Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Sagar News Today लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Sagar News Today लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

Sagar: राहतगढ़ ब्रिज के पास गंदगी पर निगमायुक्त की कार्रवाई, स्वच्छता पर्यवेक्षक निलंबित:• दुकानदारों से मौके पर ही उठवाया कचरा

राहतगढ़ ब्रिज के पास गंदगी पर निगमायुक्त की सख्ती, स्वच्छता पर्यवेक्षक प्रकाश ताम्रकार निलंबित

• दुकानदारों से मौके पर ही उठवाया कचरा, 500-500 रुपये का जुर्माना कर काटे चालान; डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को लेकर दिए सख्त निर्देश



तीनबत्ती न्यूज : 1 सितंबर 2026

सागर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही को लेकर नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने मंगलवार सुबह औचक निरीक्षण के दौरान बड़ी कार्रवाई की। राहतगढ़ ब्रिज के आसपास सड़क किनारे डिस्पोजल, पानी पाउच, पान और गुटखा के पाउच सहित कचरे के ढेर मिलने पर निगमायुक्त ने संबंधित स्वच्छता पर्यवेक्षक प्रकाश ताम्रकार को मौके पर ही निलंबित कर दिया।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने पाया कि क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के बावजूद रहवासियों और दुकान संचालकों को कचरा संग्रहण वाहन में ही कचरा डालने के लिए पर्याप्त समझाइश नहीं दी जा रही थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि स्वच्छता कर्मचारियों की जिम्मेदारी केवल झाड़ू लगाना और कचरा उठाना ही नहीं है, बल्कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी उनकी जिम्मेदारी है।



खुले में कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई

निगमायुक्त के निर्देश पर सड़क किनारे खुले में कचरा फेंकने वाले दुकान संचालकों से मौके पर ही कचरा उठवाकर डस्टबिन में रखवाया गया। साथ ही सभी संबंधित दुकानदारों पर 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और चालान काटने की कार्रवाई की गई।

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समझाइश के बाद भी यदि कोई नागरिक खुले में कचरा फेंकता है तो उसके खिलाफ लगातार जुर्माने और दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गलती नागरिक की हो या निगम कर्मचारी की, स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर जोर

राजकुमार खत्री ने कहा कि नगर निगम के पास अत्याधुनिक कचरा प्रोसेसिंग प्लांट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में जरूरी है कि प्रत्येक घर और दुकान का कचरा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में ही डाला जाए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को यह व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शहर के तिराहे, चौराहे और सड़कें ही बाहर से आने वाले लोगों के सामने शहर की पहचान बनाती हैं। इसलिए इन स्थानों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखना जरूरी है।

नागरिकों की मांग पर बदला कचरा वाहन का समय

निगमायुक्त ने राहतगढ़ ब्रिज के आसपास के वार्ड की गलियों का भी निरीक्षण किया और स्थानीय रहवासियों से स्वच्छता संवाद किया। नागरिकों ने डोर-टू-डोर कचरा वाहन के समय में बदलाव की मांग रखी।

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि नागरिकों की सुविधा के अनुसार सुबह करीब 7 बजे कचरा संग्रहण वाहन वार्ड में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि निगम की सेवाएं नागरिकों की सुविधा के लिए हैं, इसलिए कचरा वाहन निर्धारित समय पर लोगों के घर-दुकान तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

स्थानीय रहवासियों ने समय में बदलाव के आश्वासन पर निगमायुक्त का आभार जताते हुए कचरा केवल कचरा संग्रहण वाहन में डालने और अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।


Share:

दिग्विजय सिंह का सर्व ब्राह्मण समाज ने किया सम्मान, परशुराम भवन के लिए दी ₹10 लाख की सांसद निधि

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का सर्व ब्राह्मण समाज सागर ने किया सम्मान: श्री परशुराम भवन के लिए दी 10 लाख की सांसद निधि


तीनबत्ती न्यूज: 26 अगस्त, 2026

सागर। सागर में भगवान श्री परशुराम भवन के निर्माण एवं विकास के लिए सांसद निधि से ₹10 लाख की राशि प्रदान करने पर सर्व ब्राह्मण समाज, सागर द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का सम्मान किया गया।

भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सर्व ब्राह्मण समाज, सागर के प्रतिनिधियों ने श्री दिग्विजय सिंह को शॉल एवं सम्मान पत्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। साथ ही भगवान श्री परशुराम जी की प्रतिमा भेंट कर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि भगवान श्री परशुराम भवन के लिए सांसद निधि से प्रदान की गई ₹10 लाख की राशि समाज के लिए महत्वपूर्ण सहयोग है। इस भवन के माध्यम से सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बेहतर स्थान उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।



सम्मान कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण समाज, सागर के अध्यक्ष पं. श्री रामावतार पांडे, पं. श्री संतोष कुमार पाण्डेय (पूर्व अध्यक्ष, नगर निगम सागर), पं. श्री राजेंद्र पाण्डेय ‘गुरुबाबा’ (अध्यक्ष, पुजारी संघ), पं. श्री अजय दुबे, पं. श्री प्रेमेन्द्र रिछारिया (गोलू), पं. श्री अनिल तिवारी (एस.वी.एन.), पं. श्री अमित दुबे (रामजी), पं. श्री मुकुल पुरोहित, पं. श्री रामकुमार पचौरी, पं. श्री कपिल पचौरी (गोलू), पं. श्री मरवेंद्र मिश्रा, पं. श्री निशात दुबे (बट्टू), पं. श्री सुरेंद्र तिवारी, पं. श्री चैतन्य कृष्ण पाण्डेय, पं. श्री आशीष गोस्वामी, पं. श्री बसंत तिवारी, पं. श्री ललित बाजपेयी, पं. श्री मृदय पंड्या, पं. श्री अतुल जी सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में समाजजनों ने श्री दिग्विजय सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्री परशुराम भवन के लिए मिले इस सहयोग से समाज की गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी।


Share:

पिकनिक मनाने गये 9 युवक - युवतियां आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे : पुलिस और SDRF ने किया रेस्क्यू • पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे बचाव कार्य का लिया जायजा

पिकनिक मनाने गये 9 युवक - युवतियां आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे :  पुलिस और SDRF ने किया रेस्क्यू 

• पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे, बचाव कार्य का लिया जायजा

तीनबत्ती न्यूज: 23 अगस्त 2026

सागर। सागर जिले के  प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आबचंद गुफा क्षेत्र में 22 अगस्त की शाम उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब गदेरी नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ने से पिकनिक मनाने पहुंचे सागर शहर के 9 युवक-युवतियां नदी के बीच पानी से घिरे टापू पर फंस गए। एक पत्थर पर ढाई घंटे बैठे रहे । सूचना मिलते ही सागर पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे और सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए।

------------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में बड़ा हादसा टला: आपचंद गुफा के पास नदी में फंसे 9 युवक-युवतियों का SDRF ने किया रेस्क्यू

------------

पिकनिक मनाने गये थे

घटना की सूचना 22 अगस्त की शाम करीब 6:50 बजे डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली। बताया गया कि आबचंद गुफा क्षेत्र में तेज बहाव के कारण 9 लोग चारों ओर से पानी से घिर गए हैं। परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी जोखिम था।

एसपी ने संभाली कमान, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने पूरे घटनाक्रम की पल-पल मॉनिटरिंग शुरू कर दी और संबंधित विभागों से समन्वय करते हुए तत्काल आवश्यक संसाधन मौके पर भेजने के निर्देश दिए। आबचंद गुफा की ओर से सीधे घटनास्थल तक पहुंचना बेहद कठिन और जोखिमपूर्ण था। इसके बाद आबचंद गांव की ओर से वैकल्पिक रास्ते से पहुंचने की रणनीति बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ करीब 4 किलोमीटर घने जंगल और दुर्गम रास्ते से पैदल घटनास्थल की ओर रवाना हुए।

यह भी पढ़ें: साप्ताहिक राशिफल 24 से 30 अगस्त 2026: इन राशियों पर रहेगी विशेष कृपा, जानें शुभ तारीख और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

अंधेरा, घना जंगल और जंगली जानवरों के खतरे के बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं छोड़ी। स्थानीय ग्रामीणों की मदद, जीपीएस नेविगेशन और सर्चलाइट की सहायता से रेस्क्यू टीम बच्चों के निकट पहुंची।

तेज बहाव के बीच SDRF ने संभाला मोर्चा

नदी का पानी चारों तरफ से बढ़ रहा था और सभी 9 लोग नदी के बीच टापू पर फंसे हुए थे। स्थिति को देखते हुए होमगार्ड कमांडेंट श्री भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

एसडीआरएफ जवानों ने तेज बहाव और अंधेरे के बीच अत्यंत सावधानी से नदी में उतरकर एक-एक कर सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों के बेहतर समन्वय से ऑपरेशन सफल रहा।


पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव ने लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद  पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक  गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: जिला अधिवक्ता संघ सागर चुनाव: अंकलेश्वर दुबे अध्यक्ष, जितेंद्र राठौर सचिव और आरती जैन कोषाध्यक्ष निर्वाचित

सभी 9 लोग सुरक्षित

रेस्क्यू किए गए सभी 9 लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। सभी के स्वस्थ पाए जाने के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

रेस्क्यू किए गए लोगों में रिया पिता संजय अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, उपासना पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 20 वर्ष, सानिया पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 18 वर्ष, निक्की उर्फ निकिता पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, डाली पिता संजय अहिरवार, उम्र 16 वर्ष, राज पिता सीताराम अहिरवार, उम्र 18 वर्ष राजा पिता सीताराम अहिरवार, उम्र 17 वर्ष, नीरज अहिरवार पिता संतोष अहिरवार, उम्र 18 वर्ष, सिया पिता संजय अहिरवार, उम्र 17 वर्ष शामिल है। सभी इंजीनियरिंग कॉलेज रोड, बहेरिया, जिला सागर के निवासी बताए गए हैं।

यह भी पढ़ें : कलेक्टर ने रहली में अनाधिकृत कॉलोनी निर्माण हटाने एवं कॉलोनाइजरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के दिए आदेश

पुलिस और SDRF टीम की सराहनीय भूमिका

रेस्क्यू ऑपरेशन में हवलदार भागवती पटेल, एसडीआरएफ आरक्षक मुकुल यादव, मनोज देशमुख, धर्मेंद्र चौहान, नीरज सौर, प्रयास तिवारी, एसके जितेंद्र पटेल, एसके राकेश विश्वकर्मा सहित पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ेंउल्दन बांध ओवरफ्लो, कई मार्गों पर आवाजाही प्रभावित; प्रशासन ने जारी की वैकल्पिक मार्गों की सूचना

इसके अलावा थाना प्रभारी गढ़ाकोटा गौरव तिवारी एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी रहली संजय ऋषीश्वर एवं उनकी टीम, चौकी शाहपुर प्रभारी उप निरीक्षक मनीषा एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी बहेरिया शशिकांत गुर्जर एवं उनकी टीम तथा कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान एवं उनकी टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

कंट्रोल रूम द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से विभिन्न टीमों के बीच लगातार समन्वय और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

Share:

कांग्रेस ने रक्षा मंत्री के नाम कैंट सीईओ को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन, स्टेडियम निर्माण की मांग

कांग्रेस ने रक्षा मंत्री के नाम कैंट सीईओ को सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन

• कैंट क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विकास और स्टेडियम निर्माण की उठाई मांग


तीनबत्ती न्यूज:18 अगस्त, 2026

सागर। सदर कैंट क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विकास, स्टेडियम निर्माण सहित विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में छावनी परिषद सागर के सीईओ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के रक्षा मंत्री के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की।

पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने कहा कि छावनी क्षेत्र के अंतर्गत कजलीवन मैदान का लंबे समय से खेल गतिविधियों के लिए उपयोग होता रहा है। क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मैदान के विकास के लिए शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है।

ज्ञापन में सदर कजलीवन मैदान में स्टेडियम का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की गई, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इसके साथ ही सदर कैंट क्षेत्र की सभी शालाओं का खेल महोत्सव डीएनसीबी स्कूल में आयोजित करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इससे विद्यार्थियों में खेल भावना, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

ज्ञापन में कजलीवन मैदान में आयोजित होने वाली फुटबॉल प्रतियोगिताओं के लिए पूरे आयोजन की शुल्क राशि 21,100 रुपये निर्धारित करने की मांग भी रखी गई, जिससे खिलाड़ियों और आयोजकों को सुविधा मिल सके।

वहीं कैंटोनमेंट क्षेत्र की सभी शालाओं में खेल के लिए निर्धारित समय तय कर नियमित खेल गतिविधियां प्रारंभ कराने की मांग की गई।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर छावनी परिषद सागर के सीईओ ने नियमानुसार एवं न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी, वरिष्ठ नेता सुनील तोमर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सदर कैंट अध्यक्ष पं. रवि उमाहिया, युवा कांग्रेस नरयावली विधानसभा अध्यक्ष रोहित वर्मा, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष समीर मकरानी, इंजीनियर सत्यम सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

चार सूत्रीय मांगें

  1. सदर कजलीवन मैदान में शीघ्र स्टेडियम का निर्माण।
  2. कैंट क्षेत्र की सभी शालाओं का खेल महोत्सव डीएनसीबी स्कूल में आयोजित किया जाए।
  3. कजलीवन मैदान में फुटबॉल प्रतियोगिताओं के आयोजन की शुल्क राशि 21,100 रुपये निर्धारित की जाए।
  4. कैंटोनमेंट क्षेत्र की सभी शालाओं में निर्धारित समय पर नियमित खेल गतिविधियां शुरू कराई जाएं।
Share:

सागर में लंबित शिकायतों पर कलेक्टर का सख्त रुख, गुरुवार तक निराकरण के निर्देश

शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों को मिलेंगे नोटिस

कलेक्टर ने ली टीएल बैठक: लंबित शिकायतों को गुरुवार तक शत-प्रतिशत निराकृत करने के दिए निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 17 अगस्त 2026

सागर
: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सीएम जन विश्वास अभियान के तहत लंबित सीएम हेल्पलाईन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आगामी गुरुवार तक सभी लंबित शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ शत-प्रतिशत निराकरण करना सुनिश्चित करें। बैठक में विगत जन विश्वास कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई और ऐसी शिकायतें जो बिना किसी उचित कारण के अभी भी लंबित हैं, ऐसे संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने कहा कि अगला जन विश्वास शिविर शुक्रवार को जैसीनगर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर स्थलों के अलावा सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण और समीक्षा बैठकें कर शिकायतों का निराकरण करें। अधिकारियों को कार-पूलिंग अपनाने और विशेष शिकायतों वाले गांवों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा गया।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार अपने संबंधित संस्थानों और कार्यालयों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करने के निर्देश दिए।  उन्होंने विभिन्न आयोगों, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने रिट याचिकाओं में समय पर जवाब पेश करने के लिए सभी संपर्क अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिले में खाद की उपलब्धता व रैक लगने की जानकारी लेते हुए सभी एसडीएम को खाद के सुचारू वितरण की व्यवस्था संभालने के निर्देश दिए।

100 दिवस से अधिक लंबित मामलों में पेनल्टी: कलेक्टर श्रीमती पाल ने पीएम श्रमयोगी मानधन योजना तथा संबल योजना में 100 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित सीईओ तथा सीएमओ पर एक हज़ार रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश जारी किए गए। बैठक में कृषक कल्याण से संबंधित स्वरोजगार  परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। जल संरक्षण के लिए कंटूर ट्रेंच, वाटरशेड और  एनआरएलएम के माध्यम से क्रेडिट लिंकेज बढ़ाने पर बल दिया गया।
राजस्व प्रकरणों का त्वरित निस्तारण: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने भूमि सर्वेक्षण प्रकरणों की शीघ्र रिपोर्ट भेजने, भू-अर्जन समीक्षा, तथा नामांतरण, सीमांकन व बंटवारा के मामलों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। सभी जनपद सीईओ को समग्र ई-केवायसी का कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कराने को कहा गया।

परख ऐप: कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जन विश्वास और विभागीय निरीक्षण विवरण को 'परख ऐप' पर दर्ज करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक केवी, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत,  सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेश द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन, सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


Share:

धानुक समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पहली बार मिला सम्मान, विधायक प्रदीप लारिया ने भवन की घोषणा की

धानुक समाज के प्रतिभावान छात्र छात्राओं को पहली बार मिला सम्मान

• धानुक समाज का बडतुआं में बनेगा भवन : विधायक प्रदीप लारिया

• धानुक समाज अध्यक्ष डॉ बृजेश बैन की अध्यक्षता में हुआ वृहद कार्यक्रम


तीनबत्ती न्यूज: 16 अगस्त ,2026

सागर। धानुक समाज सागर द्वारा रविवार को प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान के लिए वृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया। धानुक समाज सागर के अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं के प्रतिभावान विद्यार्थियों को पहली बार प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया। अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।


बढ़तुमा में बनेगा भवन

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया ने धानुक समाज के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए सागर नगर से लगे बढ़तूमा में समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने प्रतिभावान विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज के उत्थान का सबसे बड़ा माध्यम है। आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। समाज द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे इस प्रयास की उन्होंने सराहना की।

कार्यक्रम में कुशवाहा बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रभुदयाल पटेल, सागर विश्वविद्यालय की डीन प्रोफेसर श्रीमती चंदा बैन, डिक्की मध्यप्रदेश के चेयरमैन डॉ. अनिल सरवैया, भाजपा एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष श्री अमित कच्छवाह सहित समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।

मां सरस्वती की पूजा से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद धानुक समाज सागर के अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम के उद्देश्य एवं समाज की गतिविधियों की जानकारी दी।

8वीं, 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों का सम्मान

प्रतिभा सम्मान समारोह में कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धानुक समाज के छात्र-छात्राओं को अतिथियों एवं समाज अध्यक्ष के सानिध्य में ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। पहली बार आयोजित इस प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।



शिक्षा को समाज के विकास का आधार बताया

विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि समाज के विकास और उत्थान के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने धानुक समाज और अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन के प्रयासों की सराहना की तथा बढ़तूमा में समाज के सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की।

कुशवाहा बोर्ड के अध्यक्ष प्रभुदयाल पटेल ने अपने संबोधन में रोजगार से संबंधित विभिन्न अवसरों की जानकारी दी और युवाओं को उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

सागर विश्वविद्यालय की डीन डॉ. चंदा बैन ने सामाजिक उत्थान में शिक्षा की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज के बच्चों को उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं डिक्की मध्यप्रदेश के चेयरमैन डॉ. अनिल सरवैया ने रोजगार एवं स्वरोजगार के छोटे-छोटे अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए समाज के युवाओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।


कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाली खिलाड़ी के पिता का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स में जूडो खेल में रजत पदक प्राप्त करने वाली खिलाड़ी यामिनी मौर्य के पिता श्री हरिओम मौर्य का भी शाल, श्रीफल एवं सम्मान सामग्री भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर उनकी बेटी की उपलब्धि को समाज के लिए गौरवपूर्ण बताया गया।

कार्यक्रम के अंत में धानुक समाज के अध्यक्ष डॉ. बृजेश बैन ने सभी अतिथियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में लगभग 300 से 400 सामाजिक बंधुओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में धानुक समाज के पदाधिकारियों, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं समाज के सभी बंधुओं का विशेष सहयोग रहा। प्रतिभा सम्मान और सामुदायिक भवन की घोषणा को समाज के लिए महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।




Share:

सागर में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया ध्वजारोहण

सागर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य समारोह: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया ध्वजारोहण


तीनबत्ती न्यूज : 15 अगस्त 2026

सागर : सागर जिले में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का सजीव प्रसारण किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए प्रदेश सरकार की योजनाओं और सुशासन के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं तथा जनविश्वास को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शुरू किया गया है।


सागर के वीरों के योगदान को किया याद

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश एवं जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा भारत अपनी 100वीं वर्षगांठ तक पूर्ण विकसित राष्ट्र के रूप में उभरेगा।

मंत्री ने सागर की ऐतिहासिक धरती को नमन करते हुए गोंड राजा संग्रामशाह, बुंदेला शासकों, मराठों तथा 1842 के बुंदेला विद्रोह से लेकर 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन तक सागर के वीरों के योगदान को याद किया। उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास में सभी नागरिकों से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।


आकर्षक मार्च पास्ट ने बांधा समां


समारोह में परेड कमांडर श्री रक्षित निरीक्षक एवं श्री आशीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में सशस्त्र बल, पुलिस प्रशिक्षण शाला, एनसीसी बालक-बालिका कैडेट्स और शौर्य दल की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। वहीं लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल विद्यालय, सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया।



स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

मंत्री  गोविंद सिंह राजपूत ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में जूडो में रजत पदक जीतकर सागर का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी यामिनी मौर्य को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा देहदान करने वाले दानदाताओं के परिजनों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक और परेड प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के विजेता

स्वतंत्रता दिवस समारोह में आयोजित प्रतियोगिताओं में विभिन्न दलों ने शानदार प्रदर्शन किया।

सशस्त्र परेड श्रेणी

1. जेएनपीए सागर

2. 10वीं वाहिनी वि.स. बल सागर

3. पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया

निशस्त्र परेड श्रेणी:

1. 11 एमपी एनसीसी बालक

2. 7 एमपी एनसीसी बालिका

3. शौर्य दल सागर

सांस्कृतिक कार्यक्रम श्रेणी:

1. लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल विद्यालय सागर

2. सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय

3. शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय

जिले की विकास गाथा पुस्तिका का वितरण

समारोह में जनसंपर्क संचालनालय द्वारा प्रकाशित “बदलते दौर का मध्यप्रदेश—जिले की विकास गाथा” पुस्तिका का वितरण जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और उपस्थित लोगों को किया गया। पुस्तिका में जिले के विकास कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की गई है।




जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक श्री शैलेंद्र जैन, पूर्व विधायक श्रीमती सुधा जैन, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सविता सिंह राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा कमिश्नर श्री अनिल सुचारी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, डीआईजी श्री शशिंद्र चौहान, एसपी श्री अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, डीएफओ श्री वरुण यादव, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, एसडीएम श्री रोहित वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेष द्विवेदी, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन, सुश्री मोना दांगी सहित प्रशासनिक अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।समारोह में देशभक्ति और राष्ट्र गौरव का उत्साह देखने को मिला। ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के साथ सागर में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमामय ढंग से मनाया गया।


स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने छात्राओं के साथ किया मध्याह्न भोजन

सागर स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला, तालचिरी में 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत थे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री राजपूत ने विद्यालय की छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया। भोजन ग्रहण करने से पूर्व सभी विद्यार्थियों ने पूरे विधि-विधान के साथ भोजन मंत्र का उच्चारण किया, जिसके बाद मंत्री श्री राजपूत ने भी बच्चों के साथ सहभोज में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।




मध्यान्ह भोजन से पहले मंत्री श्री राजपूत ने किया पौधरोपण


मध्यान भोजन से पहले खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह ने शाला परिसर में कदम के पौधे का पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण को आवश्यक बताया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

कमिश्नर अनिल सुचारी ने निवास और कार्यालय में किया ध्वजारोहण


आयुक्त सागर संभाग अनिल सुचारी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने निवास एवं कमिश्नर कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सभी ने राष्ट्र की एकता-अखंडता का संकल्प लिया। कमिश्नर ने सभी को संबोधित करते हुए आशीर्वाद प्रदान करते हुए देशभक्ति की प्रेरणा से काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें कर्तव्य, सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित होने की याद दिलाता है। इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त (विकास) श्री पीसी शर्मा, उपायुक्त राजस्व एवं भू-अभिलेख श्रीमती विमलेश सिंह सहित अन्य अधिकारी, स्टेनो श्री अनुराग पटेरिया, कर्मचारी एवं सुरक्षा स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कमिश्नर कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त ( विकास) श्री पीसी शर्मा ने स्वरचित रचना सुनाई। इसके अलावा अन्य देशभक्ति से प्रेरित गीत भी प्रस्तुत किए गए। गीतों ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आमजन की सेवा को सर्वोपरि रखने का संकल्प भी दोहराया गया।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर किया ध्वजारोहण

सागर के कलेक्टर कार्यालय एवं कलेक्टर निवास पर 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। समारोह के दौरान राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तिरंगे को नमन किया। 


कलेक्टर श्रीमती पाल ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रहित में अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत सहित कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Share:

तुलसी फाउंडेशन की कावड़ यात्रा में 700 कावड़ यात्री बरमान रवाना, 17 अगस्त को सागर में होगा भव्य स्वागत

तुलसी फाउंडेशन की कावड़ यात्रा में 700 कावड़ यात्री नर्मदा जल लेने बरमान रवाना: 17 अगस्त को सागर में होगा भव्य स्वागत


तीनबत्ती न्यूज: 14 अगस्त, 2026

सागर। तुलसी फाउंडेशन की ओर से आयोजित भव्य कावड़ यात्रा के तहत शुक्रवार को 700 कावड़ यात्री मां नर्मदा का पवित्र जल लेने बरमान के लिए रवाना हुए। यात्रा प्रारंभ होने से पहले रामबाग मंदिर में धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कावड़ यात्रियों को मंगलकामनाएं देकर विदा किया गया। इस दौरान पूरा मार्ग हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंज उठा।

रामबाग मंदिर में सभी कावड़ यात्रियों को महंत श्री घनश्याम दास जी महाराज, महंत श्री विपिन बिहारी जी महाराज एवं महंत श्री केशव गिरी जी महाराज ने तिलक लगाकर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद कावड़ यात्री रामबाग मंदिर से पैदल रवाना हुए। यात्रा बड़ा बाजार, कोतवाली होते हुए तीनबत्ती पहुंची।



तीनबत्ती पर विधायक और निगम अध्यक्ष ने किया स्वागत

तीनबत्ती पर सागर विधायक  शैलेंद्र जैन एवं निगम अध्यक्ष  वृंदावन अहिरवार ने कावड़ यात्रियों का स्वागत किया और उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद कावड़ यात्री भीतर बाजार एवं परकोटा होते हुए बस स्टैंड पहुंचे, जहां से बसों के माध्यम से सभी यात्री बरमान के लिए रवाना हुए।

सांसद डॉ. लता बानखेड़े ने भगवा ध्वज दिखाकर किया रवाना

बस स्टैंड पर सांसद डॉ. लता बानखेड़े ने भगवा ध्वज दिखाकर कावड़ यात्रियों को बरमान के लिए रवाना किया। इस अवसर पर कुश बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रभुदयाल कुशवाहा, पूर्व निगम अध्यक्ष डॉ. प्रदीप पाठक, शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष श्री राजकुमार पचौरी, यात्रा संयोजक श्री हरिराम सिंह ठाकुर, सह संयोजक श्री रामअवतार, श्री अमित पांडेय, श्री अमित राम जी दुबे, श्री चेतराम अहिरवार, श्री शिवशंकर मिश्रा, श्री कैलाश चौरसिया, श्री प्रहलाद रैकवार, यात्रा के पालक श्री अनिल जैन, श्री संजय द्विवेदी, श्री रामेश्वर नामदेव, श्री सिंटू कटारे एवं श्री अनिल दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


सांसद डॉ. लता बानखेड़े ने कहा कि तुलसी फाउंडेशन की कावड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कावड़ यात्री बरमान से मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर सागर लौटेंगे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

कावड़ यात्रियों के लिए की गईं विशेष व्यवस्थाएं

यात्रा संयोजक हरिराम सिंह ठाकुर ने बताया कि कावड़ यात्रियों की सुविधा के लिए यात्रा के दौरान भोजन, नाश्ता, पेयजल, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं तुलसी फाउंडेशन कावड़ यात्रा के अध्यक्ष प्रदीप राजौरिया ने कहा कि यात्रा को लेकर कावड़ यात्रियों में खासा उत्साह है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ यात्रा में शामिल हुए।

17 अगस्त को सागर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा

तुलसी फाउंडेशन के अनुसार कावड़ यात्री बरमान से मां नर्मदा का जल लेकर 17 अगस्त को सागर पहुंचेंगे। इसके बाद सागर में विशाल कावड़ शोभायात्रा निकाली जाएगी। यात्रा डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय से दोपहर 3 बजे प्रारंभ होगी और नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामबाग मंदिर पहुंचेगी, जहां भगवान भोलेनाथ का महाभिषेक किया जाएगा।

आयोजन में बसंत चौरसिया, सोमेश जड़िया, रीतेश मिश्रा, रविंद्र अवस्थी, लक्ष्मण सिंह, असंख्य दुबे, देवेंद्र कटारे, मुकेश नायक, राजेश केशरवानी, मधुर पुरोहित, मनमोहन रैकवार, दिलीप बाबू रैकवार, अंशुल हर्ष, यशोवर्धन चौबे, नीरज पांडे, सुरेंद्र रिछारिया, विजय गौतम, पवन गौतम, राकेश चौबे, सुरेंद्र तिवारी, डॉ. उमेश सराफ, टप्पू चौबे, बाटू दुबे, बृजमोहन पाठक, जुगुल पचौरी, अनिल सैनी, सचिन साहू, सोनू विश्वकर्मा, श्यामसुंदर मिश्रा, अभिषेक व्यास, नरेंद्र पाराशर, रमेश दुबे, मनीष नेमा, राहुल सोनी, योगेश नेमा, संजय मुखिया सहित नगर के गणमान्य नागरिक, धर्मप्रेमी बंधु एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।



Share:

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने खाद्य शाखा का किया औचक निरीक्षण, लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश

कलेक्टर ने खाद्य शाखा का किया औचक निरीक्षण, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश



तीनबत्ती न्यूज, 13 अगस्त 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित जिला आपूर्ति एवं खाद्य नियंत्रक शाखा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा में जांच प्रकरणों, उनकी प्रगति और लंबित मामलों की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने लंबित प्रकरणों को स्वयं देखा और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी मामलों का शीघ्र एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जांच प्रकरणों में पेंडेंसी पाए जाने पर उन्होंने कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दायरा पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने पंजी में दर्ज आवेदनों को निकलवाकर उनकी वर्तमान स्थिति और उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली। इसके साथ ही खाद्य शाखा द्वारा की गई कार्रवाई के अंतर्गत दर्ज एफआईआर प्रकरणों का भी अवलोकन कर संबंधित मामलों की जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद्य एवं आपूर्ति से संबंधित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। सभी प्रकरणों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए।


Share:

सागर एयरपोर्ट के लिए भूमि निरीक्षण तेज, कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सिरोजा, चितौरा और मोकलपुर का किया दौरा

सागर एयरपोर्ट के लिए भूमि निरीक्षण तेज, कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सिरोजा, चितौरा और मोकलपुर का किया दौरा


तीनबत्ती न्यूज: 13 अगस्त, 2026

सागर:  सागर जिले में प्रस्तावित एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज हो गई है। एयरपोर्ट के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश और उपलब्ध भूमि की स्थिति का परीक्षण करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गुरुवार को विभिन्न ग्रामों का स्थलीय निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ेंसागर एयरपोर्ट निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन शुरू :पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के प्रश्न पर विधानसभा में सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी जानकारी

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने अनुविभागीय राजस्व अधिकारी (एसडीएम) एवं राजस्व विभाग की टीम के साथ सिरोजा, चितौरा एवं मोकलपुर क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एयरपोर्ट निर्माण के लिए संभावित भूमि की स्थिति का जायजा लिया।

कलेक्टर ने अधिकारियों के साथ मौके पर उपलब्ध भूमि, उसकी स्थिति तथा संबंधित राजस्व अभिलेखों की जानकारी ली। इस दौरान नक्शे और खसरे के आधार पर शासकीय एवं अन्य उपलब्ध भूमि का परीक्षण किया गया।

यह भी पढ़ें: सागर में एयरपोर्ट की तैयारी तेज, 10 उन्नत एयर स्ट्रिप्स में शामिल

एयरपोर्ट के लिए भूमि चयन की प्रक्रिया में प्रशासन द्वारा स्थल की वास्तविक स्थिति, भूमि की उपलब्धता और राजस्व अभिलेखों का परीक्षण किया जा रहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए निरीक्षण प्रक्रिया को गंभीरता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने केंद्रीय उड्डयन मंत्री से मुलाकात कर सागर में एयरपोर्ट के निर्माण के संबंध में की चर्चा

सागर में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर भूमि संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ने से जिले में हवाई कनेक्टिविटी की उम्मीदों को बल मिला है। प्रशासनिक स्तर पर संभावित स्थलों के निरीक्षण और भूमि संबंधी परीक्षण की कार्रवाई आगामी चरणों में भी जारी रहने की संभावना है।

---------

सागर में एयरपोर्ट को लेकर पढ़ें संबंधित खबरे 

यह भी पढ़ें: सागर में एयरपोर्ट स्थापना व ढाना एयरस्ट्रिप पर उड़ान योजना के लिए प्रस्ताव पर विचार होगा ▪️केंद्रीय उड्डयन मंत्री ने प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह के पत्र का जवाब भेजा

_________
______

__________

यह भी पढ़ें: भविष्य का बुन्देलखंड, विकसित बुन्देलखंड होगाः सीएम डॉ. यादव ▪️ सागर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 23 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव :28 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार ▪️ढाना हवाई-पट्टी को बनायेंगे एयरपोर्ट : सागर में सिल्वर क्लस्टर का विकास होगा ▪️ खजुराहो को फिल्म सिटी के रूप में करेंगे विकसित ▪️ मुख्यमंत्री ने सागर में किया रीजनल इंडस्ट्रीयल कॉन्क्लेव का शुभारंभ








Share:

सागर में निकली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर : विधायक, महापौर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सैन्य बल के सेनानी और स्कूली छात्र-छात्राएं हुए शामिल

सागर में निकली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर : विधायक, महापौर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सैन्य बल के सेनानी और स्कूली छात्र-छात्राएं हुए शामिल


तीनबत्ती न्यूज:  12 अगस्त 2026

सागर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को सागर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विशाल तिरंगा रैली म्यूनिसिपल स्कूल तीनबत्ती से प्रारंभ होकर जामा मस्जिद मार्ग एवं राधा तिराहा से होते हुए पुनः म्यूनिसिपल स्कूल तीनबत्ती पहुंचकर संपन्न हुई।रैली के दौरान पूरा शहर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने हाथों में तिरंगा लेकर “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” तथा “जय तिरंगा, जय जय तिरंगा” के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।


कॉमनवेल्थ गेम्स की पदक विजेता यामिनी मौर्य भी हुईं शामिल

तिरंगा यात्रा में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की जूडो स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त करने वाली यामिनी मौर्य भी शामिल हुईं। उनकी मौजूदगी ने विद्यार्थियों और शहरवासियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।



रैली में सागर विधायक शैलेंद्र जैन, महापौर संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, गौरव सिरोठिया, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इसके अलावा अपर कलेक्टर अविनाश रावत, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी, एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, सैन्य बल के सेनानी, स्कूली छात्र-छात्राएं और शहरवासी भी रैली में शामिल हुए।



शहरवासियों ने किया तिरंगा यात्रा का स्वागत

तिरंगा यात्रा के मार्ग में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक रैली का स्वागत किया। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने पूरे मार्ग में राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।रैली के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष रूप से आकर्षक बनाया।


विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र की एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।



महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान से जोड़ने का एक प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने नगरवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आग्रह किया।


ये रहे शामिल

तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी, श्रीमती अनुश्री शैलेन्द्र जैन, श्रीमती निवेदिता रत्नाकर शैलेश केशरवानी, मेघा दुबे, संध्या भार्गव अंशुल सिंह परिहार, अर्पित पांडे, जगन्नाथ गुरैया, यश अग्रवाल सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। 



Share:

सागर में कांग्रेस सेवादल की समीक्षा बैठक संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

शहर कांग्रेस सेवादल की समीक्षा बैठक संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर


तीनबत्ती न्यूज: 12 अगस्त 2026

सागर। जिला शहर कांग्रेस सेवादल की समीक्षा बैठक बुधवार को जिला शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव गांधी भवन में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सेवादल को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आमजन से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया।बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सेवादल के प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव और यंग ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष गजानन तिवारी प्रमुख रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश जाटव ने की। आयोजन जिला शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष सिन्टू कटारे ने किया, जबकि संचालन सेवादल के प्रदेश महासचिव विजय साहू ने किया।

बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर

जिला शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि सेवादल के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की सक्रियता हर बूथ तक बढ़ाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में बूथ मैनेजमेंट की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और संगठन की मजबूती बूथ स्तर से ही सुनिश्चित होती है।उन्होंने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे सेवादल की पाठशाला से निकलकर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद तक पहुंचे हैं।

निष्ठा और समर्पण के साथ काम करें कार्यकर्ता

सेवादल के प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ काम करना होगा। मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने का माध्यम बनता है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से ब्लॉक और बूथ स्तर तक पहुंचकर आमजन से संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। मिश्रा ने शहर सेवादल अध्यक्ष सिन्टू कटारे की कार्यशैली की भी सराहना की।



आमजन के सुख-दुख में भागीदार बनने का आह्वान

प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आमजन के सुख-दुख में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।भार्गव ने कहा कि सेवादल की राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की बैठकों में सागर शहर सेवादल अध्यक्ष सिन्टू कटारे की कार्यशैली की चर्चा होती है।

पुराने सशक्त स्वरूप में सेवादल को लाने पर जोर

यंग ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष गजानन तिवारी ने कांग्रेस सेवादल को पार्टी का महत्वपूर्ण अग्रिम संगठन बताते हुए इसे पुराने और सशक्त स्वरूप में वापस लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिला शहर सेवादल अध्यक्ष सिन्टू कटारे के कार्य करने का तरीका युवाओं को ऊर्जा प्रदान करता है।बैठक को सागर जिला प्रभारी शिवकुमार नीखरा ने भी संबोधित किया।

अनुशासन को संगठन की मजबूती का आधार बताया

शहर सेवादल अध्यक्ष सिन्टू कटारे ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों का स्वागत किया और अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने कहा कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अनुशासन का महत्वपूर्ण स्थान है। अनुशासन व्यक्ति के चरित्र और व्यक्तित्व के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। इसी तरह संगठन की प्रगति भी तभी संभव है, जब प्रत्येक कार्यकर्ता अनुशासन का पालन करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत और बेहतर बनाने के लिए पूरी मेहनत एवं लगन से काम करने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

कांग्रेस नेताओं ने भी रखे विचार

बैठक में पूर्व विधायक सुनील जैन, पूर्व अध्यक्ष रेखा चौधरी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष बाबूसिंह यादव, त्रिलोकी नाथ कटारे, जितेंद्र रोहण, पंकज सिंघई, चक्रेश सिंघई, सुरेंद्र सुहाने, रजिया खान और संजय जैन सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे।कार्यक्रम के सफल आयोजन पर डॉ. संदीप सबलोक ने आभार व्यक्त किया।

ये रहे शामिल

बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी पुरुषोत्तम मुन्ना चौबे, मुकुल पुरोहित, रामकुमार पचौरी, अमित दुबे रामजी, जगदीश यादव, चैतन्य पांडे, पप्पू गुप्ता, शैलेंद्र तोमर, अवधेश तोमर, पार्षद नीलोफर अंसारी, सीमा कमल चौधरी, ताहिर खान, नरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र राजे, हेमराज रजक, लीलाधर सूर्यवंशी, हरिश्चन्द सोनवार, द्वारका चौधरी, अक्षय कोठारी, फिरदौस कुरैशी, समीर खान, योगराज कोरी, वसीम खान, राजा सेन, गुरमीत सिंह अहलूवालिया, नितिन पचौरी, कल्लू पटेल, दीपक कुर्मी, आनंद हेला, ब्रजेंद्र नगरिया, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश पंडा, लल्ला यादव, राहुल व्यास, रवींद्र खटीक, बाबू मछंदर, प्राणसिंह लोधी, हरवेंद्र सिंह बुन्देला, मज़हर हाशमी, हरिनारायण कोरी, राजपाल सिंह, नरोत्तम विठ्ठल, कमलेश सिंघई, राजपाल लोधी, ऋषभ जैन, अनीश वाल्मीकि, अंकित अग्रवाल, लखन लोधी, रोहित, सत्तू अहिरवार, आलोक जैन, सचिन पटेल, सलमान, बंटी कोरी, अभिषेक पाठक, विजय सोलंकी, संतोष यादव, रामसिंह, गीता अहिरवार, मीरा अहिरवार, रेखा अहिरवार, आरती अहिरवार, रीना, मीरा, आकाश उरया, शेखर, अनिल चौरसिया, रोहित, अमन अहिरवार, धर्मेंद्र, अन्नू चौरसिया, विशाल जाटव, सुरेंद्र सिंह यादव, कमलेश पटेल, पवन पटेल, राजू सौर, राजू अहिरवार, शुभम, शिशुपाल पंचवानी, संजय सराफ, कमल चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Share:

खेल परिसर में मार्निग वाक का शुल्क 200 रुपए महीने का सुझाव दिया विधायक शैलेंद्र जैन ने : वरिष्ठ नागरिकों को शुल्क से मुक्त रखने पर होगा विचार

खेल परिसर में  मार्निग वाक का शुल्क 200 रुपए महीने का सुझाव दिया विधायक शैलेंद्र जैन ने : वरिष्ठ नागरिकों को शुल्क से मुक्त रखने पर होगा विचार: खेल अधिकारी से की चर्चा


तीनबत्ती न्यूज : 10 अगस्त, 2026

सागर। सागर शहर में स्वस्थ्य रहने के लिए खेल परिसर में मार्निंग वाक करने वालो को मासिक शुल्क लगेगा। पिछले दस दिनों से मामला गहराया है। खेल अधिकारी ने 500 रुपए रजिस्ट्रेशन और 300 शुल्क रखा था। इसका बोर्ड भी लगाया गया था। जिसका काफी विरोध खेल प्रेमियों और घूमने वालो ने किया। इस मामले में विधायक शैलेंद्र जैन हस्तक्षेप किया है।  

यह भी पढ़ें: सागर में अब मॉर्निंग वॉक भी महंगी! खेल परिसर में वॉक करने वालों पर लगा ₹500 रजिस्ट्रेशन और ₹300 मासिक टहलना शुल्क

विधायक शैलेन्द्र जैन ने की चर्चा

खेल परिसर में खिलाड़ियों एवं नियमित रूप से वॉक करने वाले नागरिकों से पंजीयन एवं मासिक शुल्क लिए जाने के संबंध में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने जिला खेल अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर से चर्चा की। प्रस्तावित शुल्क को लेकर विधायक जैन ने कहा कि नागरिकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं पड़ना चाहिए और शुल्क को न्यूनतम एवं सामान्य रखा जाना चाहिए।

घटाकर शुल्क लगाने का सुझाव

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने जिला खेल अधिकारी से चर्चा के दौरान ₹500 पंजीयन शुल्क एवं ₹300 मासिक शुल्क के स्थान पर ₹200 पंजीयन शुल्क एवं ₹200 मासिक शुल्क किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेल परिसर में खिलाड़ियों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, इसलिए उसके रखरखाव एवं व्यवस्थाओं के लिए न्यूनतम शुल्क लिया जाना उचित है, लेकिन यह शुल्क इतना अधिक भी नहीं होना चाहिए कि आम नागरिकों को बोझ महसूस होने लगे।

वरिष्ठ नागरिकों को शुल्क से मुक्त रखने पर विचार

विधायक जैन ने कहा कि खेल परिसर का उपयोग बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी सुबह-शाम सैर एवं स्वास्थ्य लाभ के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को प्रस्तावित शुल्क से मुक्त रखने के संबंध में विचार किया जा रहा है, ताकि उनकी नियमित सुबह-शाम की सैर और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों पर किसी प्रकार का आर्थिक प्रभाव न पड़े।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित वॉक केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में उन्हें शुल्क से मुक्त रखने से वे बिना किसी अतिरिक्त बोझ के खेल परिसर का उपयोग कर सकेंगे।

बेहतर सुविधाओं के लिए न्यूनतम शुल्क जरूरी

विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि स्मार्ट सिटी के माध्यम से शहर में एक व्यवस्थित एवं आधुनिक खेल स्टेडियम तैयार किया गया है। यहां खिलाड़ियों एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ परिसर के रखरखाव, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को भी निरंतर बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कुछ न्यूनतम शुल्क लिया जाना आवश्यक है, लेकिन शुल्क निर्धारित करते समय आम नागरिकों की सुविधा और आर्थिक स्थिति का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। ₹200 का शुल्क सामान्य रूप से वहन करने योग्य है और इससे खेल परिसर की सुविधाओं एवं रखरखाव की व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित की जा सकती है।विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य खेल परिसर में उपलब्ध बेहतर सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक नागरिकों और खिलाड़ियों तक पहुंचाना है। शुल्क को तर्कसंगत एवं सुविधाजनक रखने से नागरिक नियमित रूप से खेल परिसर का उपयोग कर सकेंगे और शहर में स्वस्थ जीवनशैली एवं खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Share:

सागर: प्रधान आरक्षक को आया हार्ट अटैक : डायल-112 की FRV से लाया गया हॉस्पिटल : FRV कैमरों से 30 किमी तक हुई लाइव मॉनिटरिंग

सागर: प्रधान आरक्षक को आया हार्ट अटैक : डायल-112 की FRV से लाया गया हॉस्पिटल : FRV कैमरों से 30 किमी तक हुई लाइव मॉनिटरिंग

सागर पुलिस डायल 112 FRV में लाइव कैमरों से प्रधान आरक्षक की मॉनिटरिंग


तीनबत्ती न्यूज : 10 अगस्त 2026

सागर। डायल-112 की आधुनिक तकनीक और पुलिस की संवेदनशीलता का मानवीय उदाहरण सागर में सामने आया। थाना बांदरी में पदस्थ एक प्रधान आरक्षक को हार्ट अटैक आने के बाद डायल-112 की FRV-29 से सागर स्थित बंसल अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया ने FRV में लगे लाइव कैमरों के जरिए करीब 30 किलोमीटर तक उनकी स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की।

यह भी पढ़े : मध्यप्रदेश पुलिस में 27,534 पदोन्नति, CM मोहन यादव ने बांटे नियुक्ति पत्र

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया डायल-112 के नोडल जिला प्रभारी हैं। घटना के समय वे पुलिस कंट्रोल रूम में करीब 60 डायल-112 पायलटों की बैठक ले रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि बांदरी थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक को हार्ट अटैक आया है और FRV-29 उन्हें तत्काल उपचार के लिए सागर लेकर रवाना हुई है।

लाइव कैमरे से रखी मरीज की स्थिति पर नजर

सूचना मिलते ही एएसपी भदौरिया ने FRV में लगे कैमरों के माध्यम से लाइव मॉनिटरिंग शुरू कर दी। करीब 30 किलोमीटर के सफर के दौरान उन्होंने मरीज की स्थिति पर लगातार नजर रखी। साथ ही FRV में मौजूद पुलिस स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए और प्रधान आरक्षक को लगातार ढांढस बंधाया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी किया संपर्क

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ने बंसल अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क कर मरीज को अस्पताल पहुंचाने के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी ली। इसके बाद FRV में मौजूद पुलिसकर्मियों को चिकित्सकों के निर्देशों के अनुसार आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा गया।


समय पर उपचार से मिली मदद


FRV-29 प्रधान आरक्षक को सुरक्षित रूप से बंसल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने से उनकी जान बचाने में मदद मिली।


तकनीक और संवेदनशीलता का बेहतर उदाहरण

सागर पुलिस की इस पहल ने दिखाया कि डायल-112 की FRV में लगे लाइव कैमरे केवल निगरानी के लिए ही नहीं, बल्कि आपात परिस्थितियों में जीवन बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वहीं एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया की त्वरित पहल, संवेदनशीलता और लगातार मॉनिटरिंग ने तकनीक के प्रभावी उपयोग का उदाहरण पेश किया।

Share:

एससी प्रमाण पत्र पर नियुक्ति के आरोप में डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के कॉमर्स विभाग के डीन निलंबित

एससी प्रमाण पत्र पर नियुक्ति के आरोप में डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के कॉमर्स विभाग के डीन निलंबित

फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई, विश्वविद्यालय ने शुरू की अनुशासनात्मक कार्यवाही



तीनबत्ती न्यूज: 08 अगस्त, 2026

सागर। डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर में अनुसूचित जाति (SC) प्रमाण पत्र के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने के आरोपों से घिरे बिजनेस मैनेजमेंट विभाग के प्रोफेसर डॉ. श्री भागवत (Shree Bhagwat) को विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। डॉ. भगवान वर्तमान में स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट के डीन के पद पर कार्यरत थे।

यह भी पढ़ें: सीएम मोहन यादव एक्शन मोड में, CMHO समेत तीन अधिकारी निलंबित, जन-विश्वास अभियान शुरू

विश्वविद्यालय द्वारा 7 अगस्त 2026 को जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, डॉ. भागवत की प्रारंभिक नियुक्ति 16 अप्रैल 2005 को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित पद पर लेक्चरर के रूप में हुई थी। उनके द्वारा प्रस्तुत एससी प्रमाण पत्र को लेकर शिकायतों के बाद विश्वविद्यालय ने फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की थी।

कमेटी ने बताई ये प्रारंभिक बातें

विश्वविद्यालय के आदेश में कहा गया है कि 30 जुलाई 2026 को गठित फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने 5 अगस्त को अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। कमेटी के रिकॉर्ड परीक्षण में प्रथम दृष्टया पाया गया कि—

  • डॉ. भागवत की नियुक्ति अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित पद पर हुई थी।
  • रिकॉर्ड में सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध स्थायी एससी प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं मिला।
  • उनके द्वारा प्रस्तुत प्रमाण पत्र का संबंधित जारीकर्ता प्राधिकारी के रिकॉर्ड से सत्यापन नहीं हो सका।
  • संबंधित प्राधिकारियों से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया डॉ. भागवत के उत्तर प्रदेश की बिंद समुदाय, जिसे वहां अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) श्रेणी में बताया गया है, से संबंधित होने की बात सामने आई।
  • कमेटी ने प्रथम दृष्टया माना कि एससी आरक्षण के आधार पर नियुक्ति अमान्य अथवा गलत जाति दावे पर प्राप्त किए जाने की आशंका है।

अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश

फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने मामले में अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने की सिफारिश की थी। साथ ही, यदि सक्षम प्राधिकारी यह संतुष्ट होता है कि नियुक्ति गलत जाति दावे के आधार पर प्राप्त की गई थी तो अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित रहने तक निलंबन सहित आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की गई।

यह भी पढ़ें: डॉ. गौर विश्वविद्यालय ने अग्निवीरों को दिए रोजगारोन्मुखी कोर्स के प्रमाणपत्र, ड्रोन टेक्नोलॉजी कोर्स भी होगा शुरू

विश्वविद्यालय प्रशासन ने रिपोर्ट पर विचार करने के बाद आरोपों को गंभीर और कर्मचारी की एससी आरक्षित पद पर नियुक्ति की पात्रता से जुड़ा हुआ माना। आदेश में यह भी कहा गया कि डॉ. भगवान के डीन पद पर बने रहने से अनुशासनात्मक जांच प्रभावित होने की आशंका हो सकती है।

जांच पूरी होने तक निलंबन

विश्वविद्यालय ने केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1965 के तहत डॉ. श्री भागवत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर रहेगा और वे सक्षम प्राधिकारी की लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता और अन्य अनुमन्य भत्ते मिलेंगे। साथ ही, बिना पूर्व अनुमति विश्वविद्यालय के किसी कार्यालय या प्रशासनिक अनुभाग में प्रवेश पर भी रोक रहेगी, सिवाय अनुशासनात्मक कार्यवाही के संबंध में आवश्यकता होने पर।

अंतिम निर्णय अनुशासनात्मक जांच के बाद

विश्वविद्यालय के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई प्रारंभिक (prima facie) निष्कर्षों के आधार पर की गई है। मामले में अनुशासनात्मक कार्यवाही पूरी होने के बाद अंतिम निर्णय विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद (Executive Council) द्वारा लिया जाएगा।

प्रो. भागवत का पक्ष:

​इस कार्रवाई पर अपना पक्ष रखते हुए डॉ. भागवत ने कहा, "मैं लगातार विवि में हो रही गड़बड़ियों और गलतियों के खिलाफ बोलता रहा हूँ। इसीलिए बदले की भावना के तहत यह कार्रवाई की गई है। इस द्वेषपूर्ण कार्रवाई में केवल 8 दिनों के भीतर सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गई और मेरा पक्ष तक नहीं सुना गया।"


अन्य नियुक्तियों की शिकायतों पर उठते सवाल

​इस निलंबन के बाद विवि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आमतौर पर महीनों और सालों तक फाइलों को दबाकर रखने वाला प्रशासन इस मामले में मात्र 8 दिनों के भीतर जांच से लेकर निलंबन तक की प्रक्रिया पूरी करने में 'एक्सप्रेस रफ्तार' से चला।



Share:

www.Teenbattinews.com

Archive