Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त सख्त: शराब दुकान पर 10 हजार का जुर्माना, टायर और रेत-गिट्टी दुकानदारों को दो दिन का अल्टीमेटम

सागर में सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त सख्त:  शराब दुकान पर 10 हजार का जुर्माना, टायर और रेत-गिट्टी दुकानदारों को दो दिन का अल्टीमेटम

• राजघाट चौराहे से मोतीनगर तक निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने किया निरीक्षण


तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026

सागर। शहर की सफाई व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण को लेकर नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ राजकुमार खत्री ने रविवार सुबह सख्त रुख अपनाया। उन्होंने राजघाट चौराहे से मोतीनगर चौराहे तक भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण और विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान धर्मश्री स्थित शराब दुकान परिसर में गंदगी मिलने पर संचालक के खिलाफ 10 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई कराई गई।



टायर और रेत-गिट्टी दुकानदारों को दो दिन का नोटिस

निगमायुक्त ने बाघराज वार्ड के सोमनाथपुरम के पास मुख्य मार्ग पर टायर का व्यवसाय करने वाले दुकानदारों द्वारा सड़क पर टायर और अन्य सामग्री रखने पर नाराजगी जताई। वहीं खाली प्लॉटों में रेत और गिट्टी का व्यवसाय करने वालों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सामग्री रखने से आवागमन प्रभावित होने पर संबंधित दुकानदारों को दो दिन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर निगम सामग्री जब्त करने के साथ नियमानुसार चालानी कार्रवाई करेगा।

शराब दुकान पर 10 हजार का जुर्माना

धर्मश्री स्थित शराब दुकान परिसर में गंदगी और सफाई का अभाव मिलने पर निगमायुक्त ने तत्काल दुकान संचालक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगवाया। उन्होंने कहा कि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने प्रतिष्ठान के साथ आसपास के क्षेत्र में भी नियमित साफ-सफाई रखें। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी।

मोतीनगर चौपाटी व्यवस्थित करने और फाउंटेन चालू करने के निर्देश

निगमायुक्त ने मोतीनगर चौराहे पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौराहे पर लगने वाले सभी ठेले व्यवस्थित रूप से निर्धारित चौपाटी स्थल पर लगाने को कहा। साथ ही मोतीनगर चौराहे पर बने फाउंटेन को चालू कराने के निर्देश भी दिए।

सड़क निर्माण कार्य का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्मार्ट सिटी द्वारा सोमनाथपुरम-धर्मश्री रोड पर कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने कहा कि सागर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक और व्यवसायी की भी जिम्मेदारी है। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के सामने स्वच्छता बनाए रखें और सड़क अथवा सार्वजनिक स्थलों पर सामग्री रखकर आवागमन बाधित न करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएं तथा लापरवाही मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करें।

Share:

साप्ताहिक राशिफल : 16 से 22 नवंबर 2026: सूर्य के वृश्चिक राशि में गोचर से बदलेगा इन 12 राशियों का भाग्य, जानिए अपना राशिफल • पंडित अनिल पाण्डेय

साप्ताहिक राशिफल : 16 से 22 नवंबर 2026: सूर्य के वृश्चिक राशि में गोचर से बदलेगा इन 12 राशियों का भाग्य, जानिए अपना राशिफल

• पंडित अनिल पाण्डेय


तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026

जय श्री राम

हम भारतवंशियों के अंदर प्रकृति प्रेम कूट-कूट कर भरा है। अपने इसी प्रेम के कारण हमने प्रकृति के बहुत सारे रहस्यों पर से पर्दा उठाया है। अगर प्रकृति में हम पशुओं और पक्षियों के बीच में सामंजस्य की बात करें तो इसका एक बड़ा उदाहरण मगरमच्छ और इजिप्शियन प्लोवर नाम के पक्षी के बीच की वाइंडिंग है। इजिप्शियन प्लोवर को क्रोकोडाइल बर्ड भी कहा जाता है। धूप सेकते समय जब मगरमच्छ अपना मुँह खोलकर नदी किनारे बैठता है, तब यह छोटा पक्षी उसके मुँह के अंदर जाकर दाँतों में फंसे मांस के रेशे और जोंक (leeches) साफ करता है। इससे मगरमच्छ के दाँतों और मसूड़ों में संक्रमण नहीं होता है।

आश्चर्य यह है की इतना बड़ा मगरमच्छ जिससे पानी के सभी प्राणी डरते हैं अपने मुंह के अंदर एक छोटे से पक्षी को जाने देता है। वह छोटा सा पंछी केवल अंदर जाता ही नहीं है वरन मगरमच्छ के तकलीफ को ढूंढता है और ढूंढ कर तकलीफ को दूर करता है। प्रकृति के इन्हीं नियमों को तलाशते हुए हमारे ऋषि मुनियों ने ग्रह और नक्षत्र के बारे में खोज किया और ज्योतिष शास्त्र की रचना की। आज मैं पंडित अनिल पाण्डेय मनुष्य द्वारा दिए गए ज्योतिष ज्ञान के बल पर 16 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक के सप्ताह का साप्ताहिक राशिफल बताने जा रहा हूं। आपकी राशि का राशिफल आपके लिए कम से कम 80% सही निकलेगा।

ग्रहों का विचरण

राशिफल की इस यात्रा के प्रथम पड़ाव पर सबसे पहले ग्रहों के विचरण की चर्चा करते हैं:

  • मंगल और गुरु: सिंह राशि में
  • बुध: तुला राशि में
  • शुक्र: कन्या राशि में
  • वक्री शनि: मीन राशि में
  • राहु: कुंभ राशि में
  • सूर्य: प्रारंभ में तुला राशि में रहेंगे तथा 17 तारीख के 08:03 बजे से वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे। तुला राशि में सूर्य नीच के होते हैं तथा वृश्चिक राशि उनके मित्र मंगल की राशि है। इस कारण सूर्य के इस गोचर का काफी बड़ा प्रभाव आप सभी पर पड़ेगा। इसके लिए एक अलग से वीडियो बनाया जा रहा है।

राशिवार राशिफल (Weekly Horoscope)

♈ 1. मेष राशि (Aries)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपको अपने संतान से बहुत अच्छा सहयोग प्राप्त हो सकता है। परीक्षाओं में सफलता प्राप्त होगी। छात्रों की पढ़ाई अच्छी चलेगी। व्यापारियों के व्यापार में वृद्धि होगी। शत्रु शांत रहेंगे। अगर कोई दुर्घटना होती है तो आपको कोई नुकसान नहीं होगा।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 16 और 22 तारीख विभिन्न प्रकार के कार्यों के लिए परिणाम दायक हैं। 20 और 21 तारीख को आपके कार्यों को सावधानी पूर्वक करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन राम रक्षा स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

♉ 2. वृष राशि (Taurus)

  • फलकथन: यह सप्ताह जनप्रतिनिधियों के लिए काफी उत्तम रहेगा। प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। व्यापार आपका अच्छा चलेगा। आपके जीवनसाथी का आत्मविश्वास बहुत अच्छा रहेगा। उनका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। छात्रों की पढ़ाई में बाधा पड़ सकती है, पढ़ाई के प्रति छात्र सावधान रहें। धन प्राप्त होने की उम्मीद है।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 17, 18 और 19 तारीख सफलता दायक हैं। 22 तारीख को आपको सावधानी पूर्वक कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♊ 3. मिथुन राशि (Gemini)

  • फलकथन: इस सप्ताह आप थोड़े से प्रयासों से अपने शत्रुओं को आसानी से पराजित कर सकते हैं। भाग्य के स्थान पर इस सप्ताह आपको अपने कर्म पर विश्वास करना चाहिए। कर्मचारियों अधिकारियों के लिए यह सप्ताह सामान्य से बेहतर रहेगा। इस सप्ताह आपको संतान से सहयोग प्राप्त होगा। जनप्रतिनिधियों के लिए सप्ताह थोड़ा कम अच्छा है। आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। धन प्राप्त होने की उम्मीद है।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 20 और 21 तारीख उपयोगी हैं। 16 तारीख को आपको सावधानी पूर्वक कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

♋ 4. कर्क राशि (Cancer)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपके पास धन आने की उम्मीद है। भाई बहनों के साथ अगर आपके संबंध पहले से कुछ खराब है तो इस सप्ताह उनके ठीक होने की संभावना बन सकती है, थोड़ा सा आपको प्रयास करना पड़ेगा। जनप्रतिनिधियों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा, उनके प्रतिष्ठा में वृद्धि संभव है। इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त हो सकता है। छात्रों की पढ़ाई अच्छी चलेगी।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 16 और 22 तारीख विभिन्न प्रकार के कार्यों में लाभदायक है। 17, 18 और 19 तारीख को आपको सावधानी पूर्वक कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन काले उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में जाकर शनि देव का पूजन करें।
  • शुभ दिन: सोमवार

♌ 5. सिंह राशि (Leo)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आपके बहुत सारे कार्य आपके कम प्रयास से भी सफल हो सकते हैं। भाई बहनों के साथ आपका संबंध अच्छा रहेगा। धन आने की मात्रा में थोड़ी कमी हो सकती है, धन के मामले में सावधानी बरतें। जनप्रतिनिधियों का कार्य अच्छा चलेगा, उनको जनता में प्रतिष्ठा प्राप्त हो सकती है।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 17 तारीख की दोपहर से लेकर 18 और 19 तारीख फलदायक है। सप्ताह के बाकी दिनों में सचेत रहकर कार्य करने की आवश्यकता है।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

♍ 6. कन्या राशि (Virgo)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपके पास धन आने की उम्मीद है। कचहरी के कार्यों में भी अगर आप सावधानी पूर्वक कार्य करेंगे तो आपको सफलता प्राप्त होगी। भाई बहनों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। इस सप्ताह आपको भाग्य के स्थान पर अपने कर्म पर विश्वास करना चाहिए। जैसा आप कर्म करेंगे उसी के अनुसार आपको फल की प्राप्ति होगी, भाग्य पर भरोसा करके कहीं भी कोई कार्य न करें।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 20 और 21 तारीख विभिन्न प्रकार से अनुकूल है। 17 तारीख की दोपहर से लेकर 18, 19 और 22 तारीख को आपको सचेत रहना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन सफेद चावल का दान दें और शुक्रवार को मंदिर में जाकर पुजारी जी को सफेद वस्त्रों का दान करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

♎ 7. तुला राशि (Libra)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपके व्यापार में वृद्धि हो सकती है, मगर उसके लिए आपको प्रयास करने पड़ेंगे। व्यापार से धन लाभ होगा। व्यापारियों के अलावा बाकी लोगों को भी धन लाभ होने की उम्मीद है। कचहरी के कार्यों में सफलता प्राप्त हो सकती है परंतु विशेष प्रयास आवश्यक हैं। इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा। छात्रों को पढ़ाई में ज्यादा ध्यान देना चाहिए, पढ़ाई में बाधा पड़ सकती है।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 16 और 22 तारीख विभिन्न प्रकार से शुभ है। 20 और 21 तारीख को आपको होशियारी से अपने कार्यों को निपटाना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♏ 8. वृश्चिक राशि (Scorpio)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपका आत्मविश्वास अत्यंत उच्च स्तर पर रहेगा। बहुत दिनों बाद आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए सप्ताह बहुत अच्छा रहेगा, उनको सफलताएं प्राप्त होंगी। धन लाभ में थोड़ी कमी हो सकती है परंतु उसके लिए बहुत चिंता ना करें, शेयर या अन्य किसी रिस्क वाली जगह पर धन न लगाएं।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 17, 18 और 19 तारीख लाभप्रद है। 22 तारीख को आपको सावधानी पूर्वक कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

♐ 9. धनु राशि (Sagittarius)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपको कचहरी के कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। व्यापार में धन लाभ होगा। अगर आप पर किसी तरह का कोई कर्ज है तो उसमें कमी आएगी। कर्मचारी और अधिकारियों को बड़े सोच समझकर कार्य करना चाहिए, उनको सावधान रहना चाहिए। इस सप्ताह आपको अपने भाग्य से भी मदद प्राप्त होगी। भाई बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे। पिताजी के स्वास्थ्य के प्रति थोड़ा ध्यान दें।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 20 और 21 तारीख विभिन्न प्रकार से परिणाम मूलक हैं। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं।
  • उपाय: प्रतिदिन विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

♑ 10. मकर राशि (Capricorn)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपके पास धन आने की अच्छी उम्मीद है, थोड़ा प्रयास करें अधिक धन की प्राप्ति होगी। भाग्य भी इस सप्ताह आपकी मदद करेगा। शेयर बाजार तथा लॉटरी में धन लगा सकते हैं। किसी भी तरह के दुर्घटनाओं में आपको कोई नुकसान नहीं होगा। गलत रास्ते से भी धन आने का योग है। भाई बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 16 और 22 तारीख प्रभावशाली हैं। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं।
  • उपाय: प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
  • शुभ दिन: शनिवार

♒ 11. कुंभ राशि (Aquarius)

  • फलकथन: यह सप्ताह आपके जीवनसाथी के लिए काफी अच्छा रहेगा। उनका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। आपके व्यापार में वृद्धि होगी, व्यापार में आपको मदद प्राप्त हो सकती है। यात्रा का योग भी बन सकता है। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए सप्ताह काफी अच्छा है। भाग्य से आपको मदद प्राप्त होगी। भाई बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 17 की दोपहर से लेकर 18 और 19 तारीख श्रेष्ठ हैं। 16 और 17 की दोपहर तक आपको सावधानी से अपने कार्यों को निपटाना चाहिए।
  • उपाय: शिव पंचाक्षर स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♓ 12. मीन राशि (Pisces)

  • फलकथन: अविवाहित जातकों के लिए सप्ताह अच्छा हो सकता है। उनके विवाह के अच्छे प्रस्ताव आ सकते हैं, परंतु उन प्रस्तावों पर बड़ी सावधानी पूर्वक कार्य करना चाहिए। भाग्य से भी इस सप्ताह आपको मदद मिलेगी। व्यापार सामान्य रहेगा। आप अपने शत्रुओं को इस सप्ताह बड़े आसानी से पराजित कर सकते हैं। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए भी यह सप्ताह ठीक-ठाक है।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 20 और 21 तारीख कार्यों को करने के लिए उपयुक्त हैं। 17, 18 और 19 तारीख को आपको सावधानी पूर्वक सचेत रहकर अपने कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करें।
  • शुभ दिन: रविवार

समापन टिप्पणी

ध्यान दें कि यह सामान्य भविष्यवाणी है। अगर आप व्यक्तिगत और सटीक भविष्यवाणी जानना चाहते हैं तो आपको मुझसे दूरभाष पर या व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपनी कुंडली का विश्लेषण करवाना चाहिए।

मां शारदा से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहें।

जय मां शारदा।

निवेदक:- पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता प्रश्न कुंडली और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया

Share:

सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, दूसरा गंभीर

सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, दूसरा गंभीर, शराब दुकान सील

• मछरयाई शराब दुकान के बाहर बेहोशी की हालत में मिला था युवक


तीनबत्ती न्यूज:14 नवंबर, 2026

सागर। जिले में शराब पीने के बाद दो युवकों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। मोतीनगर थाना क्षेत्र के मछरयाई स्थित शराब दुकान से शनिवार रात शराब पीने के बाद दोनों युवकों की हालत बिगड़ गई। गंभीर अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर किया गया है।

जहरीली शराब कांड अभी थमा नहीं

दो महीने में पहले सितम्बर माह में भी सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ में जहरीली शराब पीने से 20 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। इसमें कलेक्टर एसपी आदि हटाए गए, वही आधा दर्जन से अधिक अधिकारी कमर्चारी सस्पेंड हुआ। इसकी लिए बने जांच आयोग की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। 

पिछले हफ्ते देवरी के केसली क्षेत्र में भी शराब पीने से हुई कथित मौत को लेकर अभी बबाल मचा हुआ है। जिसको लेकर धरने प्रदर्शन चल रहे है। आज की घटना ने प्रशाशन को फिर सकते में डाल दिया है। 

शराब दुकान के बाहर पड़ा मिला युवक

शराब पीने से मृतक की पहचान विष्णु (35 वर्ष), पिता राजाराम खटीक, निवासी मछरयाई के रूप में हुई है। वहीं गंभीर हालत में भर्ती दूसरे युवक की पहचान कमलेश (22 वर्ष), पिता रामचरण सोनी, निवासी पुरव्याऊ टौरी के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग के अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। सीएसपी  ललित कश्यप, मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह और कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंहल आदि ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर अमानक अथवा जहरीली शराब की आशंका जताई जा रही है। आबकारी अधिकारी वंदना पांडेय भी पहुंची।  हालांकि युवकों की तबीयत बिगड़ने और विष्णु की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

एएसपी नरेंद्र सोलंकी के मुताबिक शराब दुकान के बाहर एक मृत अवस्था में मिला। वह आदतन शराबी था।घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन संबंधित शराब दुकान को सील कर दिया है। वहीं, शराब की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे जाने की तैयारी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब में किसी तरह की मिलावट तो नहीं थी।

मृतक के भाई पप्पू खटीक ने बताया कि किसी परिचित ने आकर सूचना दी थी कि विष्णु शराब दुकान के बाहर बेहोशी की हालत में पड़ा है। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें विष्णु की मौत की जानकारी मिली।

घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा और चिंता का माहौल है। पुलिस शराब के स्रोत और युवकों की तबीयत बिगड़ने के कारणों की जांच कर रही है।



Share:

शाहगढ़: खाद वितरण में लापरवाही पर बी-पैक्स बगरोही के प्रबंधक निलंबित

खाद वितरण में लापरवाही पर कार्रवाई: बी-पैक्स बगरोही के सहायक समिति प्रबंधक निलंबित

तीनबत्ती न्यूज:14 नवंबर, 2026

सागर। खाद की कमी और वितरण में अनियमितता को लेकर किसानों की शिकायत के बाद शाहगढ़ क्षेत्र की बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित (बी-पैक्स) बगरोही के सहायक समिति प्रबंधक लखनलाल यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर की गई है।

जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर को आयोजित जनविश्वास शिविर में बगरोही समिति के किसानों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि समिति द्वारा उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। किसानों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने खाद वितरण में अनियमितता और शासकीय कार्य में लापरवाही के मामले में संबंधित अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के निर्देश के परिप्रेक्ष्य में प्रशासक, बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बगरोही द्वारा सहायक समिति प्रबंधक लखनलाल यादव, शाखा शाहगढ़ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

पिछले साल से काफी कम हुआ खाद वितरण

बगरोही समिति में खाद वितरण के आंकड़े भी इस बार कमी की स्थिति बता रहे हैं। पिछले रबी सीजन में समिति द्वारा किसानों को कुल 360 मीट्रिक टन खाद वितरित की गई थी, जबकि वर्तमान रबी सीजन में अब तक केवल 130 मीट्रिक टन खाद का ही वितरण हुआ है।

बताया गया है कि समिति द्वारा समय पर खाद की मांग नहीं किए जाने के कारण किसानों को खाद उपलब्ध नहीं हो पाई। ऐसे में किसानों को खाद के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायत के बाद हुई निलंबन की कार्रवाई से सहकारी समितियों में खाद की मांग, उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।

Share:

पश्चिम क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता: गौर विश्वविद्यालय की 62-07 से बड़ी जीत

पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी रोमांचक मुकाबले, गौर विश्वविद्यालय की बड़ी जीत



तीनबत्ती न्यूज:14 नवंबर, 2026

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के तत्वावधान में बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, सिरोंजा परिसर में आयोजित पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालयीन पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। देशभर से आई विश्वविद्यालयों की टीमों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। दूसरे दिन डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात की ज्ञान मंजरी इनोवेटिव यूनिवर्सिटी को 62-07 के बड़े अंतर से पराजित किया।


गौर विश्वविद्यालय की एकतरफा जीत

प्रतियोगिता के दूसरे दिन पूल-A एवं पूल-B के अंतर्गत कई मुकाबले खेले गए। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के ज्वाइंट रजिस्ट्रार संतोष सहगौर एवं डिप्टी रजिस्ट्रार सतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दिन के प्रमुख मुकाबले में गौर विश्वविद्यालय की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। खिलाड़ियों ने शानदार रेडिंग और मजबूत डिफेंस के दम पर गुजरात की ज्ञान मंजरी इनोवेटिव विश्वविद्यालय की टीम को 62-07 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।

अन्य मुकाबलों में सिंघानिया विश्वविद्यालय ने शंकर शाह विश्वविद्यालय को 45-28 से तथा गोवा विश्वविद्यालय ने डी.वाई. पाटिल विश्वविद्यालय को 36-25 से पराजित किया।


पूल-B में भी टीमों ने दिखाया दम

पूल-B के मुकाबलों में कविकुलगुरु कालिदास संस्कृत विश्वविद्यालय ने दो मुकाबलों में क्रमशः 22 और 17 अंकों के अंतर से जीत दर्ज की। भारती विद्यापीठ ने 16 अंक, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय ने 24 अंक तथा डी.वाई. पाटिल विश्वविद्यालय, पुणे ने 20 अंकों के अंतर से अपने मुकाबले जीते। इसी तरह गोवा विश्वविद्यालय ने 11 अंक, जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय ने 4 अंक, महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा ने 23 अंक तथा भोपाल विश्वविद्यालय ने 3 अंकों के अंतर से जीत हासिल की। सेंट गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय ने 2 अंकों और सिंघानिया विश्वविद्यालय ने 23 अंकों के अंतर से अपने मुकाबले जीते।


खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया

इस अवसर पर बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष संतोष कुमार जैन 'घड़ी' एवं सचिव डॉ. सत्येंद्र जैन ने विजेता टीमों को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।खेल एवं शारीरिक शिक्षा संचालक डॉ. विवेक बी. साठे ने  कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में शारीरिक दक्षता के साथ नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।

कार्यक्रम में बीटीआईपीएस निदेशक प्रो. संजय आर. जैन, ग्रुप सलाहकार प्रो. सुबोध जैन, ग्रुप रजिस्ट्रार डॉ. तरुण कुमार सिंह, डॉ. विवेक बी. साठे, शैलेश मेमोरियल स्कूल के डायरेक्टर संदीप जैन, बीटी इंस्टीट्यूट ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य डॉ. राजू टंडन, बीटीआईआरटी के प्राचार्य डॉ. वीरेश फुसकेले, बीटीआईपीएस के प्राचार्य डॉ. अशोक जैन सहित विभिन्न संस्थानों के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Share:

सागर में पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता शुरू, 18 नवंबर तक होंगे मुकाबले

सागर में पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ, 18 नवंबर तक होंगे मुकाबले

• विधायक प्रदीप लारिया और कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे ने किया शुभारंभ


तीनबत्ती न्यूज:13 नवंबर, 2026

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर एवं बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) से स्वीकृत पश्चिम क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का शुक्रवार को सिरोंजा स्थित बीटी ग्रुप परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। 13 से 18 नवंबर 2026 तक चलने वाली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की पुरुष कबड्डी टीमें हिस्सा ले रही हैं।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक इंजी. प्रदीप लारिया रहे, जबकि अध्यक्षता डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष पं. श्याम तिवारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संचालक शारीरिक शिक्षा डॉ. विवेक बी. साठे, महाविद्यालयीन विकास परिषद के निदेशक प्रो. एन.पी. सिंह तथा एआईयू पर्यवेक्षक डॉ. सुशील कुमार भी मौजूद रहे।


खेलो इंडिया से बढ़ी ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान : प्रदीप लारिया

मुख्य अतिथि विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने खेलो इंडिया योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उचित प्रशिक्षण और संसाधन मिलने पर देश के युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का गौरव बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

कुलगुरु प्रो. नागेश दुबे ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में सहभागिता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। कबड्डी भारतीय परंपरा से जुड़ा ऐसा खेल है, जिसमें शारीरिक क्षमता के साथ रणनीति, साहस, त्वरित निर्णय और टीम समन्वय की आवश्यकता होती है। 

बीटी ग्रुप के चेयरमैन संतोष कुमार जैन 'घड़ी' ने देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान के लिए राष्ट्रीय स्तर की विश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता की मेजबानी करना गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार से ऊपर उठकर खेल भावना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को महत्व देने का आह्वान किया।


आयोजन व्यवस्थाओं की सराहना

संचालक शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. विवेक बी. साठे ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए बीटी ग्रुप द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की। बीटी ग्रुप के सचिव डॉ. सत्येंद्र जैन ने संस्थान की शैक्षणिक और खेल गतिविधियों की जानकारी दी।आयोजन के समन्वय और व्यवस्थाओं में बीटीआईपीएस के निदेशक प्रो. संजय आर. जैन, सलाहकार प्रो. सुबोध जैन एवं रजिस्ट्रार डॉ. तरुण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में शैलेश मेमोरियल स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद बीटी ग्रुप के विद्यार्थियों ने पारंपरिक बधाई नृत्य के माध्यम से लोक संस्कृति की झलक दिखाई। दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों ने सराहा।

इस अवसर पर शैलेश मेमोरियल स्कूल के डायरेक्टर संदीप जैन, बीटी इंस्टीट्यूट ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य डॉ. राजू टंडन, बीटीआईआरटी के प्राचार्य डॉ. वीरेश फुसकेले तथा बीटीआईपीएस के प्राचार्य डॉ. अशोक जैन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


18 नवंबर तक होंगे रोमांचक मुकाबले

13 से 18 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। मैदान पर खिलाड़ियों के रेडिंग, डिफेंस, सुपर टैकल और सामूहिक रणनीति के प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। 

Share:

बंडा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री और भाजपा सांसद के पुतले फूंके • आदिवासी सम्मान और किसान स्वाभिमान के मुद्दे पर कांग्रेस का विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बंडा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री और भाजपा सांसद के पुतले फूंके

• आदिवासी सम्मान और किसान स्वाभिमान के मुद्दे पर कांग्रेस का विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन


तीनबत्ती न्यूज: 13 नवंबर, 2026

सागर / बंडा। आदिवासी समाज के सम्मान और किसानों के अपमान के मुद्दे पर जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के नेतृत्व में शुक्रवार को बंडा के बरा चौराहा पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के पुतले दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर दोनों नेताओं से सार्वजनिक माफी की मांग की गई।


जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस पर मुख्यमंत्री का बयान पूरे आदिवासी समाज के सम्मान और अस्मिता पर चोट है। वहीं भाजपा सांसद द्वारा किसानों को नशेड़ी कहना देश के अन्नदाताओं का घोर अपमान है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज और किसानों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

पूर्व विधायक तरवर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी समाज और किसानों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। कांग्रेस जल, जंगल, जमीन और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋचा सिंह ने कहा कि आदिवासी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष दयाराम आदिवासी ने मुख्यमंत्री से बयान वापस लेकर सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

कार्यक्रम में आदिवासी कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष दयाराम आदिवासी, पूर्व विधायक तरवर सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋचा सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन मुकेश जैन ने किया तथा आभार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट भूपेंद्र सिंह राजपूत ने व्यक्त किया।

अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम बंडा को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री के बयान को वापस लेने और भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा से किसानों के प्रति की गई टिप्पणी पर सार्वजनिक माफी की मांग की।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर अभिषेक गौर, संजय रोहिदास, श्रीकांत सराफ, रणधीर सिंह, आशीक सिंह पापेट, नितिन वाजपेयी, संतोष यादव, जितेंद्र मिश्रा, राकेश जैन, साहिल खटीक, धर्मेंद्र सिंह, अशोक जैन, संतोष मिश्रा, बलराम नामदेव, राजू चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Share:

स्वच्छता सर्वेक्षण के पुरस्कार के असली हकदार सफाई कर्मी हैं : राजकुमार पचौरी ,: सफाई मित्र का हुआ सम्मान

स्वच्छता सर्वेक्षण के पुरस्कार के असली हकदार सफाई कर्मी हैं : राजकुमार पचौरी

• तीनबत्ती पर कांग्रेस सेवादल ने सफाई कर्मचारियों का शॉल, श्रीफल और फूलमाला पहनाकर किया सम्मान


तीनबत्ती न्यूज:13 नवंबर, 2026

सागर। स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती की पूर्व संध्या पर शहर कांग्रेस सेवादल परिवार द्वारा तीनबत्ती स्थित गौर मूर्ति के समक्ष नगर निगम के सफाई कर्मचारियों एवं सफाई दरोगाओं का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सफाई कर्मियों को फूलमाला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में सागर को देश के शीर्ष तीन स्वच्छ शहरों में स्थान दिलाने का वास्तविक श्रेय सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता दूतों को जाता है। उनकी मेहनत और समर्पण के कारण ही शहर को यह उपलब्धि हासिल हुई है। इसलिए सम्मान के असली हकदार सफाई कर्मी हैं।


वरिष्ठ कांग्रेस नेता चक्रेश सिंघई ने कहा कि सागर शहर में स्वच्छता के क्षेत्र में अभी भी कई कमियां हैं। शहर के प्रत्येक वार्ड में सीवेज की समस्या बनी हुई है। सीवेज ओवरफ्लो होने से जगह-जगह गंदगी और कीचड़ की स्थिति निर्मित होती है। इन समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।

ये रहे शामिल 

शहर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सेवादल महासचिव विजय साहू, पप्पू गुप्ता, शैलेन्द्र तोमर, अवधेश तोमर, पंकज सिंघई, परख शुक्ला, रिंकू केसरवानी, नारायण विश्वकर्मा, राकेश छावड़ा, शैलू गुप्ता, लल्ला यादव, आदित्य चौधरी, शाहरुख खान, अंकुर यादव, प्रवीण यादव, बाबू मछंदर, तरुण सैनी, अन्नू घोषी, भोले, लखन वाल्मीकि, शिवा वाल्मीकि, वीरू कुरड़िया, राजा वाल्मीकि, अरमान वाल्मीकि, शिवम, बंटू करोसिया, जय घटारे, ब्रजमोहन महावत, सियाबाई, सुधा रानी, अनीता, सुषमा, लक्ष्मी, कल्पना, वसंती और नीता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive