Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Cantt Police लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Cantt Police लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शराब के लिए 500 रुपये मांगने से किया इनकार तो युवक पर हमला: कैंट पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा,निकाला जुलूस : घटना का सीसीटीवी आया था सामने

शराब के लिए 500 रुपये मांगने से किया इनकार तो युवक पर हमला: कैंट पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, निकाला जुलूस: घटना का सीसीटीवी आया था सामने


तीनबत्ती न्यूज: 16 सितम्बर, 2026

सागर। कैंट थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे कमीशन मांगने और रुपये देने से इनकार करने पर एक युवक के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कैंट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। लायसेंसी शराब दुकान के कमर्चारी से मारपीट की गई थी। 

देर रात लाल ब्रांच के पास हुई घटना

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की देर रात करीब 12:45 बजे फरियादी शिवम उर्फ गुड्डा चौकसे (35), निवासी सदर, अपने परिवार के दीपक चौकसे के साथ लाल ब्रांच, सदर के पास खड़े थे। इसी दौरान 13 मुहाल निवासी चिंटू उर्फ मोहित खटीक, विकास खटीक, ओमप्रकाश खटीक और सन्नी जाटव वहां पहुंचे।

आरोप है कि चारों ने शिवम से शराब पीने के लिए जबरन 500 रुपये मांगे। शिवम ने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी तथा नुकीली वस्तु से उस पर हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने आए व्यक्ति से भी मारपीट

हमले में शिवम चौकसे को गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दीपक चौकसे के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उसे भी चोटें आईं।घटना के बाद फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कैंट पुलिस ने अपराध क्रमांक 483/2026 दर्ज किया। मामले में धारा 296बी, 119(1), 351(2) और 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना शुरू की गई।


पुलिस टीम की कार्रवाई में चिंटू उर्फ मोहित खटीक और सन्नी जाटव को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इन पर कई अपराधिक मामले भी दर्ज है। वहीं, प्रकरण में शामिल बताए गए विकास खटीक और ओमप्रकाश खटीक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, उप निरीक्षक नरेन्द्र तिवारी, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र, आरक्षक ब्रजेन्द्र pp गौतम, आशीष यादव, गुड्डू शर्मा, देवेन्द्र रावत, नरेश, विशाल, नीलेश और जितेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share:

सोशल मीडिया पर कट्टा लहराकर फायरिंग का वीडियो डालने वाला आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर कट्टा लहराकर फायरिंग का वीडियो डालने वाला आरोपी गिरफ्तार, .315 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद


कैंट पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से हुई आरोपी की पहचान, कजलीवन मैदान के पास घेराबंदी कर पकड़ा; आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई



तीनबत्ती न्यूज: 02 सितम्बर, 2026

सागर। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन कर फायरिंग करने और उसके फोटो-वीडियो प्रसारित कर आमजन में भय का माहौल बनाने वाले युवक को सागर की कैंट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सोलंकी तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप के मार्गदर्शन में की गई।


सोशल मीडिया मॉनिटरिंग में सामने आया वीडियो


कैंट थाना पुलिस को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक युवक के फोटो और वीडियो प्राप्त हुए। इनमें युवक देशी कट्टा प्रदर्शित करते हुए फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। पुलिस के अनुसार, युवक सोशल मीडिया पर इस तरह की सामग्री प्रसारित कर अपनी आपराधिक छवि प्रदर्शित करने और लोगों में भय उत्पन्न करने का प्रयास कर रहा था।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तकनीकी और मैदानी स्तर पर जांच शुरू की। सोशल मीडिया पर उपलब्ध फोटो-वीडियो एवं अन्य सूचनाओं का सूक्ष्म परीक्षण करने के बाद युवक की पहचान शुभम पटेल पिता डालचंद्र पटेल, निवासी चंद्रशेखर वार्ड, सागर के रूप में हुई।


कजलीवन मैदान के पास घेराबंदी कर पकड़ा


आरोपी की पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस टीम ने उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कजलीवन मैदान के पास, थाना कैंट क्षेत्र से घेराबंदी कर अभिरक्षा में लिया गया।


तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।


पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कैंट में धारा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हथियार के स्रोत, सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो-वीडियो और आरोपी की अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जांच कर रही है।


एक सप्ताह में दूसरी प्रभावी कार्रवाई


कैंट थाना पुलिस द्वारा एक ही सप्ताह में अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ यह दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई बताई गई है। पुलिस क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है।


पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं का तकनीकी विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों की पहचान की जा रही है और आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई की जा रही है।


हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर रहेगी नजर


सागर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अवैध हथियारों के प्रदर्शन, आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री, अपराध को बढ़ावा देने वाली पोस्ट, भय एवं दहशत फैलाने वाले वीडियो तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय फैलाना या आपराधिक छवि स्थापित करने का प्रयास गंभीर दंडनीय कृत्य है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस ने आमजन से की अपील

सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले अथवा किसी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि में संलिप्त व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।


पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने कहा कि आमजन की सतर्कता अपराध नियंत्रण और सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


इनकी रही सराहनीय भूमिका


उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट निरीक्षक रोहित डोंगरे, सहायक उप निरीक्षक माधव, प्रधान आरक्षक खूबसिंह, आरक्षक प्रदीप शर्मा, आशीष यादव, सृजन तिवारी एवं भानु सहित थाना कैंट पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Share:

सागर कैंट पुलिस ने 20 किलो 356 ग्राम गांजा पकड़ा, 2 आरोपी गिरफ्तार

सागर कैंट पुलिस ने 20 किलो 356 ग्राम गांजा पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार


तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त, 2026

सागर। थाना कैंट पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो 356 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त करीब 80 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कुल करीब 3.60 लाख रुपये का मशरूका जब्त हुआ है।

यह भी पढ़ेंसागर में हथियार की तलाश में पहुंची पुलिस को मिली 3 करोड़ की नकदी, नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीन

पुलिस को 16 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति रेलवे स्टेशन रोड से फोरलेन होते हुए भैंसा बायपास की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर कैंट पुलिस टीम ने  बंगला, कैंट के पास घेराबंदी की और संदिग्धों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 20 किलो 356 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक MP 15 ZH 2945 भी जब्त की।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में सौरभ पिता अमरसिंह अहिरवार (21), निवासी ग्राम तालचिरी, थाना गोपालगंज, जिला सागर तथा प्रिंस पिता राजू अहिरवार (19), निवासी बिल्थरे मोहल्ला, गौरझामर, जिला सागर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, उपनिरीक्षक अशोक तिवारी, उपनिरीक्षक संजय बामनिया , आरक्षक सौरभ रैकवार, आरक्षक हेमेन्द्र सिंह (साइबर सेल), प्रधान आरक्षक नीरज बांगर, प्रदीप शर्मा, आरक्षक आशीष यादव, आरक्षक भानुप्रताप चौधरी, आरक्षक देवेन्द्र रावत एवं आरक्षक नरेश की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। 

Share:

सागर सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बोलेरो, 2 महिलाओं की मौत, 2 गंभीर घायल

सागर में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी तेज रफ्तार बोलेरो, 2 महिलाओं की मौत, 2 गंभीर घायल


तीनबत्ती न्यूज: 6 अगस्त 2026

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के कैंट थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गढ़पहरा रोड स्थित भैंसा नाका के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

यह भी पढ़ेंसागर जिले के 9 शासकीय स्कूलों में शुरू होगा कृषि संकाय, सत्र 2026-27 से कृषि विषय की पढ़ाई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कृषि उपज मंडी की ओर से आ रही बोलेरो (एमपी 15 सीए 1093) तेज गति में थी। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक (एमपी 15 एचए 1077) में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

यह भी देखे: मध्यप्रदेश में बस आपरेटर्स की हड़ताल स्थगित : 07 अगस्त की रात से होना थी हड़ताल

दो महिलाओं की मौके पर मौत

हादसे के समय बोलेरो में कुल चार लोग सवार थे। दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। शुक्रवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में से एक महिला की पहचान नेहा बसंत निवासी शिवनगर के रूप में हुई है। पुलिस अन्य मृतक की पहचान और परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive