Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Draupadi Murmu लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Draupadi Murmu लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सागर नगर निगम ने रचा इतिहास: स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर में तीसरा स्थान: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया राष्ट्रीय पुरस्कार

सागर नगर निगम ने रचा इतिहास: स्वच्छ सर्वेक्षण में देशभर में तीसरा स्थान:  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया राष्ट्रीय पुरस्कार

• विज्ञान भवन, नई दिल्ली में सम्मानित हुआ सागर नगर निगम: निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने राष्ट्रपति से ग्रहण किया पुरस्कार


तीनबत्ती न्यूज: 11 नवंबर, 2026

सागर। स्वच्छता के क्षेत्र में सागर ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में अपना परचम लहराया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर नगर निगम को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में मिली इस उपलब्धि पर 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने सागर को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया।

राष्ट्रपति के करकमलों से नगर निगम आयुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक राजकुमार खत्री ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। खास बात यह है कि सागर ने पिछले वर्ष की दसवीं रैंकिंग से आगे बढ़ते हुए देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।

यह भी पढ़ें : सागर में खाद वितरण में लापरवाही पर दो अधिकारियों को नोटिस

दसवीं रैंकिंग से तीसरे स्थान तक पहुंचा सागर

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में सागर की इस उपलब्धि के पीछे बेहतर सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का प्रभावी निष्पादन, नागरिकों की भागीदारी और स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए नवाचार प्रमुख रहे। बुंदेली लोक संस्कृति के माध्यम से लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने और शहर के सौंदर्यीकरण के प्रयासों ने भी सागर की उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


नगर निगम में आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ मना जश्न

नई दिल्ली में आयोजित समारोह का नगर निगम के नवीन कार्यालय में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लाइव प्रसारण किया गया। जैसे ही राष्ट्रीय मंच से सागर का नाम तीसरे पुरस्कार के लिए घोषित हुआ, निगम परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, एमआईसी सदस्य, पार्षद, निगम अधिकारी-कर्मचारी और नागरिकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी की गई और ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया गया।


विधायक बोले- प्रत्येक सागरवासी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान किसी एक व्यक्ति या विभाग की उपलब्धि नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों, निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों और स्वच्छता मित्रों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

महापौर ने सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को समर्पित किया पुरस्कार

महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पिछले वर्ष की दसवीं रैंकिंग से आगे बढ़कर तीसरा स्थान हासिल करना सागर के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने यह पुरस्कार नगर निगम के सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, समर्पण और सक्रिय सहभागिता से ही सागर को यह सम्मान मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से सागर भविष्य में देश में प्रथम स्थान हासिल करेगा।




निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों के लिए किए गए निरंतर प्रयासों, बेहतर सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के प्रभावी निष्पादन और नागरिकों के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, निगमाध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, एमआईसी सदस्य अनूप उर्मिल, रुपेश यादव, मेघा दुबे, धर्मेंद्र खटीक, पार्षद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेष केसरवानी, पार्षद देवेन्द्र अहिरवार, विशाल खटीक, नरेश धानक, नीरज कोरी, पूर्व पार्षद नीरज जैन, एल्डरमैन आशालता सिलाकारी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव  और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दी निगमायुक्त  राजकुमार खत्री को बधाई 

स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता 2025-26 में नगर निगम सागर द्वारा देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव  एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने निगमायुक्त राजकुमार खत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने सागर को मिली इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए निगमायुक्त को बधाई दी।


इस अवसर पर निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय को सागर की स्वच्छता यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम सागर ने स्वच्छ सर्वेक्षण में निरंतर बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार किया है। एक समय 70वीं रैंक पर रहे सागर ने बेहतर कार्ययोजना, प्रभावी सफाई व्यवस्था, निरंतर नवाचारों एवं नागरिकों की सहभागिता से पिछले वर्ष देश में दसवां स्थान प्राप्त किया था। इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सागर ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने सागर नगर निगम द्वारा स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, शहर के सौंदर्यीकरण एवं नागरिकों की जनभागीदारी के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि शहर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इस सफलता के लिए निगमायुक्त सहित नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों एवं सागरवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी सागर की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी स्वच्छता के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive