लोकायुक्त सागर ने जल संसाधन विभाग के लेखापाल और लिपिक 45 हजार की रिश्वत लेते किया गिरफ्तार
तीनबत्ती न्यूज: 28 अक्टूबर, 2026
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सागर लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के एक लेखापाल और लिपिक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से कुल 45 हजार रुपये की रिश्वत की राशि बरामद की गई है।
लोकायुक्त की कार्रवाई में जल संसाधन विभाग के डिविजनल अकाउंटेंट (डीए) दीपक परिहार को 15 हजार रुपये तथा लिपिक अरविंद पाठक को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया।
तीन महीने से अटका था ठेकेदार का बिल
जानकारी के अनुसार ग्वालियर निवासी ठेकेदार गौरव तोमर द्वारा मझगांय बांध की नहर निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। ठेकेदार के तीन बिल पूर्व में पास हो चुके थे, लेकिन चौथे बिल को करीब तीन महीने से लंबित रखा गया था। आरोप है कि बिल पास करने के एवज में अधिकारियों द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
लगातार रिश्वत की मांग से परेशान ठेकेदार ने इसकी शिकायत सागर लोकायुक्त पुलिस से की। शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने की योजना बनाई।
जिला न्यायालय के सामने कार्यालय में कार्रवाई
लोकायुक्त टीम ने 28 अक्टूबर को दोपहर पन्ना जिला न्यायालय के सामने स्थित जल संसाधन विभाग के कार्यालय में कार्रवाई की। टीम ने निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई करते हुए लेखापाल दीपक परिहार को 15 हजार रुपये और लिपिक अरविंद पाठक को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।कार्रवाई के बाद लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में लोकायुक्त टीम द्वारा रिश्वत की मांग और लेन-देन से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। दल का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक कमल सिंह उइके और निरीक्षक रोशनी जैन ने किया। लोकायुक्त पुलिस सागर का दल आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटा है। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 8435794333 जारी किया है।













