बच्चियों के सिर पर गिरा स्कूल का प्लास्टर, सेवादल ने जलाया ‘हकीकत का दिया’
तीनबत्ती न्यूज: 19 सितम्बर, 2026
सागर। आमाखुर्द प्राथमिक स्कूल में छत का प्लास्टर गिरने से दो छात्राओं के घायल होने की घटना ने सरकारी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे बीएमसी पहुंचे और उपचाररत छात्राओं एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
इसके बाद कटारे दोपहर में आमाखुर्द पहुंचे और स्कूल भवन का निरीक्षण किया। जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए उन्होंने स्कूल परिसर में ‘हकीकत का दिया’ जलाकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि यह दिया किसी उत्सव का नहीं, बल्कि सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत सामने लाने का प्रतीक है।
कटारे ने कहा कि जिन हाथों में किताब और कलम होनी चाहिए, उन्हीं बच्चों के सिर पर छत का मलबा गिर रहा है। दो बच्चियों के सिर में टांके आना केवल हादसा नहीं, बल्कि स्कूल भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। उन्होंने कहा कि यदि भवन वर्ष 2017 से जर्जर था और मरम्मत की मांग लगातार की जा रही थी, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और विकास को लेकर बड़े दावे करती है, लेकिन दूसरी ओर जिले के कई स्कूल भवन मरम्मत की प्रतीक्षा में हैं। आमाखुर्द की घटना सरकारी दावों और जमीन पर मौजूद स्थिति के बीच अंतर को सामने लाती है।
एक माह में मरम्मत नहीं हुई तो स्वयं काम कराने की बात
कटारे ने कहा कि सरकार और प्रशासन को एक माह का समय है। यदि इस अवधि में आमाखुर्द स्कूल भवन की मरम्मत शुरू कर उसे सुरक्षित नहीं किया गया, तो वे स्वयं अपने स्तर पर स्कूल भवन की मरम्मत का कार्य कराने के लिए आगे आएंगे। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस मामले में केवल बयान देकर पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने प्रशासन से जिले के सभी जर्जर स्कूल भवनों की तत्काल जांच कराने, असुरक्षित भवनों में पढ़ाई रोककर वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा आमाखुर्द स्कूल की घटना में जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की मांग की।
ये रहे शामिल
इस दौरान प्रदेश महासचिव विजय साहू, नितिन पचौरी, परख शुक्ला, पंकज सोनी, प्रवीण यादव, मुकुल अग्निहोत्री, अंकुर यादव, अन्नू घोषी, कृष्णा ताम्रकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






