SAGAR: पहली बार हुआ देव दीपावली उत्सव : जनसैलाब और आस्था से सराबोर घाट और एलीवेटेड कॉरिडोर : झील किनारे एक लाख से अधिक दीप जले और दीपदान हुआ
तीनबत्ती न्यूज: 05 नवंबर ,2025
सागर: कार्तिक पूर्णिमा के पावन दिन विश्वभर में देव दीपावली का उत्सव मनाया जाता है। बनारस शहर में इसे विशेष रूप से दीपोत्सव के रूप में मनाया जाता है । कार्तिक पूर्णिमा के पावन दिन सागर शहर भी भव्य दिव्य दीपोत्सव सहित देव दीपावली मनाते हुए ऐतिहासिक दृश्य का साक्षी बन गया।
नगर निगम द्वारा आयोजित देव दीपावली उत्सव का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी,भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एमआईसी सदस्यों जनप्रतिनिधियों एवं हजारों की संख्या में विशाल जनसमूह की उपस्थिति में किया गया।
कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि लाखा बंजारा झील के पास इतनी बड़ी संख्या में उपस्थित विशाल जनसमूह के हर्ष , उल्लास को देखकर लग रहा है कि आज भगवान राम वनवास से लौटकर अयोध्या आ गए हैं, निश्चित रूप से इस प्रकार के कार्यक्रम बनारस, उज्जैन आदि स्थानों पर होते हैं। सागर में पहली बार दीपदान का यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें लोगों में जबर्दस्त उत्साह दिख रहा है। आज कार्तिक पूर्णिमा है और आज तक ही हम दीपावली का उत्सव मनाते हैं आज के बाद अब नए उत्सव प्रारंभ होंगे।
सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि सागर में पहली बार किस प्रकार का आयोजन किया जा रहा है इस कारण लोगों में बहुत उत्साह दिख रहा है इतनी बड़ी संख्या में नागरिक कारण कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं आज कार्तिक पूर्णिमा का दिन है इस दिन भगवान विष्णु ने भी दीपदान किया था इसका अलग ही महत्व है। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष आयोजन को और भव्य तरीके से मनाएंगे इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री जी को सागर आने का निमंत्रण भी देंगे ।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि झील से नागरिकों के आध्यात्मिक, पारंपरिक व सांस्कृतिक जुड़ाव हेतु पहली बार शहर में देव दीपावली के भव्य आयोजन करने के लिए निगमायुक्त को धन्यवाद देते हुए कहा कि सागर में पहली बार देव दीपावली का आयोजन किया गया है और इतनी बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए, मैं सभी नागरिकों का हृदय से धन्यवाद देता हूं और कार्तिक पूर्णिमा की बधाई देता हूं।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील का आकर्षक सौन्दर्यीकरण से नवस्वरूप और गंगा आरती जैसे विभिन्न आयोजनों के कारण पहले ही झील सांस्कृतिक धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनी हुई है, नागरिकों में झील और शहर की स्वच्छता, सुंदरता व सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूकता व नागरिक जुड़ाव हेतु इसके किनारे चकराघाट से लेकर गणेशघाट तक बने लगभग 500 मीटर विशाल घाट पर एक साथ 1 लाख 11 हजार 111 दीप प्रज्ज्वलित किए गए तथा नागरिकों ने भी अपने घरों से दीपक लाकर दीपदान किया। निगमायुक्त ने कहा कि गंगा आरती के साथ देव दीपावली का यह भव्य दिव्य आयोजन सागर शहर की नई सांस्कृतिक पहचान बनेगा। उन्होंने सभी नागरिकों, समाजसेवी संगठनों और धार्मिक संस्थाओं से इस आयोजन में शामिल होने पर आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि जिस तरह काशी में देव दीपावली का आयोजन विश्वप्रसिद्ध है, उसी तरह सागर के चकराघाट की देव दीपावली आने वाले वर्षों में क्षेत्र की पहचान बनेगी।
देव दीपावली आयोजन बना जनभागीदारी का उत्सव
निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने कहा कि देव दीपावली के आयोजन में विशाल जनसमूह की उपस्थिति से यह आयोजन जनभागीदारी का उत्सव बन गया है लाखा बंजारा झील सागर की पहचान है स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में 10 वीं रैंक प्राप्त होने में ऐतिहासिक झील एवं नगरवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में इस वर्ष सागर के नागरिकों ने नगर निगम के साथ मिलकर अच्छा प्रदर्शन किया और स्वच्छ सर्वेक्षण में पूरे देश में 10 वीं रैंक प्राप्त कर सागर को देश में नयी पहचान मिली ।
देव दीपावली के अवसर पर हजारों की संख्या में विशाल जनसमूह की उपस्थिति में गंगा आरती का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान बहुत देर तक आतिशबाजी की गई जिसने विशाल जनसमूह का मन मोह लिया।
नगरनिगमाध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार देव दीपावली कार्यक्रम के आयोजन में उपस्थित हुए सभी अतिथियों, निगमायुक्त एवं नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के बाद एक घंटे में चकराघाट की सफाई की गई
नगर निगम की टीम द्वारा कार्यक्रम के पश्चात चकराघाट स्थित आयोजन स्थल सभी घाटों की 1 घंटे में सफाई सुनिश्चित की गई। इस अवसर पर श्रीमती अनुश्री शैलेंद्र जैन, एम आई सी सदस्य अनूप उर्मिल, धर्मेंद्र खटीक, रुपेश यादव, मेघा दुबे, पार्षद रितेश तिवारी रामू ठेकेदार, डाली सोनी, देवेंद्र अहिरवार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगनाथ गुरैया, महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष श्रीमती संध्या भार्गव,विक्रम सोनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक गण उपस्थित थे।
















0 comments:
एक टिप्पणी भेजें