बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना: सागर जिले के 52 हजार से अधिक किसानों का 77.50 करोड़ रू. का ब्याज माफ ▪️प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 99 करोड़ से अधिक की राशि खातों में अंतरित

मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना: सागर जिले के 52 हजार से अधिक किसानों का 77.50 करोड़ रू. का ब्याज माफ 

▪️प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 99 करोड़ से अधिक की राशि खातों में अंतरित 


सागर 13 जून 2023 : मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना के तहत सागर जिले के 52 हजार से अधिक किसानों के 77 करोड़ 50 लाख रू. के ब्याज माफी की गई। इसी तरह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सागर जिले के एक लाख 36 हजार किसानों के 99 करोड़ 22 लाख की राशि उनके खातों में अंतरित की गई। राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजगढ़ जिले में केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण महाकवि पदमाकर सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पूरे मध्यप्रदेश में 11 लाख से अधिक किसानों के ब्याज की 2 हजार 123 करोड़ की राशि उनके बैंक खातों में जमा की गई।


 इसी तरह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पूरे मध्यप्रदेश में 2900 करोड़ की राशि किसानों के बैंक खातों में जमा की गई। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में 1400 करोड़ की सहायता के तहत दो हजार रू. सभी पात्र किसानों के खातों में अंतरित किए गए।


महाकवि पदमाकर सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोक निर्माण मंत्री श्री गोपाल भार्गव, विशिष्ट अतिथि नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह एवं राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत थे। इस अवसर पर नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, डा. सुशील तिवारी, श्री शैलेष केशरवानी, नर्मदा सिंह, धीरज सिंह, संभागायुक्त डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश सिंह, सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा मंच से 10 किसानों को ब्याज माफी के प्रमाण पत्र वितरित किये गए।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि पूर्व की सरकार ने किसानों के ऋण माफ करने के वादे की उम्मीद में प्रदेश के किसान डिफाल्टर हो गए थे। किसानों को खाद बीज मिलना बंद हो गया था। बैंक एनपीए में चले गए थे। किसानों की परेशानी को देखते हुए  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार ने किसानों के ऋण की ब्याज माफी का निर्णय लिया और आज सभी किसानों के ब्याज माफ कर दिये गए है। श्री भार्गव ने कहा कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय किसानों को जोखिम से बचाने के लिए फसल बीमा योजना लागू की गई थी। सूद खोरों से मुक्ति के लिए किसान क्रेडिट योजना भी लागू की गई। उन्होंने कहा कि वह बुरा वक्त था जब किसानों को 24 प्रतिशत, 18 प्रतिशत का ब्याज चुकाना भी पड़ता था। इसे कम करके हमारी सरकार शून्य प्रतिशत पर ले आई है, ताकि किसान सुखी हो सके। उन्होंने भूमि विकास बैंक का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों की जमीन पर कुएं, इंजन, पंप मोटर के लिए ऋण दिया जाता था। इससे किसान ऋण ग्रस्त हो जाता था और वह ब्याज भरते-भरते परेशान हो जाता था।  


 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश और देश में 70 प्रतिशत आबादी किसानों की है। किसानों के मजबूत होने से देश मजबूत होगा। राज्य सरकार लगातार किसानों के हित में योजनाएं संचालित कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को समृध्द बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की है। किसानों को शुध्द खाद मिले इसके लिए नीम कोटेड खाद की व्यवस्था की है। केन्द्र सरकार द्वारा खाद लाखो-करोड़ रू. की सब्सिडी दी जाती है जिससे कि किसान को सस्ता खाद मिले। राज्य सरकार बिजली पर प्रतिवर्ष 32 हजार करोड़ रू. सब्सिडी देती है। ताकि प्रदेश के किसानों को सस्ती बिजली मिल सके। फसल खराब होने पर 32 हजार प्रति हेक्टयर की दर से फसल क्षति का मुआवजा दे रही है। थ्रेसिंग दुर्घटना से मत्यु होने पर 4 लाख रू. की राशि दी जाती है।  मध्यप्रदेश में शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण दिया जाता है। इन सब का परिणाम है कि मध्यप्रदेश कृषि के क्षेत्र में लगातार उन्नति कर रहा है। मध्यप्रदेश गेहूं के उत्पादन में देश में 7 वर्षो से प्रथम स्थान पर है। हर वर्ष कृषि कर्मण पुरस्कार मध्यप्रदेश को मिल रहा है।  


कार्यक्रम में मंत्री श गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि किसान समृध्द होगा तो देश समृध्द होगा। उन्होंने कहा कि जब किसान की अच्छी फसल आती है तो इसका लाभ सारे समाज को मिलता है। व्यापारी भी खुश होता है कि इससे व्यापार में वृध्दि होगी। सभी व्यक्ति किसान की सृमध्दि की कामना करते है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार ने किसानों के दो लाख रू. तक के ऋण माफ करने के घोषणा की थी। जिसे पूरा नहीं किया, इससे किसान संकट में आ गये और डिफाल्टर हो गए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किसान सम्मान निधि के रूप  में प्रतिवर्ष 6 हजार रू. और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भी प्रतिवर्ष केन्द्र के अनुसार किसानों को राशि दी जा रही है। जिससे किसानों को मदद मिली है।



कार्यक्रम को विधायक श्री प्रदीप लारिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील शुक्ला द्वारा मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी की जानकारी दी गई।  कार्यक्रम में बताया गया कि जिला सहकारी बैंक के 19 शाखाओ के 178 समितियों को 52,712 ऋण किस्तों का 77 करोड़ 54 लाख रू. कालातीत ब्याज मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना के तहत माफ किया जा रहा है। सागर जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के खरीफ वर्ष 2021, रबी 2021-22 के अंतर्गत कुल 99 करोड़ 22 लाख की राशि किसानों के खातों में अंतरित की गई। जिनमें सहकारी बैंक के 17400  कृषकों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत साढे़ इक्कीस करोड़ रू. की राशि शामिल है। कार्यकम में श्री प्रतिपाल, बलराम यादव, बैनीप्रसाद कुर्मी सहित 10 किसानों ब्याज माफी के प्रमाण पत्र अतिथियों द्वारा प्रदान किये गए। कार्यक्रम का संचालन श्री अरविंद जैन ने किया।
Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive