उपस्थिति लगाकर विद्यालय से गायब मिले शिक्षक: नोटिस के साथ अतिथि शिक्षक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
तीनबत्ती न्यूज: 6 अक्टूबर 2026
सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन ने मंगलवार को मालथौन विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति दर्ज करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित मिले शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा बिना सूचना अनुपस्थित अतिथि शिक्षक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोंगर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजवास, शासकीय एकीकृत हाईस्कूल पाली, शासकीय प्राथमिक शाला पाली, शासकीय प्राथमिक-माध्यमिक शाला परसोन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोड़ा, शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला रोड़ा और शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरिया बामन का निरीक्षण किया।
उपस्थिति दर्ज कर विद्यालय से अनुपस्थित मिले शिक्षक
निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजवास के प्राथमिक शिक्षक मुकेश तिवारी तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरिया बामन के अनिल जैन उपस्थिति दर्ज करने के बाद विद्यालय में अनुपस्थित पाए गए। दोनों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला रोड़ा के प्राथमिक शिक्षक रामेश्वर प्रसाद कुर्मी और अविनाश कुमार दुबे भी हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय में अनुपस्थित मिले। दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरिया बामन की अतिथि शिक्षक कीर्ति नामदेव भी बिना सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। जिला शिक्षा अधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
समय पर खुलें और बंद हों विद्यालय
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सभी विद्यालय निर्धारित समय पर खुलें और बंद हों। शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचें और ई-अटेंडेंस दर्ज करने के बाद विद्यालय में ही मौजूद रहें। उपस्थिति दर्ज करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी विद्यार्थी शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। विद्यालयों में उपलब्ध नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें और साइकिलें पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएं। यदि पाठ्य पुस्तकें अथवा साइकिलें अतिरिक्त बची हैं तो उन्हें तत्काल विकासखंड शिक्षा अधिकारी के समक्ष वापस करने की कार्रवाई की जाए।
निर्माणाधीन भवन का भी किया निरीक्षण
शासकीय हाईस्कूल पाली के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोंगर के निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन निर्माण में आ रही हाईटेंशन लाइन और अतिक्रमण से संबंधित जानकारी ली गई। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र के माध्यम से जानकारी भेजी गई है।
रोड़ा स्कूल परिसर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोड़ा के निरीक्षण के दौरान प्राचार्य द्वारा विद्यालय परिसर में अतिक्रमण की जानकारी दी गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने राजस्व अधिकारियों से चर्चा कर अतिक्रमण हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।







