Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Bina Police लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Bina Police लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

Sagar Crime : नाबालिग को ब्लैकमेल कर लाखों की चोरी कराने वाले आरोपी गिरफ्तार, 54.37 लाख का मशरूका बरामद

Sagar Crime : नाबालिग को ब्लैकमेल कर लाखों की चोरी कराने वाले आरोपी गिरफ्तार, 54.37 लाख का मशरूका बरामद



तीनबत्ती न्यूज: 29 अगस्त, 2026

सागर । नाबालिग को ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देकर उसके ही परिवार के पुराने मकान से लाखों रुपये की नकदी और सोने के आभूषण चोरी कराने के मामले का बीना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण और 16.37 लाख रुपये कीमत का अन्य सामान, कुल लगभग 54.37 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। 

पुराने मकान में रखा था नकद और जेवर

पुलिस के अनुसार फरियादी परिवार वर्तमान में अपने नए मकान में रह रहा था, जबकि पुराने पैतृक मकान में नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखा था। 17 जून 2026 को पुराने मकान में सामान की जांच करने पर नकदी और कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद थाना बीना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ, संदिग्धों की तस्दीक और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया।


नाबालिग को धमकाकर कराई चोरी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी आयुष मैना निवासी बीना द्वारा फरियादी परिवार के नाबालिग को ब्लैकमेल किया जा रहा था। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया और इसी दबाव में उससे परिवार के पुराने मकान से चोरी कराई।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने नाबालिग से करीब 13 लाख रुपये नकद और लगभग 40 तोला सोने के आभूषण लिए थे। नकदी का उपयोग आरोपी ने विभिन्न सामान और वाहनों की खरीदारी तथा अन्य खर्चों में किया।

मामा को दिए सोने के जेवर

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी से प्राप्त सोने के आभूषण आरोपी आयुष ने अपने मामा अंकुश बाल्मीक निवासी गुना को दिए थे। पुलिस ने अंकुश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए।

बरामद आभूषणों में सोने का हार, चैन, ब्रेसलेट, चार अंगूठियां, पेंडल, गिन्नी, चार कड़े और मंगलसूत्र सहित अन्य जेवर शामिल हैं।


कार, बाइक और महंगे मोबाइल भी बरामद

आयुष मैना के कब्जे से चोरी की रकम से खरीदा गया सामान भी बरामद किया गया। इसमें आईफोन 17 प्रो मैक्स, आईफोन 15, वीवो मोबाइल, हुंडई वरना कार, रॉयल इनफील्ड बुलेट, मारुति सुजुकी अर्टिगा, एसी, एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, बेड, लोहे का गेट सहित अन्य सामान शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार बरामद अन्य सामान की अनुमानित कीमत करीब 16.37 लाख रुपये है। चोरी की रकम से खरीदी गई शेष संपत्ति एवं रकम के संबंध में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

चार आरोपी पुलिस कार्रवाई की जद में

मामले में आयुष मैना निवासी बीना और अंकुश बाल्मीक निवासी गुना को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं उनके सहयोगी आरोपी सतीश अहिरवार निवासी शिवाजी वार्ड, बीना और मोनू पाल निवासी गुना को न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया गया है।


पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरे मामले के खुलासे में निरीक्षक अनूप यादव, उपनिरीक्षक लखन राज, उपनिरीक्षक कस्तूरी अहिरवार, प्रधान आरक्षक विजय गौतम, राजेश पटेल, सौरभ रैकवार, आरक्षक संदीप यादव, दीप सिंह भदौरिया, बाबूलाल अहिरवार, राहुल सोलंकी, भूपेंद्र परिहार सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive