Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सभी एनआरसी पूरी क्षमता से चलाएं, मातृ-शिशु मृत्यु दर घटाने पर दें विशेष ध्यान: कमिश्नर दिलीप कुमार

मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने प्रभावी प्रयास करें, संभाग के सभी एनआरसी पूरी क्षमता से चलें: कमिश्नर दिलीप कुमार

• सागर में संभागीय समीक्षा बैठक: बीएमसी की व्यवस्थाओं में सुधारने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज:10 नवंबर 2026

सागर। सागर संभाग में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रभावी प्रयास करे। गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एएनसी जांच और नवजात बच्चों की एचबीएनसी सुनिश्चित की जाए। संभाग के सभी पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) पूरी क्षमता के साथ संचालित हों और कोई भी केंद्र खाली नहीं रहे। यह निर्देश कमिश्नर सागर संभाग दिलीप कुमार ने संभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।

बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, कोष एवं लेखा सहित विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई।

बीएमसी में सफाई, दवा वितरण और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश

कमिश्नर ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट दुरुस्त रखने, सीवेज एवं खुली नालियों की सफाई व्यवस्था सुधारने और मरीजों को दवा वितरण काउंटर से समय पर दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बीएमसी में स्वीकृत यूजी-पीजी सीटों, स्वास्थ्य उपकरणों और कैंसर मरीजों के उपचार की जानकारी ली। परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा क्रिटिकल केयर यूनिट के अंतर्गत बन रहे ऑपरेशन थिएटर का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने को कहा। अस्पताल में ब्लड डोनेशन के लिए जागरूकता अभियान और शिविर आयोजित करने के साथ परिसर की सुरक्षा मजबूत करने एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए।

हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं की निगरानी पर जोर

कमिश्नर ने मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को शत-प्रतिशत एएनसी जांच के लिए जागरूक करने तथा नवजात शिशुओं की शत-प्रतिशत एचबीएनसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एनीमिया की स्थिति, एनीमिया जांच, हाईरिस्क प्रेगनेंसी वाली महिलाओं और उनके एएनसी चेकअप की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने ट्रांजिट डेथ के मामलों को कम करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम करने को कहा।

एनआरसी खाली मिले तो संबंधित स्टाफ पर होगी कार्रवाई

पोषण पुनर्वास केंद्रों (एनआरसी) की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि संभाग का कोई भी एनआरसी खाली नहीं रहना चाहिए। सभी केंद्रों का संचालन उनकी पूर्ण क्षमता के अनुसार किया जाए। चिन्हित कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराना सुनिश्चित करें और भर्ती योग्य बच्चों की जानकारी प्रस्तुत करें। कार्य में लापरवाही बरतने वाले एनआरसी स्टाफ के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

उन्होंने पोषण किट वितरण की समीक्षा कर सभी जिलों में पात्र बच्चों को पोषण किट वितरित करने को कहा। टीबी मरीजों की जिलेवार संख्या और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों को पूरा उपचार कराने के लिए प्रेरित करने तथा स्क्रीनिंग कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी के अधूरे भवन शीघ्र पूरे करें

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने निर्माणाधीन और अधूरे आंगनबाड़ी भवनों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण आहार, टीएचआर वितरण, एसएएम-एमएएम बच्चों की स्थिति, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम की जिलेवार प्रगति की समीक्षा की।

अपंजीकृत वृद्धाश्रम और नशामुक्ति केंद्रों का होगा पंजीयन

सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा में कमिश्नर ने संभाग के सभी शासकीय एवं अशासकीय वृद्धाश्रम, अनाथाश्रम और नशामुक्ति केंद्रों की जिलेवार सूची तैयार करने तथा अपंजीकृत केंद्रों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नशामुक्ति अभियान चलाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने को भी कहा।

अनुकंपा नियुक्ति और वेतन निर्धारण के मामले लंबित न रहें

कमिश्नर ने पेंशन शिविरों में निराकृत प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अनुकंपा नियुक्ति के मामले लंबित नहीं रहने चाहिए। वेतन निर्धारण के लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण किया जाए। इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए शिकायतों की लंबित संख्या शून्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं सागर संभाग, बीएमसी के अधिष्ठाता, संयुक्त संचालक योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी, संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा तथा पेंशन, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों के संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive