Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Farmers लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Farmers लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सागर जिला सहकारी बैंक की 115वीं वार्षिक सभा, ₹848.80 लाख लाभ का बजट स्वीकृत

जिला सहकारी बैंक सागर की 115वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न, ₹848.80 लाख लाभ का बजट स्वीकृत

तीनबत्ती न्यूज:  23 सितंबर 2026

सागर: जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, सागर की 115वीं वार्षिक साधारण सभा की बैठक बुधवार को बैंक मुख्यालय में कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए ₹5330 लाख की अनुमानित आय, ₹4481.20 लाख के व्यय और ₹848.80 लाख के संभावित लाभ का बजट सर्वसम्मति से स्वीकृत किया गया।



कमर्शियल बैंक की तर्ज पर बेहतर सुविधाओं पर जोर

अध्यक्षीय उद्बोधन में कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक प्रतिभा पाल ने बैंक के बेहतर प्रदर्शन के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कृषकों और खाताधारकों को वर्तमान में मिल रही सुविधाओं को और अधिक सुलभ एवं उन्नत बनाया जाए तथा कमर्शियल बैंकों की तर्ज पर बेहतर सर्विस डिलीवरी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने प्राथमिक सहकारी साख समितियों के माध्यम से शासन की कृषक हितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। खेती के यांत्रिकीकरण और सहायक गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध कराकर किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के निर्देश दिए।

डिपॉजिट और ऋण वसूली पर विशेष फोकस

कलेक्टर ने बैंक के डिपॉजिट बढ़ाने और ऋण वसूली में सुधार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर वसूली से बैंक की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी और पात्र लोगों को ऋण उपलब्ध कराने में आसानी होगी।

समितियों के शत-प्रतिशत कंप्यूटराइजेशन के निर्देश

बैठक में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के शत-प्रतिशत कंप्यूटराइजेशन पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों को समय पर अल्पकालीन ऋण उपलब्ध कराने के साथ मध्यम एवं दीर्घकालीन ऋण तथा संबद्ध गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया, ताकि कृषि में आधुनिक तकनीक और यांत्रिकीकरण को बढ़ावा मिल सके।


तीन साल की दूरगामी कार्ययोजना तैयार होगी

कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक प्रतिभा पाल ने बैंक की आगामी प्रगति के लिए तीन वर्ष की दूरगामी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन से आगामी वर्षों में बैंक के कामकाज और सेवाओं में उल्लेखनीय परिवर्तन दिखाई देना चाहिए।

बैठक में उपायुक्त प्रतिनिधि श्री बसंत रोहित, बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज दुरेजा, प्रबंधक लेखा सुश्री रितु मीणा, सहायक संचालक कृषि श्री अखिल राय, बैंक के अधिकारी तथा जिलेभर से आए अंशधारी सदस्य उपस्थित रहे।

Share:

किसानों की उपज का सुरक्षित भंडारण और समय पर भुगतान होगा बेहतर: संजय नगायच,अध्यक्ष,मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कारपोरेशन

किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण और समय पर भुगतान व्यवस्था को बनाया जाएगा और बेहतर

• आधुनिक तकनीक और नवाचार से बदलेगा मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग कारपोरेशन का स्वरूप : संजय नगायच


तीनबत्ती न्यूज : 23 अगस्त 2026

सागर। मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कारपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच ने कहा कि प्रदेश में किसानों की उपज के सुरक्षित भंडारण, खाद्यान्न की गुणवत्ता बनाए रखने और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न समय पर पहुंचाने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को समय पर भुगतान की व्यवस्था को भी बेहतर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : पिकनिक मनाने गये 9 युवक - युवतियां आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे : पुलिस और SDRF ने किया रेस्क्यू • पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे बचाव कार्य का लिया जायजा

श्री नगायच इन दिनों प्रदेश के विभिन्न संभागों में समीक्षा बैठकें करने के साथ वेयरहाउसों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान वे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे हैं तथा मौके पर सामने आने वाली समस्याओं के निराकरण के निर्देश दे रहे हैं। सागर में उन्होंने विभागीय समीक्षा बैठक के साथ ही मीडिया से चर्चा की । 

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 अगस्त 2026: इन राशियों पर रहेगी विशेष कृपा, जानें शुभ तारीख और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

उन्होंने बताया कि कारपोरेशन का मुख्य फोकस दो प्रमुख विषयों पर है। पहला, वेयरहाउसों का नियमित निरीक्षण कर वहां सामने आने वाली कमियों को दूर करना और दूसरा, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली, अनुशासन तथा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना। उन्होंने बताया कि पन्ना जिले में भी वेयरहाउसों के निरीक्षण के दौरान नियमों के समान रूप से पालन पर विशेष जोर दिया गया था।

आधुनिक तकनीक और नवाचार पर जोर

श्री नगाईच ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कारपोरेशन की कार्यप्रणाली में नवाचार और पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। गेहूं, चना, धान, मूंग सहित किसानों की विभिन्न उपज का बड़े स्तर पर भंडारण वेयरहाउसिंग कारपोरेशन द्वारा किया जाता है। भंडारित खाद्यान्न का बड़ा हिस्सा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचता है। इसलिए खाद्यान्न की सुरक्षा और गुणवत्ता बनाए रखना कारपोरेशन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कारपोरेशन को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में काम किया जाएगा। वेयरहाउस परिसरों में सोलर लाइट, ई-वेयरहाउसिंग और ई-कॉमर्स गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: कटनी जमीन घोटाला: सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन, CSP नेहा पच्चीसिया निलंबित, कार्यालय सील • 80 लाख की जमीन 18 लाख में ट्रांसफर कराने का आरोप : सीएसपी सहित तीन पर FIR

ई-कॉमर्स कंपनियों से जोड़ने की योजना

श्री नगाईच ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में स्थित वेयरहाउसों को बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों से जोड़ने तथा कारपोरेशन की उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। इसके अलावा वेयरहाउसों के आसपास फ्रूट फॉरेस्ट अथवा अन्य उपयोगी गतिविधियां विकसित करने की संभावनाएं भी देखी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स कारपोरेशन प्रदेश में नए और आधुनिक स्वरूप में दिखाई देगा। किसानों को वेयरहाउस से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए निर्धारित विभागीय माध्यमों के साथ-साथ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों के माध्यम से अपनी समस्या और सुझाव साझा करने की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

Share:

सीएम डॉ. मोहन यादव ने झाबुआ में कृषि सखियों से किया संवाद, प्राकृतिक खेती से बढ़ी किसानों की आय

झाबुआ में कृषि सखियों से मिले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बोले- प्राकृतिक खेती से बढ़ रही किसानों की आय


तीनबत्ती न्यूज: 31 जुलाई, 2026

झाबुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को झाबुआ जिले के दौरे के दौरान प्राकृतिक खेती अपनाने वाली कृषि सखियों और प्रगतिशील किसानों से संवाद कर उनके अनुभव जाने। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल लोगों की सेहत के लिए लाभकारी है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि क्षेत्र में नए अवसर पैदा हुए हैं और कृषि कल्याण वर्ष के तहत किसानों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कृषि सखी संगीता डामोर की सराहना

मुख्यमंत्री ने मेघनगर विकासखंड के ग्राम देवीगढ़ की कृषि सखी संगीता डामोर से प्राकृतिक खेती को लेकर चर्चा की। संगीता ने बताया कि उन्होंने पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया है और वर्तमान में अपने गांव सहित आसपास के 125 किसानों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण दे रही हैं। वे बीजामृत, जीवामृत और नीमास्त्र जैसे प्राकृतिक आदानों के उपयोग की जानकारी किसानों तक पहुंचा रही हैं।

उन्होंने बताया कि लगभग एक हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती करते हुए बेहतर फसल प्रबंधन अपनाने से गेहूं का उत्पादन 35 क्विंटल से बढ़कर 45 क्विंटल प्रति हेक्टेयर हो गया है, जिससे उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।



प्रगतिशील किसान विमल भाबोर ने साझा किए अनुभव

मुख्यमंत्री ने झाबुआ विकासखंड के ग्राम खेड़ी निवासी प्रगतिशील किसान विमल भाबोर से भी संवाद किया। भाबोर ने बताया कि उनके पास 25 बीघा कृषि भूमि है और वे खेती के साथ पशुपालन भी करते हैं। वे पिछले पांच वर्षों से जैविक खेती तथा दो वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत अपने खेत पर जैव संसाधन केंद्र (बीआरसी) स्थापित किया है, जहां जीवामृत, बीजामृत सहित अन्य प्राकृतिक आदान तैयार किए जाते हैं। इनका उपयोग वे स्वयं करने के साथ अन्य किसानों को भी उपलब्ध कराते हैं।

प्राकृतिक खेती से बढ़ी आय, मिला आत्मनिर्भर बनने का अवसर

विमल भाबोर ने बताया कि पहले खेती से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 50 हजार रुपये का लाभ मिलता था, जबकि प्राकृतिक खेती अपनाने के बाद उनकी वार्षिक आय बढ़कर 1 लाख से 1.50 लाख रुपये तक पहुंच गई है।

इसके अलावा मार्च से जून 2026 के दौरान जैव संसाधन केंद्र, नर्सरी, प्राकृतिक सब्जियों एवं फलों तथा वर्मी कम्पोस्ट से भी उन्हें अतिरिक्त आय प्राप्त हुई। मुख्यमंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती उत्पादन लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अन्य किसानों को भी इस दिशा में प्रेरित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी कृषि सखियों और किसान बहनों को आगामी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं।


Share:

सागर में कांग्रेस की साइकिल रैली, भाजपा सरकार से राम मंदिर चढ़ावा, उज्जैन जमीन और NEET परीक्षा पर मांगा हिसाब

Sagar Congress Cycle Rally: राम मंदिर चढ़ावा, उज्जैन जमीन और NEET पर भाजपा से मांगा हिसाब


तीनबत्ती न्यूज|4 जुलाई, 2026

सागर। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को शहर में साइकिल रैली निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे, उज्जैन में जमीन खरीद, NEET परीक्षा, किसानों की समस्याओं और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।

जिला शहर कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई रैली तीनबत्ती स्थित हनुमान मंदिर पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद जनजागरण अभियान के तहत शहर के विभिन्न मार्गों से साइकिल रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र राजे और हेमराज रजक ने किया।

भाजपा पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और विभिन्न राज्यों में जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि उज्जैन में विकास परियोजनाओं और मास्टर प्लान का लाभ मुख्यमंत्री और उनके परिवार को पहुंचाने के उद्देश्य से जमीनों की खरीद की गई है। उन्होंने इस मामले में सरकार से जवाब देने की मांग की।



पूर्व विधायक सुनील जैन ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे और व्यवस्थाओं को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को इन मामलों में जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

NEET, किसानों और महंगाई के मुद्दे उठाए

कांग्रेस नेता मुकुल पुरोहित ने वीआईपी दर्शन और अन्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। बाबू सिंह यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। रामकुमार पचौरी ने कहा कि प्रदेश में खाद संकट, महंगे कृषि यंत्र, डीजल की बढ़ती कीमतें, बिजली की समस्या और मनरेगा के लाभ में कमी से किसान परेशान हैं। जितेंद्र रोहन ने कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने NEET सहित भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।रैली के समापन पर आनंद हेला ने सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया।

ये रहे शामिल

साइकिल रैली में प्रमुख रूप से पुरषोत्तम मुन्ना चौबे, सागर साहू, नरेंद्र मिश्रा,सिंटू कटारे,शरद पुरोहित,रिषभ जैन, आनंद हैला, किरण लता सोनी, नीलेश अहिरवार, गीता कुशवाहा, रेखा सोनी, दीनदयाल तिवारी, समीर खान, नौशाद अब्बासी, मयंक ठक्कर,असमत खान विनीत जैन ताले वाले, साजिद राइन, रोहित मांडले, चमन अंसारी,डालचंद प्रजापति, अरविंद पंथी, महेश अहिरवार, कल्लू पटेल, तज्जु भाईजान, सुनील पाहवा, अनिल दक्ष, कुंजीलाल लड़ियां, तरुण कोरी, फिरदौस कुरैशी, अकील सिद्दीकी, जाहिद ठेकेदार, संजय रैकवार,भैयन पटैल,अजय लारिया, दीपक कुर्मी, सुरेश पंजवानी मानसींग चौधरी सुनील ठाकुर, निखिल जैन,अजय राजपूत, अरविंद मछंदर, गोपाल प्रजापति, देशराज यादव, सोहेब कुरैशी सहित अनेक कांग्रेसजन साइकिल पर सवार होकर नारेबाजी करते हुए चल रहे थे ।  


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive