Editor: Vinod Arya | 94244 37885
MP Police लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
MP Police लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बण्डा-विनायका में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, 14 आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर शराब जब्त

बण्डा-विनायका में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14 आरोपी गिरफ्तार

• 225.12 लीटर देशी शराब जब्त, दोनों मामलों में 1249 पाव शराब बरामद



तीनबत्ती न्यूज: 07 सितम्बर, 2026

सागर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सागर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। बंडा में जहरीली शराब से मौतों के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है।  इसी क्रम में थाना बण्डा और थाना विनायका पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में कुल 1249 पाव देशी लाल मसाला सागर गोल्ड कंपनी की शराब, जिसकी मात्रा 225.12 लीटर है, जब्त की है।

Sagar Poisonous Liquor Case: जीतू पटवारी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, आबकारी मंत्री के इस्तीफे की मांग : • प्रभावित गांवों में पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, मृतकों के परिजनों से की मुलाकात;

थाना बण्डा में 345 पाव शराब जब्त

थाना बण्डा पुलिस ने अपराध क्रमांक 658/2026 में धारा 105, 123, 3(5) बीएनएस एवं 49(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 345 पाव देशी लाल मसाला सागर गोल्ड कंपनी की शराब, कुल 62.4 लीटर, बरामद की गई।

जब्त शराब के साथ गिरफ्तार आरोपियों में जुझार सिंह पिता ब्रजेन्द्र सिंह लोधी (32 वर्ष), निवासी ग्राम नौराज, के कब्जे से 240 पाव यानी 43.2 लीटर, दिनेश सिंह पिता गुलाब सिंह लोधी (32 वर्ष), निवासी ग्राम नौराज, के कब्जे से 40 पाव यानी 7.2 लीटर, मनोहर लोधी पिता गुलजार लोधी (32 वर्ष), निवासी ग्राम नौराज, के कब्जे से 30 पाव यानी 5.4 लीटर तथा राजा लोधी पिता आधार सिंह लोधी (45 वर्ष), निवासी गूगरा, के कब्जे से 35 पाव यानी 6.3 लीटर शराब जब्त की गई।

सागर : बंडा शराबकांड में 11 मौतें, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने BMC पहुंचकर मरीजों का जाना हाल; बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। • सभी शराब दुकानों की जांच, उनके स्टॉक की निगरानी और अवैध कारोबार की गहन जांच • शराब कांड में 20 पर FIR: 10 आरोपी पुलिस हिरासत में

विनायका पुलिस ने 904 पाव शराब पकड़ी

इसी प्रकार थाना विनायका पुलिस ने अपराध क्रमांक 98/2026 में धारा 105, 123, 3(5) बीएनएस एवं 49(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। इस मामले में पुलिस ने कुल 904 पाव देशी लाल मसाला सागर गोल्ड कंपनी की शराब, जिसकी मात्रा 162.72 लीटर है, जब्त की।

पुलिस के अनुसार चन्द्रभान उर्फ चंदू पिता द्वारिका सिंह राजपूत (42 वर्ष), निवासी ततरवारा थाना बण्डा, के कब्जे से 820 पाव यानी 147.6 लीटर शराब बरामद हुई। वहीं भगवान सिंह पिता देवी सिंह लोधी (44 वर्ष), निवासी ग्राम पाटन थाना विनायका, के कब्जे से 43 पाव यानी 7.74 लीटर, अरविन्द यादव पिता आशाराम यादव (44 वर्ष), निवासी पाटन थाना विनायका, के कब्जे से 22 पाव यानी 3.96 लीटर तथा मानसीग पिता बिहारी अहिरवार (45 वर्ष), निवासी ग्राम पाटन थाना विनायका, के कब्जे से 19 पाव यानी 3.42 लीटर शराब जब्त की गई।

कुल 225.12 लीटर शराब जब्त

बण्डा और विनायका थाना पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कुल 1249 पाव देशी शराब, जिसकी मात्रा 225.12 लीटर है, जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। 

Share:

सोशल मीडिया पर कट्टा लहराकर फायरिंग का वीडियो डालने वाला आरोपी गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर कट्टा लहराकर फायरिंग का वीडियो डालने वाला आरोपी गिरफ्तार, .315 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद


कैंट पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग से हुई आरोपी की पहचान, कजलीवन मैदान के पास घेराबंदी कर पकड़ा; आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई



तीनबत्ती न्यूज: 02 सितम्बर, 2026

सागर। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन कर फायरिंग करने और उसके फोटो-वीडियो प्रसारित कर आमजन में भय का माहौल बनाने वाले युवक को सागर की कैंट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सोलंकी तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप के मार्गदर्शन में की गई।


सोशल मीडिया मॉनिटरिंग में सामने आया वीडियो


कैंट थाना पुलिस को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक युवक के फोटो और वीडियो प्राप्त हुए। इनमें युवक देशी कट्टा प्रदर्शित करते हुए फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। पुलिस के अनुसार, युवक सोशल मीडिया पर इस तरह की सामग्री प्रसारित कर अपनी आपराधिक छवि प्रदर्शित करने और लोगों में भय उत्पन्न करने का प्रयास कर रहा था।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तकनीकी और मैदानी स्तर पर जांच शुरू की। सोशल मीडिया पर उपलब्ध फोटो-वीडियो एवं अन्य सूचनाओं का सूक्ष्म परीक्षण करने के बाद युवक की पहचान शुभम पटेल पिता डालचंद्र पटेल, निवासी चंद्रशेखर वार्ड, सागर के रूप में हुई।


कजलीवन मैदान के पास घेराबंदी कर पकड़ा


आरोपी की पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस टीम ने उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को कजलीवन मैदान के पास, थाना कैंट क्षेत्र से घेराबंदी कर अभिरक्षा में लिया गया।


तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।


पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कैंट में धारा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हथियार के स्रोत, सोशल मीडिया पर प्रसारित फोटो-वीडियो और आरोपी की अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जांच कर रही है।


एक सप्ताह में दूसरी प्रभावी कार्रवाई


कैंट थाना पुलिस द्वारा एक ही सप्ताह में अवैध हथियार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ यह दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई बताई गई है। पुलिस क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रख रही है।


पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं का तकनीकी विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों की पहचान की जा रही है और आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई की जा रही है।


हथियारों का प्रदर्शन करने वालों पर रहेगी नजर


सागर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अवैध हथियारों के प्रदर्शन, आपत्तिजनक एवं भड़काऊ सामग्री, अपराध को बढ़ावा देने वाली पोस्ट, भय एवं दहशत फैलाने वाले वीडियो तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय फैलाना या आपराधिक छवि स्थापित करने का प्रयास गंभीर दंडनीय कृत्य है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस ने आमजन से की अपील

सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले अथवा किसी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि में संलिप्त व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दें।


पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने कहा कि आमजन की सतर्कता अपराध नियंत्रण और सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


इनकी रही सराहनीय भूमिका


उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट निरीक्षक रोहित डोंगरे, सहायक उप निरीक्षक माधव, प्रधान आरक्षक खूबसिंह, आरक्षक प्रदीप शर्मा, आशीष यादव, सृजन तिवारी एवं भानु सहित थाना कैंट पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Share:

37 वर्षों की पुलिस सेवा के बाद IG मिथिलेश कुमार शुक्ला सेवानिवृत्त, सागर पुलिस ने दी भावभीनी विदाई

37 वर्षों की पुलिस सेवा के बाद आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला को भावभीनी विदाई


तीनबत्ती न्यूज:  2 सितंबर 2026

सागर । सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश कुमार शुक्ला के सेवानिवृत्त होने पर सागर पुलिस द्वारा गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशासन, पुलिस एवं राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित सागर एवं दमोह जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी तथा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों ने श्री शुक्ला के लगभग 37 वर्षों के गौरवशाली एवं समर्पित पुलिस सेवाकाल को नमन करते हुए उनके कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता, अनुशासनप्रियता, संवेदनशील कार्यशैली और कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।

विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर दी सेवाएं

श्री मिथिलेश कुमार शुक्ला ने 1 अक्टूबर 1989 को उप पुलिस अधीक्षक (DSP) के पद से पुलिस सेवा की शुरुआत की। अपने दीर्घ सेवाकाल में उन्होंने मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।


उन्होंने शिवपुरी, दंतेवाड़ा, हरदा, बड़ामलहरा, बालोद, कोरबा और सेंधवा में एसडीओपी/सीएसपी के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद टीकमगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में दायित्व संभाला।


पुलिस अधीक्षक के रूप में उन्होंने रीवा, नरसिंहपुर, सिवनी, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, सतना, कटनी और होशंगाबाद सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं। इसके बाद जबलपुर, रीवा, भोपाल एवं ग्वालियर में डीआईजी/आईजी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर दायित्व निभाया।

राष्ट्रपति पुलिस पदक सहित मिले कई सम्मान

श्री शुक्ला को उत्कृष्ट पुलिस सेवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हुए हैं। उन्हें वर्ष 2004 में राज्यपाल पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री पुरस्कार, वर्ष 2014 में सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा वर्ष 2026 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने साझा किए अनुभव


विदाई समारोह में अधिकारियों ने श्री शुक्ला के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने उनकी निर्णय लेने की क्षमता, अधीनस्थों को प्रेरित करने की शैली, कठिन परिस्थितियों में धैर्यपूर्ण नेतृत्व तथा पुलिस प्रशासन में उनके योगदान की विशेष सराहना की।


अधिकारियों ने कहा कि श्री शुक्ला का व्यक्तित्व अनुशासन, संवेदनशीलता और सौम्य व्यवहार का बेहतर समन्वय रहा है। उनकी कार्यशैली एवं अनुभव आने वाले समय में भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।


पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर दी विदाई

समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावुक होकर श्री शुक्ला को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट किए। सभी ने उनके आगामी जीवन के लिए सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर सागर संभाग के कमिश्नर, सीसीएफ सागर, डीआईजी सागर, कलेक्टर सागर, पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया, पुलिस अधीक्षक दमोह, विशेष शाखा एवं लोकायुक्त के अधिकारी, 10वीं वाहिनी के अधिकारी, नगर निगम आयुक्त सागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप सहित सागर एवं दमोह जिले के वरिष्ठ पुलिस, प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।


सेवानिवृत्ति नई पारी का शुभारंभ

वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय दायित्वों से विराम जरूर है, लेकिन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित व्यक्तित्व की सेवाभावना कभी सेवानिवृत्त नहीं होती। श्री शुक्ला ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्षों को पुलिस विभाग एवं जनसेवा के लिए समर्पित किया है।


सागर पुलिस परिवार ने श्री मिथिलेश कुमार शुक्ला को उनकी गौरवशाली सेवाओं के लिए हार्दिक नमन करते हुए भावभीनी विदाई दी और उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय भावी जीवन की कामना की।

Share:

कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का कड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया तत्काल निलंबित, दफ्तर सील

• 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR 


तीनबत्ती न्यूज: 21 अगस्त , 2026

भोपाल/कटनी: कटनी जिले में सामने आए चर्चित जमीन घोटाला मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। सीएम के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय (PHQ) के आदेश पर नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) नेहा पच्चीसिया को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। इसके साथ ही कटनी स्थित सीएसपी कार्यालय को भी सील कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: दमोह : कलेक्टर का जिला अस्पताल और CMHO कार्यालय का निरीक्षण : दवा स्टोर में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, दो कर्मचारी सस्पेंड • 24 घंटे में इंडेंट जारी करने के निर्देश; 8 में से 6 दवाओं के स्टॉक में मिली विसंगति ,एक्सपायरी डेट की मिली दवाएं : गैरहाजिर 21 कर्मचारियों का तीन दिन का वेतन काटने के आदेश

कार्यालय सील, केस डायरी व डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित

 एफआईआर (FIR क्र. 0738/2026) दर्ज होने के बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों पर कटनी सीएसपी दफ्तर को सील करने की कार्रवाई की गई। इस कदम का मुख्य उद्देश्य कंहवारा जमीन सौदे से जुड़ी केस डायरी, सीएसपी दफ्तर के रिकॉर्ड्स और डिजिटल साक्ष्यों को पूरी तरह सुरक्षित रखना है, ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो सके। निलंबन आदेश के साथ ही गृह विभाग ने विभागीय और एसआईटी (SIT) जांच की प्रक्रिया भी तेज कर दी है।

यह भी पढ़ें: सागर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का किया पर्दाफाश, ₹2.69 करोड़ नकद और 30 लाख का सोना बरामद

82.86 लाख की जमीन मात्र 18.20 लाख में कराई ट्रांसफर

यह पूरी कार्रवाई हत्या के नामजद आरोपी रमेश लोधी पर दबाव बनाकर उसकी कंहवारा स्थित जमीन को कौड़ियों के दाम में हस्तांतरित कराने के आरोपों के तहत की गई है।

जमीन का गाइडलाइन मूल्य: ₹82.86 लाख

बेची गई कीमत: मात्र ₹18.20 लाख (मारूफ अहमद हनफी 'फ्रंटमैन' के नाम पर)

फंडिंग: जांच रिपोर्ट के अनुसार, इस जमीन सौदे में सीएसपी के करीबी क्षितिज राज बारापत्रे के खातों से फंडिंग की गई थी।

इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज 

कुठला थाने में आरोपी सीएसपी नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61, 198, 199(b), 308(7) और 318(4) के तहत गंभीर आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने ट्वीट कर दी चेतावनी 

मुख्यमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, दबाव या पद का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।



Share:

मध्यप्रदेश पुलिस में 27,534 पदोन्नति, CM मोहन यादव ने बांटे नियुक्ति पत्र

पुलिस की पदोन्नति पर जवानों ने जताया सीएम डॉ. मोहन यादव का आभार, मुख्यमंत्री बोले- सरकार आपके परिवार के लिए सबकुछ करेगी


तीनबत्ती न्यूज:10 अगस्त 2026

सागर। मध्यप्रदेश पुलिस में लंबे समय से लंबित पदोन्नति और नई भर्तियों को लेकर भोपाल के रवींद्र भवन में सोमवार को आभार प्रदर्शन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नवीन भर्ती में चयनित पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए और पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बैज लगाए।

यह भी पढ़ें: अगले दो महीने में प्रारंभ होगी भोपाल से शारजाह तक डायरेक्ट इंटरनेशनल फ्लाइट : सीएम डॉ. यादव • अगले दस साल में देश में 100 नए एयरपोर्ट बनाएंगे : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री श्री नायडू • मध्यप्रदेश में जल्द ही बनेंगे पांच नए एयरपोर्ट: चार नई सीधी उड़ानों का हुआ शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस की खाकी वर्दी प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता के विश्वास, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभाएं, सरकार उनके परिवार के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करेगी।



मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस ने चंबल अंचल से दस्यु समस्या खत्म करने और प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को उनकी सेवाओं और उपलब्धियों के लिए बधाई दी।

पुलिस के 58 संवर्गों में 27,534 को पदोन्नति

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग के 58 संवर्गों में रिकॉर्ड 27,534 अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया है। हालांकि उन्होंने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया लागू होने में समय लगने के कारण करीब 20 हजार पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त भी हो गए।उन्होंने बताया कि 30 रक्षित निरीक्षकों को उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर पदोन्नति मिली है।

यह भी पढ़ें : अनुशासनहीनता के आरोप में प्राचार्य निलंबित : छात्राओं ने की थी शिकायत: प्राचार्य करते थे बालिका टायलेट का उपयोग : सागर कमिश्नर अनिल सुचारी ने की कार्रवाई

खंडवा में बनेगी नई पुलिस बटालियन


मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खंडवा जिले में नई पुलिस बटालियन की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल के रूप में तीन नई बटालियन बनाई जाएंगी। इनमें अति पिछड़े वर्गों के साथ बैगा, भारिया और सहरिया वर्ग की कंपनियां शामिल होंगी।



दो साल में पूरी होगी लंबित पुलिस भर्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2023 से अब तक विभिन्न संवर्गों में 14,704 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया जा चुका है। पुलिस बैंड और एएसएल की भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम दौर में है।वर्ष 2026 में विभिन्न पदों पर 9,751 पुलिसकर्मियों की भर्ती के लिए मंजूरी दी गई है। सरकार का प्रयास है कि आगामी दो वर्षों में आरक्षक और सब इंस्पेक्टर के लंबित पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी पूरी कर ली जाए।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है।

नक्सलवाद के खिलाफ हॉक फोर्स की अहम भूमिका

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस सभी चुनौतियों से निपटने में सक्षम है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कराने में पुलिस की हॉक फोर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने बताया कि हॉक फोर्स में 325 पद और विशेष सहयोगी दस्ते में 882 पदों पर भर्ती की गई है। पिछले दो वर्षों में पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक नई नियुक्तियां हुई हैं।

डीजीपी ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उज्जैन आने की संभावना है। नई भर्ती के बाद प्रशिक्षण प्राप्त पुलिस बल सिंहस्थ ड्यूटी के लिए उपलब्ध रहेगा।

पदोन्नति से बढ़ा पुलिसकर्मियों का मनोबल

कार्यक्रम में पदोन्नत डीएसपी दीपिका शिंदे ने कहा कि कई पुलिसकर्मी दो दशक से सेवा दे रहे हैं और उनकी पदोन्नति उनके परिवार के सपनों से भी जुड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्णय को पुलिसकर्मियों के लिए सम्मान बताया।

निरीक्षक रीना चौहान ने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया शुरू होने से उनके परिवार के तीन सदस्यों को इसका लाभ मिला है। प्रशिक्षु डीएसपी विनय कुमार डहरवाल ने भी पुलिस सेवा के प्रति अपने संकल्प को व्यक्त किया।नवीन भर्ती में चयनित आस्था शर्मा ने कहा कि बचपन से खाकी वर्दी पहनना उनका सपना था और शादी तथा बच्चों के बाद पुलिस विभाग में चयन होना उनके लिए गौरव की बात है।

ये रहे शामिल

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव गृह संजय शुक्ला, स्पेशल डीजी सीआईडी पंकज श्रीवास्तव, आईजी एडमिन हरिनारायणचारी मिश्र सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share:

सागर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मकान से ₹4.04 लाख की अवैध शराब जब्त: 564.780 बल्क लीटर शराब के साथ आरोपी पर केस • कहां से आई शराब इसकी जांच में जुटी पुलिस

सागर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मकान से ₹4.04 लाख की अवैध शराब जब्त:  564.780 बल्क लीटर शराब के साथ आरोपी पर केस

• कहां से आई शराब इसकी जांच में जुटी पुलिस


तीनबत्ती न्यूज: 30 जुलाई, 2026

सागर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गढ़ाकोटा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने विभिन्न ब्रांडों की देशी एवं विदेशी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4,04,180 बताई गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें: PM आवास योजना की किस्त के लिए 8 हजार की रिश्वत लेते रोजगार सहायक को रंगे हाथों पकड़ा लोकायुक्त पुलिस सागर ने

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिलेभर में जुआ, सट्टा एवं अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में थाना गढ़ाकोटा पुलिस ने यह कार्रवाई की।

मकान में मिला अवैध शराब का भंडार

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गढ़ाकोटा के बजरंग वार्ड स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने अब्दुल गनी पिता शुभराती खान निवासी बजरंग वार्ड के मकान पर दबिश दी और नियमानुसार तलाशी ली।

तलाशी के दौरान मकान के एक बंद कमरे से विभिन्न ब्रांडों की शराब बरामद हुई। जब्त शराब में सागर गोल्ड व्हिस्की, मैक डबल नं. 1, बॉम्बे व्हिस्की, आईबी व्हिस्की, मेजिक मोमेंट्स, रॉयल स्टैग व्हिस्की तथा लीमाउंट स्ट्रॉन्ग बीयर शामिल हैं। कुल 564.780 बल्क लीटर शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4,04,180 है।

पुलिस ने पूरी शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसके सप्लाई नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गढ़ाकोटा निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी, उपनिरीक्षक प्रेमनारायण शुक्ला, प्रधान आरक्षक डाल सिंह, राजेश पाण्डेय, विमलेश भटेले, बसंत मिश्रा तथा आरक्षक रवि पटैल, राहुल राय, थिरवम, प्रवीण, राजदीप तिवारी एवं कौस्तुभ मणि पाठक की सराहनीय भूमिका रही।


Share:

सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने ली अपराध समीक्षा बैठक : अपराध नियंत्रण और गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग पर दिया जोर

सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने ली अपराध समीक्षा बैठक : अपराध नियंत्रण और गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग पर दिया जोर



तीनबत्ती न्यूज, 28 जुलाई 2026

सागर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया की अध्यक्षता में जिले की व्यापक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी, जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

एसपी अनुराग सुजानिया ने सभी थानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए लंबित अपराधों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, गंभीर मामलों की वैज्ञानिक एवं समयबद्ध विवेचना, फरार एवं इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की प्रभावी तामील तथा महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संगठित एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई और कानून-व्यवस्था की सतत निगरानी पर भी विशेष जोर दिया।



बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण, साइबर अपराधों की रोकथाम, अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही रात्रि गश्त, कॉम्बिंग गश्त और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

एसपी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत और अपराध को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ लेते हुए पीड़ित-केंद्रित, संवेदनशील और पारदर्शी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा व विश्वास का वातावरण मजबूत करना सागर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उत्कृष्ट पुलिसिंग, प्रभावी अपराध नियंत्रण और जनविश्वास को और मजबूत करने का आह्वान किया।

फोकस में रहे प्रमुख निर्देश

  • लंबित अपराधों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण।
  • फरार और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी।
  • महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई।
  • साइबर अपराधों की रोकथाम पर विशेष फोकस।
  • अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा के खिलाफ सतत अभियान।
  • रात्रि गश्त और कॉम्बिंग गश्त को और प्रभावी बनाना।
  • मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और जनसुनवाई शिकायतों का समयबद्ध निराकरण।
  • पीड़ित-केंद्रित, संवेदनशील एवं पारदर्शी पुलिसिंग सुनिश्चित करना।


Share:

डायल-112 की तत्परता से टली संभावित अनहोनी, रात 3 बजे सुनसान सड़क पर मिली नाबालिग बालिका को सुरक्षित परिजनों से मिलाया

डायल-112 की तत्परता से टली संभावित अनहोनी, रात 3 बजे सुनसान सड़क पर मिली नाबालिग बालिका को सुरक्षित परिजनों से मिलाया 



तीनबत्ती न्यूज: 19 जुलाई, 2026

सागर। सागर पुलिस की सतर्कता और डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित अनहोनी टल गई। खुरई क्षेत्र में रात करीब 3 बजे सुनसान सड़क पर अकेली घूम रही 14-15 वर्षीय नाबालिग बालिका को एफआरवी टीम ने सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने सागर पुलिस, डायल-112 और एफआरवी टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले में बच्चों से संबंधित प्रत्येक सूचना पर सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 जुलाई की रात 3:01 बजे डायल-112 के राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम भोपाल से सूचना मिली कि खुरई क्षेत्र के निर्तला पेट्रोल पंप के पास एक नाबालिग बालिका अकेली घूम रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने एफआरवी-27 खुरई को मौके पर रवाना किया। टीम ने पहुंचकर बालिका से संवेदनशीलता के साथ बातचीत की और उसके परिजनों की जानकारी जुटाई। इसके बाद उसके पिता और भाई से संपर्क कर बालिका को सुरक्षित उसके गांव वेरखेड़ी पहुंचाकर सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार रात के समय सुनसान सड़क पर अकेली नाबालिग बालिका का होना किसी भी संभावित अपराध, दुर्घटना या अप्रिय घटना का कारण बन सकता था। समय पर एक जागरूक नागरिक द्वारा डायल-112 पर सूचना देना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई संभावित अनहोनी को टालने में निर्णायक साबित हुई।

इस कार्रवाई में एफआरवी-27 खुरई के आरक्षक संजय कुमार और पायलट शिव कुमार दांगी की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता सराहनीय रही। पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने भी सूचना मिलते ही प्रभावी समन्वय स्थापित कर कार्रवाई सुनिश्चित की

सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई बच्चा या बच्ची असहाय, भटका हुआ या संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दे तो तत्काल डायल-112 पर सूचना दें। आपकी एक सूचना किसी मासूम की जिंदगी बचाने और संभावित अपराध को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Share:

सागर पुलिस लाइन में सिंहस्थ-2028 प्रशिक्षण का पांचवां सप्ताह पूरा, 88 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया प्रशिक्षण

सागर पुलिस लाइन में सिंहस्थ-2028 प्रशिक्षण का पांचवां सप्ताह पूरा, 88 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया प्रशिक्षण


तीनबत्ती न्यूज: 04 जुलाई, 2026

सागर। आगामी सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस लाइन सागर में आयोजित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के पांचवें सप्ताह का सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस सप्ताह जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं से आए 88 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को सिंहस्थ मेले के दौरान बेहतर Law & Order, Crowd Management, Disaster Management तथा समन्वित पुलिसिंग के लिए दक्ष बनाना है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, VIP Duty, यातायात प्रबंधन, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, संचार व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सहायता, सुरक्षा प्रबंधन तथा समन्वित पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने विभिन्न परिस्थितियों पर आधारित Mock Drill भी कराई, जिससे अधिकारी और कर्मचारी वास्तविक परिस्थितियों में अधिक प्रभावी एवं पेशेवर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।


प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया और सिंहस्थ-2028 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार का नियमित प्रशिक्षण पुलिस बल की दक्षता, अनुशासन और आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive