Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Deori News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Deori News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

Sagar News : आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिले: कार्यकर्ताओं को सेवा समाप्ति का नोटिस

Sagar  News : आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिले:  कार्यकर्ताओं को सेवा समाप्ति का नोटिस



तीनबत्ती न्यूज:  25 अगस्त 2026

सागर। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री भरत सिंह राजपूत ने मंगलवार को बाल विकास परियोजना देवरी के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रों के संचालन और व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।


श्री राजपूत ने कटंगी, चीमाढाना, गोपालपुरा, चिरचिटा, बोरिया, हथखोह और पड़रईखुर्द स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोपालपुरा और चीमाढाना के आंगनबाड़ी केंद्र बंद मिले। दोनों केंद्रों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किया गया।


इसी तरह कटंगी केंद्र पर कार्यकर्ता और सहायिका अनुपस्थित मिलीं। दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं बोरिया आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता भी अनुपस्थित पाई गईं, जिसके चलते उनके विरुद्ध भी नोटिस जारी किया गया।


निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं मिलने पर संबंधित पर्यवेक्षक श्रीमती सहाना खान को एक इंक्रीमेंट रोकने का नोटिस जारी किया गया।


जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री भरत सिंह राजपूत ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन और बच्चों को मिलने वाली सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

Share:

सागर: जेन अल्फा का हाईवे पर चक्काजाम, 2 घंटे में हटाया स्कूल का अतिक्रमण

जेन अल्फा का हाईवे पर चक्काजाम, दो घंटे में हटाया स्कूल का अतिक्रमण

: स्कूल भवन, पेयजल और अतिक्रमण की समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं ने किया प्रदर्शन


तीनबत्ती न्यूज: 25 अगस्त, 2026

सागर। सागर जिले के देवरी में स्कूली समस्याओं और अतिक्रमण को लेकर जेन अल्फा यानि स्कूली बच्चियां सड़कों पर उतर आई। देवरी विकासखंड के रसेना गांव स्थित शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को स्कूल की विभिन्न समस्याओं और परिसर के आसपास किए गए अतिक्रमण के विरोध में महाराजपुर-सहजपुर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। छात्रों के प्रदर्शन से हाईवे पर करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों से चर्चा कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कराई।



छात्रों का आरोप है कि स्कूल में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। स्कूल भवन नहीं होने के कारण कक्षाएं व्यवस्थित रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं। इसके अलावा पेयजल की समस्या और स्कूल परिसर के आसपास सरकारी भूमि तथा नल पर अतिक्रमण के कारण भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

4 कमरों में 512 बच्चे, दो पालियों में लगती हैं कक्षाएं

स्कूल प्रभारी प्राचार्य के अनुसार करीब दो साल पहले स्कूल भवन के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए थे, लेकिन अब तक भवन का निर्माण नहीं हो सका है। वर्तमान में चार कमरों में 512 बच्चे दो पालियों में पढ़ रहे हैं। छात्रों का कहना है कि पर्याप्त कक्ष और बैठने की व्यवस्था नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

हैंडपंप पर कब्जे का भी आरोप

छात्राओं ने आरोप लगाया कि स्कूल के हैंडपंप पर भी कब्जा कर फेंसिंग कर ली गई है, जिससे उन्हें पीने के पानी की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। स्कूल भवन के अभाव में बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने से भी छात्र-छात्राएं परेशान हैं। उनका कहना था कि इन समस्याओं को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन समाधान नहीं होने पर उन्हें चक्काजाम का रास्ता अपनाना पड़ा।

कार्रवाई के दौरान हुआ विवाद

प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति समझी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया, जिससे कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति बनी। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए विरोध कर रही महिलाओं को कस्टडी में लिया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मौके से अतिक्रमण हटाया गया।



प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण


नायब तहसीलदार रामराज चौधरी ने बताया कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी सोमवार को मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी अजय प्रताप भदौरिया, नायब तहसीलदार रामराज चौधरी, तहसीलदार दीवान चंदमन, सरपंच देवेंद्र खरे, पूर्व जनपद अध्यक्ष अंचल, पटवारी शशिभूषण यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे

प्राचार्य पर अतिक्रमण कराने का आरोप

छात्रों की ओर से प्रभारी प्राचार्य प्रभात लोधी पर भी अतिक्रमण कराने का आरोप लगाया गया। छात्रों का कहना था कि स्कूल के पास अतिक्रमण के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि प्रभारी प्राचार्य ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने किसी से कोई पैसा नहीं लिया है और लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।

उधर पूर्व मंत्री और  देवरी के पूर्व विधायक हर्ष यादव ने कहा कि यह मेरे पैतृक गांव से जुड़ा मामला है। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की माँग की है।



Share:

सागर में कीटनाशक दुकानों पर कृषि विभाग का निरीक्षण : : प्रतिबंधित पैराक्वाट पर विशेष निगरानी : गड़बड़ी मिलने पर नोटिस

देवरी में कीटनाशक दुकानों पर कृषि विभाग की छापेमारी, प्रतिबंधित पैराक्वाट की जांच

• अनियमितता मिलने पर दुकानदारों को नोटिस, 3 दिन में मांगा स्पष्टीकरण; कीटनाशक और उर्वरकों के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे


तीनबत्ती न्यूज: 08 अगस्त 2026

सागर। खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक और कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने देवरी विकासखंड में कीटनाशक दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश और उपसंचालक कृषि सागर के मार्गदर्शन में की गई।

निरीक्षण के दौरान कृषि विभाग की टीम ने दुकानों में कीटनाशकों के भंडारण, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री से संबंधित दस्तावेजों की सघन जांच की। साथ ही दुकानों में उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता और उनकी बिक्री संबंधी रिकॉर्ड का भी परीक्षण किया गया।

यह भी पढ़ें : रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के प्रभाव पर संसद में सरकार का जवाब: जैविक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया • राज्यसभा में सांसद रजनीश अग्रवाल के प्रश्न पर आया जवाब: 18.93 लाख हेक्टेयर क्षेत्र जैविक खेती के दायरे में

प्रतिबंधित पैराक्वाट की हुई विशेष जांच

कृषि विभाग की टीम ने प्रतिबंधित पैराक्वाट डाइक्लोराइड की बिक्री और भंडारण को लेकर विशेष जांच की। विभाग के अनुसार जुलाई 2026 से पैराक्वाट डाइक्लोराइड पर प्रतिबंध लागू किया गया है। निरीक्षण दल ने दुकानदारों को प्रतिबंधित रसायन की बिक्री अथवा भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए।

अनियमितता मिलने पर कारण बताओ नोटिस

निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर अनियमितताएं पाए जाने पर कृषि विभाग ने संबंधित कीटनाशक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। दुकानदारों को तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेजे जाएंगे

किसानों को अमानक और नकली कीटनाशक एवं उर्वरकों से बचाने के लिए निरीक्षण के दौरान कीटनाशक और उर्वरकों के नमूने भी लिए गए हैं। इन नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। कृषि अधिकारियों ने विक्रेताओं को केवल मानक एवं स्वीकृत कीटनाशकों की ही बिक्री करने के निर्देश दिए हैं।

विभाग का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से खरीफ फसलों में कीटनाशकों के बेहतर परिणाम मिलेंगे और किसानों की फसलों को नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण दल में वरिष्ठ कृषि अधिकारी देवरी उमाशंकर प्रजापति, प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी केसली कमल खरते और कृषि विस्तार अधिकारी प्रभांशु दुबे शामिल रहे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive