Editor: Vinod Arya | 94244 37885
IPS लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
IPS लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सागर के नए SP संजीव सिंहा ने संभाला पदभार, तीन दशक का पुलिस सेवा अनुभव

सागर के नए SP संजीव सिंहा ने संभाला पदभार

• तीन दशक से अधिक का पुलिस सेवा अनुभव, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में भी निभा चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी




तीनबत्ती न्यूज: 30 अक्टूबर 2026

सागर। मध्यप्रदेश शासन के आदेश के पालन में IPS संजीव सिंहा ने शुक्रवार को सागर जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया। इसके पूर्व वे 14वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (SAF), ग्वालियर में सेजोनानी के पद पर पदस्थ थे और पुलिस अधीक्षक ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। इसके पहले अनुराग सुजानिया एसपी थे। उनका ट्रांसफर हो गया। 

यह भी पढ़ें: सागर में बदले कलेक्टर और एसपी, प्रतिभा पाल और अनुराग सुजानिया का तबादला • दिलीप कुमार यादव होंगे नए कलेक्टर, संजीव कुमार सिन्हा संभालेंगे SP की जिम्मेदारी

डीएसपी से शुरू की पुलिस सेवा

श्री संजीव सिंहा ने 1 जुलाई 1996 को मध्यप्रदेश राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक के रूप में सेवाएं प्रारंभ की थीं। वर्ष 2016 में वे भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नत हुए। तीन दशक से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों और महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नक्सल गतिविधियों की निगरानी, भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई और पुलिस बल के नेतृत्व की जिम्मेदारियां निभाईं।




विभिन्न जिलों में निभाईं चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां

श्री सिंहा ने उज्जैन, इंदौर, होशंगाबाद, बिलासपुर, अलीराजपुर, मंडला, सिंगरौली, धार, डिंडोरी और गुना सहित विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। अलीराजपुर में गोधरा घटना के बाद उत्पन्न सांप्रदायिक तनावपूर्ण परिस्थितियों को नियंत्रित करने तथा नर्मदा बचाओ आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मंडला में उन्होंने कान्हा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में वन्यजीवों के अवैध शिकार की रोकथाम के लिए WWF के साथ समन्वय किया। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे क्षेत्रों में नक्सली गतिविधियों की निगरानी में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

यह भी पढ़ें: नवागत कलेक्टर की पहली पहल: पदभार संभालते ही मालथौन पहुंचे, शिविर में सुनीं समस्याएं और SDM कार्यालय का किया निरीक्षण

लाइबेरिया में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का अनुभव

श्री सिंहा के सेवाकाल में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन, लाइबेरिया में उनकी पदस्थापना भी महत्वपूर्ण रही। वहां उन्होंने डिप्टी ऑपरेशंस कोऑर्डिनेटर के रूप में कार्य करते हुए 29 में से 19 संयुक्त राष्ट्र पुलिस स्टेशनों और 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुलिस अधिकारियों के कार्यों के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संभाली।

उन्होंने लाइबेरिया की राष्ट्रीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय कर आधुनिक पुलिसिंग पद्धतियों को लागू करने में योगदान दिया। उनके कार्यों की संयुक्त राष्ट्र पुलिस प्रमुख द्वारा सराहना भी की गई।


लोकायुक्त में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई

मार्च 2017 से मई 2022 तक विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त संगठन में पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ रहते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत ट्रैप और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में कार्रवाई की। सतना नगर निगम आयुक्त से संबंधित 12 लाख रुपये की रिश्वत के ट्रैप प्रकरण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गुना पुलिस अधीक्षक के रूप में उन्होंने हनुमान टेकरी डकैती प्रकरण में पुलिस टीम का नेतृत्व किया और 12 किलोग्राम चांदी की बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कर्फ्यू से लेकर सिंहस्थ तक कुशल नेतृत्व

सिंगरौली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में तीन दिवसीय कर्फ्यू के दौरान उन्होंने पुलिस बल का प्रभावी नेतृत्व किया और शासकीय संपत्ति एवं अन्य संसाधनों को न्यूनतम नुकसान सुनिश्चित किया। कबाड़, कोयला और डीजल चोरी जैसी गतिविधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (SISF) की द्वितीय वाहिनी के प्रथम सेनानी के रूप में उन्होंने नई वाहिनी की स्थापना में योगदान दिया। धार में भोजशाला क्षेत्र में रंगपंचमी का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए विभिन्न धार्मिक समूहों के साथ संवाद और समन्वय स्थापित किया।

वर्ष 2016 में उज्जैन सिंहस्थ के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा सिंहस्थ ज्योति पदक से सम्मानित किया गया।

अपराध नियंत्रण और जनोन्मुखी पुलिसिंग पर रहेगा जोर

पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार संभालने के बाद श्री संजीव सिंहा के सामने जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराधों की रोकथाम एवं नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive