बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

श्री राम राजा लोक के निर्माण से बदलेगी ओरछा की तस्वीर :सीएम शिवराज सिंह▪️ 81 करोड़ से निर्मित होने वाले श्री राम राजा लोक का भूमिपूजन

श्री राम राजा लोक के निर्माण से बदलेगी ओरछा की तस्वीर :सीएम शिवराज सिंह
▪️ 81 करोड़ से निर्मित होने वाले  श्री राम राजा लोक का भूमिपूजन

तीनबत्ती न्यूज : 04 सितम्बर 2023
ओरक्षा
: मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मध्यप्रदेश की धार्मिक और पर्यटन नगरी तथा निवाड़ी जिले के ओरछा स्थित भगवान श्री राम के आस्था के प्रमुख केन्द्र श्री राम राजा मंदिर परिसर में 81 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले श्री राम राजा लोक का भूमिपूजन किया। भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भगवान श्री राम को विश्व में भारतवर्ष की पहचान बताया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम प्रत्येक भारतवासी के रोम-रोम में बसे हैं। कार्यक्रम में केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, लोक निर्माण और निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोपाल भार्गव, वन राज्य मंत्री श्री राहुल सिंह, निवाड़ी विधायक श्री अनिल जैन, पृथ्वीपुर विधायक डॉ. शिशुपाल सिंह यादव, पशुधन कुक्कट विकास निगम के उपाध्यक्ष श्री नंदराम कुशवाहा, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती सरोज प्रेमचंद्र राय, श्री अखिलेश अयाची एवं अन्य जनप्रतिधि उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ओरछा मंदिर में श्री राम राजा को स्थापित करने वाली रानी गणेश कुंवर जी तथा मधुकर शाह का पुण्य करते हुये कहा कि ओरछा में श्री राम राजा के दर्शन कर प्रत्येक देश-वासी धन्य हो जाता है। उन्होंने कहा कि श्री राम राजा लोक के निर्माण से ओरछा ही नहीं संपूर्ण बुन्देलखंड की तस्वीर बदलेगी। श्री राम राजा लोक के निर्माण के लिये हुआ भूमिपूजन ओरछा के लिये उत्साह और सौभाग्य का दिन है। इस लोक का निर्माण 81 करोड़ की लागत से होगा। 12 एकड़ में बनने वाले श्री राम राजा लोक के निर्माण से भगवान श्री राम की बाल लीलाओं तथा उनके विराट जीवन दर्शन को दर्शाया जायेगा। श्री राम राजा लोक के निर्मित होने से ओरछा में पर्यटन तो बढ़ेगा ही साथ ही अनेक विकास कार्य भी होंगे। मध्यप्रदेश सरकार की कोशिश होगी श्री राम राजा लोक का निर्माण शीघ्र हो। मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुये भव्य प्रवेश द्वार के साथ ही अन्य निर्माण होंगे, जो श्री राम राजा लोक की वास्तुकला, बुन्देलखंड की प्रमाणिकता और अखण्डता के उदाहरण बनेंगे।


मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने से कुछ जिलों में उत्पन्न सूखे की स्थिति को देखते हुये मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किसान भाईयों से कहा कि वे घबरायें नहीं, ’’तुम्हारा मुख्यमंत्री और राज्य सरकार उनके साथ है’’। इस संकट के इस दौर से भी किसानों पार ले जायेगी सरकार। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश को वर्तमान में 10 हजार मेगावाट की जगह 15 हजार मेगावाट विद्युत की जरूरत है। इस दृष्टि से प्रदेश को भरपूर बिजली उत्पन्न कराने के प्रयास होंगे। संकट कोई भी आये मैं आपका मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उससे निकालकर ले जाऊंगा, कोई कसर शेष नहीं छोड़ूंगा। उन्होंने उपस्थित नागरिकों का आव्हान किया कि वे भी अपने-अपने गांव में पूजा कर से प्रार्थना करें कि शीघ्र बारिश हो जाये। मैंने भी आज श्री राजा राम और उज्जैन में महाकाल से प्रार्थना की है कि प्रदेश में बारिश हो जाये ताकि फसलों को जीवन मिल सके।


      श्री चौहान ने बड़ी संख्या में उपस्थित लाड़ली बहनों से कहा कि प्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना इसलिये लागू की कि बहनों की आंखों में आंसू न आयें, वे पीड़ा के किसी भी दौर से न गुजरें। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल  पर किसानों को प्रतिवर्ष 12 हजार रूपये मिलेंगे, क्योंकि मध्यप्रदेश सरकार ने अपने हिस्से की राशि 4 हजार को बढ़ाकर 6 हजार कर दिया है। उन्होंने बताया कि पूर्व सरकार ने जो योजनायें बंद कर दी थीं उन्हें पुनः प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्री रामराजा लोक के निर्माण से प्रभावित दुकानदारों से कहा कि वे चिंता न करें, उन्हें एक-एक दुकान दी जायेगी। श्री राम राजा लोक के निर्माण से प्रत्येक ओरछावासी का भाग्योदय होगा। मुख्यमंत्री ने पृथ्वीपुर के समीप अछरू माता मंदिर के लिये 2 करोड़ की राशि स्व्वीकृत करने की घोषणा की। श्री चौहान ने जल जीवन मिशन के माध्यम से निवाड़ी जिले के शत-प्रतिशत ग्रामीण घरों में नल से जल पहुंचाने की तीन समूह जल प्रदाय योजनाओं का लोकार्पण किया। 300 करोड़ की लागत की इन समूह योजनाओं से 253 गांवों के 55 हजार 645 घरों में नल से पानी पहुंचेगा। इस प्रकार निवाड़ी प्रदेश का दूसरा हर घर जल वाला जिला बन गया है, इसके लिये उन्होंने निवाड़ी जिले के लागों का बधाई दी। श्री चौहान ने ओरछा के लिये 280 करोड़ 57 लाख के 5 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 143 करोड़ 50 लाख 28 हजार लागत के 7 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। श्री चौहान ने कहा कि तरीचर कलां को नगर परिषद बनाया जायेगा। श्री चौहान ने निर्मित होने वाले श्री राम राजा लोक की प्रतिकृति का अवलोकन भी किया।


केन्द्रीय मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने श्री राम राजा लोक के भूमिपूजन दिवस को ओरछा के लिये गौरवशाली बताया। उन्होंने कहा कि अध्यात्म, पर्यटन और विकास की दृष्टि से अब ओरछा मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश की लाड़ली बहना योजना की गूंज बिहार के गांवों तक हो रही है। प्रभारी मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि जिस लोक के निर्माण की कभी किसी ने कल्पना नहीं की थी, उस श्रीराम राजा लोक का भूमिपूजन मुख्यमंत्री श्री चौहान के पहल पर संभव हो सका है। ओरछा बुन्देलखण्ड की प्रगति के साथ पर्यटन के विकास के लिये प्रमुख स्थल बनेगा। उन्होंने श्री राम राजा से प्रार्थना की कि उनका आशीर्वाद सदैब बना रहे।


       प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कन्याओं और लाड़ली बहनों का पूजन तथा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने लाड़ली बहनों पर पुष्प वर्षा की। लाड़ली बहनों और जल सखियों ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। लाड़ली बहना सेना की सदस्यों ने उन्हें 14 फिट की राखी भेंट की। स्व-सहायता समूहों की ओर से मुख्यमंत्री को सामग्री भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये। मंत्री श्री भार्गव ने मुख्यमंत्री को भगवान श्री राम की कांस्य प्रतिमा भेंट की। कलश यात्रा में शामिल महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत किया।कार्यक्रम में राम राजा लोक और जन जीवन मिशन पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में संभागायुक्त डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत, आईजी श्री प्रमोद वर्मा, कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा, एसपी श्री अंकित जायसवाल के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में जन समूह उपस्थित था।








PRO SAGAR NEWS & PHOTOS.....FILE.....01....04/09/2023
संभागीय जनसंपर्क कार्यालय, सागर (म

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ओरछा के श्री राम राजा मंदिर में दर्शन किए


       मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज ओरछा धाम में श्री राम राजा सरकार के दर्शन किए। उन्होंने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ विधि विधान से पूजा- अर्चना की और प्रदेश के सुख एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ .वीरेंद्र कुमार ,लोक निर्माण  और निवाड़ी जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोपाल भार्गव भी उपस्थित थे।


जब मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ जन समुदाय ने भी गाया भजन

ओरछा में आज श्री राम राजा लोक के भूमिपूजन के बाद आयोजित एक विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भगवान श्री राम पर आधारित भजन गायन के दौरान सभास्थल का पंडाल और मौजूद हजारों लोग भगवान श्री राम की भक्ति और आस्था में लीन हो गये।
     श्री चौहान ने ’’राम भजन सुखदायी-भजो रे मेरे भाई, ये जीवन दो दिन का’’ भजन गाकर लाड़ली बहनों सहित हजार लोगों को भक्ति भावना से प्रेरित कर दिया। लगभग 10 मिनिट तक भजन की प्रस्तुति के दौरान राम भक्तों ने उनके साथ भजन गायन कर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया। भजन के बाद मुख्यमंत्री के साथ जनसमुदाय ने भी हरे राम-हरे राम का जय घोष किया। मुख्यमंत्री को भजन गाते और सुनते अपने बीच पाकर निवाड़ी जिले के ग्रामीण भाव-विभोर हो गये और उन्होंने पूरी तल्लीनता के साथ मुख्यमंत्री का साथ दिया।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive