बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

खुरई मध्यप्रदेश में विकास का मॉडल बनकर उभराः अबिराज सिंह▪️मालथौन में 3 करोड़ के भूमिपूजन

खुरई मध्यप्रदेश में विकास का मॉडल बनकर उभराः अबिराज सिंह

▪️मालथौन में 3 करोड़ के  भूमिपूजन


तीनबत्ती न्यूज: 19 जून ,2023 
मालथौन, 19 जून ,2023 : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी का मानना है कि मध्यप्रदेश एक विकसित प्रदेश तो बन गया है, अब मध्यप्रदेश को समृद्ध प्रदेश बनाना है। हम सबको गर्व होना चाहिए कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से जिस मध्यप्रदेश को बीमारू प्रदेश बोला जाता था। उस मध्यप्रदेश का बजट आज 3 लाख करोड़ रूपए का कर दिया है, जो देश में कुछ ही राज्यों में है। यह बात सोमवार को मालथौन के कुंवरपुरा में विकास कार्यां के भूमिपूजन अवसर पर मंत्री पुत्र अबिराज सिंह ने कही।
सोमवार को अबिराज सिंह ने मालथौन के कुंवरपुरा, कुलुआखास एवं मालथौन के बाजार में 2.82 करोड़ की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यां का भूमिपूजन किया। अबिराज सिंह ने कुंवरपुरा में 62 लाख की लागत से विभिन्न सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन, कुलुआखास में 60 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन, 1.60 करोड़ की लागत से विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अबिराज सिंह ने बताया कि मालथौन के नगर परिषद बनने के बाद आज तक 396 करोड़ के विकास कार्य हो चुके हैं, ये आपके मंत्री भूपेन्द्र भैया की कड़ी मेहनत, आपकी उनके प्रति निष्ठा और विचारधारा का नतीजा है कि आज खुरई मध्यप्रदेश में विकास का मॉडल बनकर उभरा है। अबिराज सिंह ने कहा कि अब मंत्री भूपेन्द्र भैया का प्रयास है कि हमारा क्षेत्र समृद्ध क्षेत्र का मॉडल बने। उनका मानना है कि हर ग्राम में स्कूल, आंगनवाड़ी भवन, सामुदायिक भवन, पक्की सड़कें, बिजली पानी की व्यवस्था होगी तो गांव का विकास होगा और गांवों के विकास से खुरई का संपूर्ण विकास होगा। क्योंकि जब गांव के विकसित होता है तो देश विकसित होता है।

     अबिराज सिंह ने कहा कि आपके मंत्री भूपेन्द्र भैया ने अपना जीवन खुरई के विकास के लिए समर्पित किया है। अबिराज सिंह ने कहा कि मेरी सोच है, मेरा मानना है कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में दूसरों की सहायता करनी चाहिए, मदद करनी चाहिए। क्योंकि जीतते वही हैं, जो दूसरों के लिए जीते हैं।

     अबिराज सिंह ने कहा कि हमें गर्व होना चाहिए कि मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह जी को खुरई के विकास एवं प्रदेश में विकास के लिए कई अवार्ड मिले हैं। उन्होंने बताया कि विगत वर्ष मंत्री भूपेन्द्र भैया को संसदीय उत्कृष्ट मंत्री सम्मान, प्रधानमंत्री आवास योजना में मध्यप्रदेश को बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट अवार्ड सहित अनेक अवार्ड मिल चुके हैं। अबिराज सिंह ने मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह को मिले अन्य पुरस्कारों की विस्तृत जानकारी दी।
     कुलुआखास में आयोजित कार्यक्रम के पूर्व मंत्री पुत्र अभिराज सिंह का स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं द्वारा तुलादान किया गया।

     अबिराज सिंह ने कहा कि कुंवपुरा आने का मुझे पहली बार सौभाग्य मिला है। आप सबने जो मेरा एक परिवार के सदस्य की तरह स्वागत किया है, इसका मैं हृदय से आभारी हूं। उन्होंने मंत्री भूपेन्द्र भैया द्वारा स्वीकृत किए गए विकास कार्यों के भूमिपूजन अवसर पर क्षेत्र के लोगों को बधाई दी। अबिराज सिंह ने इन स्थानों पर हुए करोड़ों के विकास कार्यों की संक्षिप्त जानकारी भी दी। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि गण, भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित थे।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive