Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Jaisinagar लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Jaisinagar लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सुरखी को 16 करोड़ की स्वास्थ्य सौगात: जैसीनगर में बनेगा 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल, मंत्री गोविंद राजपूत के प्रयासों से मिली सौगात

सुरखी को 16 करोड़ की ऐतिहासिक स्वास्थ्य सौगात, जैसीनगर में बनेगा 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के प्रयासों से मिली स्वीकृति, क्षेत्र को मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं


तीनबत्ती न्यूज: 23 जुलाई, 2026

सागर। सुरखी विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। राज्य शासन ने जैसीनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उन्नयन 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल के रूप में करने की मंजूरी देते हुए लगभग 16 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के लगातार प्रयासों और शासन स्तर पर किए गए फॉलोअप का परिणाम बताई जा रही है।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जैसीनगर अस्पताल का उन्नयन सुरखी विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों को सामान्य और विशेषज्ञ उपचार के लिए सागर, भोपाल या अन्य शहरों की ओर कम जाना पड़ेगा। इससे समय, धन और परेशानी की बचत होगी तथा बड़े अस्पतालों पर भी दबाव कम होगा।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की मिलेगी सुविधा

50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में चिकित्सा विशेषज्ञ, सर्जरी विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, पैथोलॉजिस्ट, ईएनटी विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, ओटी तकनीशियन और अन्य आवश्यक स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध रहेंगे।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत

अस्पताल में सुरक्षित प्रसव, हाई-रिस्क गर्भावस्था का उपचार, नवजात शिशु देखभाल, नियमित टीकाकरण, परिवार कल्याण सेवाएं तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं पहले से अधिक बेहतर तरीके से उपलब्ध होंगी। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने में भी मदद मिलेगी।

विकास की दिशा में बड़ा कदम

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, बिजली और स्वास्थ्य सहित सभी क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। जैसीनगर का 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।


Share:

सागर: पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार, जैसीनगर पुलिस ने कुल्हाड़ी भी बरामद की

पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर फरार आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद


तीनबत्ती न्यूज: 19 जुलाई 2026

सागर। सागर जिले की जैसीनगर पुलिस ने पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी को महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी राहतगढ़ योगेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में थाना जैसीनगर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

चरित्र शंका में की पत्नी की हत्या

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को फरियादी कोमल सेन ने थाना जैसीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 जुलाई की रात करीब 11:45 बजे कृषि मंडी गेट, जैसीनगर के पास रहने वाले मनोहर सेन ने अपनी पत्नी रश्मि सेन पर चरित्र शंका के चलते धारदार कुल्हाड़ी से गर्दन पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जंगल की ओर फरार हो गया।

डायल-112 पहुंची, लेकिन नहीं बच सकी जान

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरवी मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रश्मि सेन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसीनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले में थाना जैसीनगर में अपराध क्रमांक 192/2026 के तहत धारा 103(1), भारतीय न्याय संहिता (BNS) में हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना से दबोचा आरोपी

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

19 जुलाई को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मनोहर सेन केसली क्षेत्र के वनदेवी जंगल की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही जैसीनगर और केसली पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या स्वीकार, कुल्हाड़ी बरामद

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पत्नी पर संदेह के चलते आवेश में आकर हत्या की। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

इस अंधे हत्याकांड के त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक जे.पी. ठाकुर, प्रधान आरक्षक सहयोग कुमार, जयसिंह कुर्मी, हुकुम धुर्वे, कमलेश नामदेव, आरक्षक जितेन्द्र रजक, काजी सहित थाना जैसीनगर एवं थाना केसली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive