सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक के साथ किया विशेष निरीक्षण : विकास कार्यों की समीक्षा की
तीनबत्ती न्यूज: 21 सितंबर, 2026
सागर: सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक दिलीप कुमार, डीआरएम तथा रेलवे के निर्माण, परिचालन, ब्रिज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष निरीक्षण ट्रेन से संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत सागर रेलवे स्टेशन से हुई। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों, निर्माण की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने प्लेटफॉर्म, नवनिर्मित प्लेटफॉर्म नंबर 3 एवं 4, सर्कुलेटिंग एरिया, फुटओवर ब्रिज तथा निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया और कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
सागर स्टेशन पर बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
समीक्षा के दौरान सागर रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर, नई लिफ्ट और 12 मीटर चौड़े नए फुटओवर ब्रिज से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की जानकारी दी गई। इसके अलावा यात्री सुविधा, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, शेड और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। सांसद ने सागर लोकसभा क्षेत्र के लिधौरा खुर्द, मकरोनिया, सागर, नरयावली, शरवारा, सुमरेड़ी, खुरई, बीना, मंडी बामोरा और कुरवाई-केथोरा स्टेशनों पर चरणबद्ध रूप से एलईडी स्क्रीन, डिस्प्ले, पेयजल, शेड सहित अन्य मूलभूत यात्री सुविधाएं विकसित करने की मांग रखी।
मंडी बामोरा स्टेशन के विकास के लिए ₹10 करोड़
बैठक में मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन के विकास के लिए ₹10 करोड़ की राशि स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई। इसके तहत प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने और लिफ्ट जैसी यात्री सुविधाओं के विकास पर जोर रहेगा।
सांसद डॉ. वानखेड़े ने कहा कि मंडी बामोरा शमशाबाद, सिरोंज, कुरवाई और नटेरन क्षेत्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण स्टेशन है। सुविधाओं के विस्तार से भविष्य में यात्री सेवाओं और ट्रेन स्टॉपेज की संभावनाओं को भी बल मिल सकता है।
अप्सरा अंडरपास के जलभराव का स्थायी समाधान
सागर के अप्सरा अंडरपास में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को भी निरीक्षण के दौरान प्रमुखता से उठाया गया। शेड निर्माण, जल निकासी और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा की गई।
यह भी पढ़ें: सागर में दर्दनाक सड़क हादसा: चार्टर्ड बस और कार की सीधी भिड़ंत : सागर के दो जैन व्यापारियों सहित चार की मौत, एक घायल
बेरखेड़ी-रानीपुरा कनेक्टिविटी के लिए ROB का निरीक्षण
इसके बाद विशेष निरीक्षण ट्रेन से नरयावली क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का निरीक्षण किया गया। इस दौरान NHAI के परियोजना अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह ROB सागर के रिंग रोड नंबर-1 और बेरखेड़ी-रानीपुरा कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके पूरा होने से शहर के भीतर भारी यातायात का दबाव कम करने और बाहरी यातायात को रिंग रोड की ओर डायवर्ट करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सांसद ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रेलवे क्रॉसिंग और ROB कार्यों की समीक्षा
नरयावली के बाद रेलवे क्रॉसिंग नंबर 21, 26 और 27 सहित अन्य महत्वपूर्ण रेल ओवरब्रिज और क्रॉसिंग से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की वर्तमान स्थिति, सामने आ रही बाधाओं और लक्ष्य तिथि की जानकारी ली गई।
सागर की रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग
निरीक्षण और समीक्षा बैठक में सांसद ने सागर लोकसभा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल कनेक्टिविटी से जुड़ी मांगें भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इनमें प्रमुख रूप से
- प्रयागराज–हड़पसर एक्सप्रेस को सप्ताह में कम से कम एक दिन सागर होकर चलाने का प्रस्ताव।
- रीवा–हड़पसर एक्सप्रेस को सागर होकर चलाने की मांग।
- रीवा–चरला पल्ली वाया सागर सेवा को नियमित करने का प्रस्ताव।
- अंबिकापुर ट्रेन को सप्ताह में दो दिन चलाने संबंधी निर्देश की समीक्षा।
- सागर से नागपुर और हैदराबाद दिशा में बेहतर नियमित रेल कनेक्टिविटी एवं स्टॉपेज की मांग।
- सागर और मकरोनिया से नई ट्रेनों की शुरुआत के लिए रैक वॉशिंग तथा पिट लाइन सुविधा विकसित करने का प्रस्ताव।
बीना यार्ड रीमॉडलिंग का भी होगा निरीक्षण
बीना जंक्शन पर चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य को भी सागर लोकसभा क्षेत्र के रेलवे विकास से जोड़कर महत्वपूर्ण बताया गया। सांसद की ओर से बीना के यार्ड लेआउट और रीमॉडलिंग में सागर संसदीय क्षेत्र के स्टेशनों एवं यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग रखी गई। इसके साथ ही बीना में वंदे भारत ट्रेन के स्टॉपेज की दिशा में आगे कार्यवाही की मांग भी रखी गई।
नरयावली और कजिया के लिए ट्रेन स्टॉपेज की मांग
सांसद की ओर से बताया गया कि गंजिया स्टेशन पर भोपाल–जोधपुर ट्रेन के स्टॉपेज की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई है। वहीं नरयावली स्टेशन पर राजरानी एक्सप्रेस तथा बिलासपुर–भोपाल सेवा के स्टॉपेज के प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड भेजने पर सहमति की बात सामने आई। इसके अतिरिक्त खुरई, मंडी बामोरा, भूतेश्वर और सागर के लिए नए फुटओवर ब्रिज के प्रस्ताव रेलवे के समक्ष भेजे जाने की जानकारी भी दी गई।
हर रेलवे कार्य की होगी नियमित मॉनिटरिंग
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने अधिकारियों से कहा कि सागर लोकसभा क्षेत्र की रेलवे संबंधी मांगों को केवल बैठकों तक सीमित न रखा जाए। प्रत्येक कार्य के लिए जिम्मेदार अधिकारी, वर्तमान स्थिति, प्रमुख बाधा, अगली कार्यवाही और अंतिम लक्ष्य तिथि निर्धारित की जाए, ताकि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके।
दमोह स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा
इसके पश्चात महाप्रबंधक ने दमोह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ये रहे शामिल
निरीक्षण के दौरान प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक (PCOM), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) (CAO/C), मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)/आरएसपी (CAO/C/RSP), मुख्य ब्रिज इंजीनियर (CBE) एवं मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर (DRM/JBP) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









