Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Wildlife Protection लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Wildlife Protection लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सागर: खुरई के जंगल में शिकार की कोशिश, वन विभाग ने कार सहित हथियार और कारतूस किए जब्त : दो आरोपी गिरफ्तार

सागर: खुरई के जंगल में शिकार की कोशिश, वन विभाग ने कार सहित हथियार और कारतूस किए जब्त : दो आरोपी गिरफ्तार



तीनबत्ती न्यूज: 22 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले के खुरई वन परिक्षेत्र में वन्यप्राणियों के शिकार के प्रयास का मामला सामने आया है। वन विभाग की रात्रि गश्त के दौरान टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से काले रंग की महिंद्रा XUV 3XO कार, हथियार, तीन जिंदा कारतूस, दो खाली कारतूस और अन्य सामग्री जब्त की गई है। जंगल में सर्च लाइट और टॉर्च से तलाश कर रहे दो अन्य व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की सुबह करीब 4:21 बजे ग्राम घोरट के समीप बीट बलोप 'ब' के वनकक्ष क्रमांक PF-22 में वन अमले को वन भूमि के रास्ते के किनारे बिना नंबर प्लेट की एक कार खड़ी दिखाई दी। इसी दौरान जंगल में दो व्यक्ति सर्च लाइट और टॉर्च की मदद से आसपास तलाश करते नजर आए। उनके पास दो बंदूकें भी थीं।

वन अमले ने तत्काल वाहन की घेराबंदी की। इस दौरान जंगल में मौजूद दोनों व्यक्ति टॉर्च बंद कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। इसके बाद कार की तलाशी लेने पर उसमें बैठे दो व्यक्तियों की पहचान शिवम पिता प्रह्लाद लोधी (21 वर्ष), निवासी मालथौन और सत्यम पिता हुकुम लोधी (24 वर्ष), निवासी सेमरा के रूप में हुई। दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

कार से मिलीं नंबर प्लेट, कारतूस और सागौन की लकड़ी

वाहन की तलाशी के दौरान आगे और पीछे की दो नंबर प्लेट, सागौन की लकड़ी, एक चाकू, तीन जिंदा कारतूस और दो खाली कारतूस बरामद किए गए। वन विभाग ने अपराध में प्रयुक्त काले रंग की महिंद्रा XUV 3XO कार सहित बरामद सामग्री जब्त कर ली।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

वन विभाग ने दो गिरफ्तार और दो फरार आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय मालथौन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई वन संरक्षक वन वृत्त सागर रिपुदमन सिंह एवं वनमंडलाधिकारी उत्तर सागर चंद्रशेखर सिंह के निर्देशन, उपवन मंडलाधिकारी जयप्रकाश के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी चंद्र भूषण सिंह ठाकुर के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई में डिप्टी रेंजर वीरेंद्र तिवारी, वनरक्षक वीर प्रताप सिंह, दिनेश मिश्रा, अंकुर राजपूत, रवि जोहरी, राजेन्द्र कुर्मी, राकेश प्रजापति तथा सुरक्षाकर्मी हरनाम कुर्मी एवं अन्नू प्रजापति की भूमिका रही।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive