धर्मश्री स्कूल में गुणवत्ताहीन मध्यान्ह भोजन पर कलेक्टर नाराज, प्रदाता समिति को नोटिस
तीनबत्ती न्यूज: 16 सितम्बर, 2026
सागर। शासकीय माध्यमिक शाला धर्मश्री में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू का पालन नहीं किए जाने पर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने नाराजगी जताई। मामले में मध्यान्ह भोजन प्रदाता समूह आकांक्षा सेवा समिति को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने 16 सितंबर को शासकीय माध्यमिक शाला धर्मश्री का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों को प्रदाय किए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। साथ ही भोजन शासन द्वारा निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार भी नहीं था।
निरीक्षण में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन प्रदाता संस्था की जिम्मेदारी है कि विद्यार्थियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार शुद्ध, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड स्रोत समन्वयक, जनपद शिक्षा केंद्र सागर द्वारा आकांक्षा सेवा समिति के प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में समिति से गुणवत्ताहीन तथा निर्धारित मेन्यू के विपरीत भोजन प्रदाय किए जाने के संबंध में दो दिवस के भीतर कार्यालय में उपस्थित होकर अनिवार्य रूप से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समयावधि में यदि समिति की ओर से संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है, तो कलेक्टर के निर्देशानुसार मध्यान्ह भोजन प्रदाय संबंधी अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई के लिए प्रकरण वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाएगा।






