बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

Sagar: भीषण सड़क हादसा: छह की मौत ,एक घायल :ट्रक और कार की भीषण टक्कर▪️अमरदीप ट्रेवल्स के अतुल दुबे की थी कार

Sagar: भीषण सड़क हादसा: छह की मौत ,एक घायल :ट्रक और कार की भीषण टक्कर
▪️अमरदीप ट्रेवल्स  के अतुल दुबे की थी कार 

तीनबत्ती न्यूज : 16 जुलाई ,2023
सागर । मध्यप्रदेश सागर में ट्रक और कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। हादसा सानोधा थाना क्षेत्र के बमोरी डूंडर गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। टक्कर के बाद जहां पजेरो के परखच्चे उड़ गए तो वहीं ट्रक जाकर जिस नीम के पेड़ से टकराया वह उखड़ कर टूट गया। ट्रक सड़क से नीचे उतर गया।



सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पजेरो कार अमरदीप ट्रेवल्स के मालिक अतुल दुबे की है। इसमें उनका बेटा अमरदीप गंभीर रूप से घायल हुआ है। अमरदीप  कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अमित रामजी दुबे के भतीजे है।  घायल अमरदीप को  सागर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वाले सभी कार सवार थे। कार में ड्राइवर समेत 7 लोग सवार थे।
          घायल अमरदीप दुबे

मिली जानकारी के मुताबिक सागर तरफ से पजेरो गाड़ी गढ़ाकोटा की तरफ जा रही थी वही गढाकोटा तरफ से एक ट्रक सागर की तरफ आ रहा था। रास्ते में आमने-सामने से दोनो के  बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।  पजेरों में 7 युवक सवार थे । इस दर्दनाक  हादसे में कार की स्टाइरिंग टूट कर बाहर फ़िक गई। हादसे की खबर सागर में तेजी से फेल गई। अनेक नेता और शुभचिंतक हॉस्पिटल पहुंचे। 


इस हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हुई। वाहनों को जेसीबी मशीन से हटाकर अलग किया गया। वही कार में फंसे युवकों को काटकर निकाला गया। 
मौके पर एसडीओपी अशोक चौरसिया मकरोनिया सीएसपी शेखर दुबे सानोधा थाना प्रभारी अजय शाक्य बहेरिया थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए।
एसपी अभिषेक तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया इस घटना में 4 लोगों की मौके पर और 2 लोगों को हॉस्पिटल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया अब तक 6 लोगों की दुखद जान चली गई है। ट्रक चालक अभी फरार है। उसकी पहचान हो गई है। पुलिस इसको तलाश रही है। 


दर्दनाक हादसे में मुकेश रैकवार (28)
 पंकज रैकवार (35) ब्रजेश ठाकुर (30)  अर्पित जैन (30)  गणेश रैकवार (45) पवन रैकवार (35)  जान गई है। इनमे अर्पित जैन अंकुर कालोनी मकरोनिया और बाकी सभी पूर्व्याऊ टोरी सागर के निवासी है।  सभी  शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
          हादसे में इनकी मौत हुई
मंत्री गोपाल भार्गव ने दुख व्यक्त किया

पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि
सागर के बहेरिया गढ़ाकोटा रोड पर एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दुखद मृत्यु हुई। यह दुर्घटना अत्यंत ही दुखद और मन को द्रवित करने वाली है। दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं।  ईश्वर पीड़ित परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें।

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने जताया शोक

नगरीय विकास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने टवीट किया कि  सागर दमोह रोड पर सड़क दुर्घटना में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार मिल रहा है।
प्रशासन द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। ईश्वर से प्रार्थना है असमय काल कवलित हुए लोगों को सदगति प्रदान करें, और जो भी घायल हुए हैं उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्राप्त हो।

मंत्री गोविंद राजपूत ने जताया शोक

मंत्री गोविंद राजपूत ने सड़क हादसे पर टवीट किया कि
दमोह मार्ग पर दुर्घटना में सागर के 6 युवाओं की मृत्यु का समाचार बेहद दुःखद है। मैं ईश्वर से सभी की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। ईश्वर सभी के परिजन को यह दुख की घड़ी सहन करने की शक्ति प्रदान करें।


 
Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive