी के लिए आवेदन किया और अपने परिश्रम के बल पर चयनित हुईं। इसके बाद सागर में रहकर बच्चों की शिक्षा और अपने शासकीय दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। आगे चलकर एक अन्य प्रतियोगी परीक्षा में भी सफलता प्राप्त कर वे सूबेदार शीघ्रलेखक के पद पर नियुक्त हुईं।
उनकी पुत्री अनमोल रावत ने भी मां के संघर्ष और मार्गदर्शन से प्रेरणा लेते हुए मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अखिल भारतीय स्तर पर उल्लेखनीय रैंक प्राप्त कर परिवार तथा क्षेत्र का नाम रोशन किया।
बचपन का सपना किया साकार, पावरलिफ्टिंग में जीते स्वर्ण पदक
बचपन से खेलों में रुचि रखने वाली इस महिला ने कोरोना काल के दौरान स्वास्थ्य और फिटनेस पर विशेष ध्यान देना शुरू किया। नियमित व्यायाम और जिम प्रशिक्षण के माध्यम से उन्होंने अपने अधूरे सपने को नया जीवन दिया। प्रतिदिन सुबह 6 बजे जिम में अभ्यास करने, घर और कार्यालय की जिम्मेदारियों को निभाने तथा निरंतर अनुशासन बनाए रखने का परिणाम यह रहा कि उन्होंने पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया।
उन्होंने पहले जिला स्तर पर, फिर राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ष 2026 में तीन माह के कठोर प्रशिक्षण के बाद जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय स्तर के लिए अपनी जगह बनाई।
अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य
वर्तमान में वे 18 से 23 जुलाई को महाराष्ट्र के औरंगाबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता की तैयारी में जुटी हैं। उनका लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करना है।
उनका मानना है कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि वर्षों के निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम होती है। परिवार, नौकरी, बच्चों की शिक्षा और खेल के बीच संतुलन स्थापित कर उन्होंने यह सिद्ध किया है कि दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच से हर चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। उनकी यह यात्रा महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है तथा यह संदेश देती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता अवश्य मिलती है।
------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________
+91 94244 37885
तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पेज ,यूट्यूब, इंस्टाग्राम और X से जुड़ने लाईक / फॉलो करे
-----------------------
---------------
--------------------
------------------------
--------------
इंस्टाग्राम : teenbattinews
---------------
---------------










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें