संग्राम सेनानी से ऑनलाइन ठगी, मुख्यमंत्री ने तत्काल स्वेच्छानुदान से 1.80 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की पहल पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लिया संज्ञान, पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
तीनबत्ती न्यूज: 8 अक्टूबर 2026
सागर। सागर के अरिहंत विहार कॉलोनी निवासी वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन के साथ हुई ऑनलाइन ठगी के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल सहायता राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने अपनी स्वेच्छानुदान मद से 1 लाख 80 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मंजूर की है।
जानकारी के अनुसार, विगत जुलाई माह में ताराचंद जैन के बैंक खाते से ऑनलाइन ठगी के माध्यम से दो बार में कुल 1 लाख 76 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से मदद की गुहार लगाई।
यह भी पढ़ें: सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया नया कार्य विभाजन, अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सागर के मोहली आगमन के दौरान ताराचंद जैन की मुख्यमंत्री से भेंट कराई और उन्हें ऑनलाइन ठगी की पूरी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने मामले पर संवेदनशीलता दिखाते हुए सागर आईजी और एसपी को प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से तत्काल 1.80 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राष्ट्र की धरोहर हैं। यह हमारा सौभाग्य है कि ऐसे महान सेनानी हमारे बीच उपस्थित हैं और उनका आशीर्वाद मिल रहा है।
मुख्यमंत्री और मंत्री का जताया आभारराशि स्वीकृत किए जाने पर रामपुरा वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पराग बजाज एवं जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य देवेन्द्र फुसकेले ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का आभार व्यक्त किया है।






