Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Sanchi Dairy लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Sanchi Dairy लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

15 अगस्त और 26 जनवरी पर स्कूलों में बंटेगा सांची पेड़ा, फूड पॉइजनिंग के बाद कमिश्नर ने दिए निर्देश

15 अगस्त और 26 जनवरी पर स्कूलों में बंटेगा ‘सांची पेड़ा’, फूड पॉइजनिंग की शिकायतों के बाद कमिश्नर ने दिए निर्देश

15 अगस्त और 26 जनवरी पर स्कूलों में वितरित होगा सांची पेड़ा

तीनबत्ती न्यूज: 08 अगस्त, 2026

सागर। राष्ट्रीय पर्वों के दौरान स्कूली बच्चों को वितरित की जाने वाली मिठाई की गुणवत्ता को लेकर सागर संभाग प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आयुक्त सागर संभाग एवं प्रशासक बुंदेलखण्ड सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित सागर अनिल सुचारी ने संभाग के सभी जिलों में 15 अगस्त 2026 और 26 जनवरी 2027 के समारोहों में स्कूली बच्चों को मिठाई के रूप में ‘सांची पेड़ा’ वितरित करने के निर्देश दिए हैं।

आयुक्त कार्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार, हर वर्ष 15 अगस्त और 26 जनवरी के अवसर पर स्कूलों में आयोजित राष्ट्रीय पर्व समारोहों में बच्चों को मिठाई तथा नागरिकों को नाश्ता वितरित किया जाता है। इस दौरान कई बार अमानक स्तर की मिठाई के कारण फूड पॉइजनिंग की शिकायतें सामने आती हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन ने गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित मिठाई उपलब्ध कराने के लिए सांची पेड़ा के वितरण का निर्णय लिया है।

छह जिलों के शासकीय विद्यालयों और कार्यालयों में होगा वितरण

निर्देश के अनुसार सागर संभाग के सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना और निवाड़ी जिले के सभी शासकीय विद्यालयों एवं कार्यालयों में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पर्व समारोहों में बुंदेलखण्ड सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, सागर द्वारा निर्मित ‘सांची पेड़ा’ वितरित किया जाएगा।

सात दिन पहले देनी होगी पेड़ा की मांग

आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि 15 अगस्त 2026 और 26 जनवरी 2027 के राष्ट्रीय पर्वों के लिए सांची पेड़ा की अग्रिम मांग कम से कम 7 दिन पहले दुग्ध संघ कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समारोहों के लिए समय पर पर्याप्त मात्रा में मिठाई उपलब्ध कराई जा सके।

अग्रिम मांग के लिए बुंदेलखण्ड सहकारी दुग्ध संघ के मोबाइल नंबर 9893874217, 9981359019, 9752265003 और 7805957186 पर संपर्क किया जा सकता है।

किसान हित में संचालित सहकारी संस्था है सांची डेयरी

बुंदेलखण्ड सहकारी दुग्ध संघ किसानों के हित में संचालित सहकारी संस्था है। संघ द्वारा संभाग के विभिन्न जिलों के दुग्ध उत्पादक किसानों से दूध का संकलन कर उसका प्रसंस्करण किया जाता है और ‘सांची’ ब्रांड के नाम से दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों का विक्रय किया जाता है।

प्रशासन के इस निर्णय का उद्देश्य राष्ट्रीय पर्वों के दौरान बच्चों को गुणवत्तापूर्ण मिठाई उपलब्ध कराने के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों को रोकना भी है।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive