Sagar News: नामांतरण के बदले 10 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों पकड़ा लोकायुक्त पुलिस सागर ने
तीनबत्ती न्यूज: 12 जून ,2026
सागर। लोकायुक्त पुलिस सागर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को जैसीनगर तहसील के बम्होरी घाट हल्का क्रमांक-34 के पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई तिली तिराहा स्थित गणेशपुरम रोड पर की गई।
नामांतरण कराने के लिए मांगी थी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार तिली वार्ड निवासी भगवान दास सोलंकी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्रवधू ने ग्राम कंकर कुइया में 1.4 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदी है। भूमि के नामांतरण के लिए तहसीलदार कार्यालय जैसीनगर में आवेदन लंबित था। आरोप है कि नामांतरण प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में संबंधित पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
यह भी पढ़ें: सागर में CBI का बड़ा एक्शन: रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर 1 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
सत्यापन के बाद बनाई गई ट्रैप योजना
शिकायत प्राप्त होने के बाद लोकायुक्त कार्यालय सागर ने 8 जून को मामले का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की।
---------
यह भी देखे : लोकायुक्त में बड़ा फेरबदल : भोपाल, सागर और रीवा संभाग के एसपी बदले
-------------
रिश्वत लेते ही दबोचा
शुक्रवार को तिली तिराहा स्थित गणेशपुरम रोड पर शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय लोकायुक्त टीम ने आरोपी पटवारी को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।
यह भी पढ़ें: जमीन सीमांकन के बदले 80 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार: लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह ट्रैप कार्रवाई लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में निरीक्षक रंजीत सिंह, निरीक्षक कमल सिंह उइके सहित लोकायुक्त सागर की टीम शामिल रही।
यह भी पढ़ें: पटवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते लोकायुक्त पुलिस सागर ने रंगे हाथों पकड़ा
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त की अपील
लोकायुक्त पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत लोकायुक्त हेल्पलाइन 8435794333 पर तत्काल दर्ज कराएं।
-----------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________
---------------









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें