बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

खुरई में भाजपा की संगठन संरचना अभेद्य, जीत का रिकार्ड बनाएगीः मंत्री भूपेंद्र सिंह▪️भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित

खुरई में भाजपा की संगठन संरचना अभेद्य, जीत का रिकार्ड बनाएगीः मंत्री  भूपेंद्र सिंह

▪️भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित 




खुरई,11 अप्रैल ,2023 । बूथ सशक्तिकरण अभियान में खुरई विधानसभा क्षेत्र 7 हजार पन्ना प्रमुख बना कर जिले में पहले नंबर पर आया है। हर बूथ पर भाजपा का स्थापना दिवस का जोर शोर से आयोजन करने में भी खुरई विधानसभा क्षेत्र जिले में सबसे आगे रहा है। खुरई के भाजपा कार्यकर्ताओं की संरचना व संगठन की उपलब्धियों को देखते हुए मैं यह कह सकता हूं कि आगामी चुनाव में खुरई विधानसभा में भाजपा की जीत का रिकॉर्ड बनेगा। यह  विचार नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने यहां आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए व्यक्त किए हैं।

    मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि संगठन का विस्तार नीचे तक जितना अधिक होगा उतनी ही पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का संगठन उसके परिश्रमी कार्यकर्ताओं के कारण सुदृढ़ है। हम यहां विजय का रिकार्ड बनाएंगे।

     मंत्री श्री सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है तो वे आलतू फालतू की बातें करके उन बातों पर फोकस करना चाहेंगे। वे विकास की बात नहीं करते।  कांग्रेस के बाहरी लोग खुरई में महीने भर पड़े रहे और उन्हें यही सिर्फ 15-20 लोग मिल सके। बाकी लोग बाहरी जिलों, क्षेत्रों से आए थे। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सभा में उन्हें बलि का बकरा कहा गया, मेरे स्वर्गीय पिता के लिए अपशब्द कहे गए। लेकिन कांग्रेस की सभा में उनके ही नेता तुलाराम अहिरवार ने कांग्रेस की पोल खोल दी। कांग्रेस नेताओं के पास तुलाराम अहिरवार की बातों का जवाब नहीं था।


     मंत्री श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 14 अप्रैल को खुरई में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल डा आंबेडकर संग्रहालय के लोकार्पण समारोह में पधार रहे हैं। इस आयोजन में क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम, वार्ड और बूथ से सभी कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र के अनुसूचित जाति वर्ग के अधिक से अधिक लोगों को लेकर खुरई पहुंचना है।

     इसके लिए घर-घर कार्ड वितरण के लिए कार्यकर्ता पहुंचे, सामाजिक समरसता भोज भी आयोजित करें। बूथ प्रभारी व संयोजक सुनिश्चित करें कि कोई बिना आमंत्रण के रह न जाए। इस आयोजन में प्रतिभा सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया है।

    मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सभी भाजपा कार्यकर्ता 11 मई को खुरई के माडल स्कूल में आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के विवाह समारोह के लिए अपने क्षेत्रों के सभी हितग्राहियों का पंजीयन ढूंढ़ कर कराएं। सभी कार्यकर्ता साफा बांध कर विवाह स्थल पर बारातों की अगवानी करते मौजूद रहें। उन्होंने बताया कि इस बार वर-वधू को सीधे 56 हजार रुपए का चेक  प्रदान किया जाएगा जिससे वे अपना सामान स्वयं खरीद सकें। हमारी ओर से उत्कृष्ट भोजन, पंडाल, काम, पंडित जी, वर माला, भांवर संस्कार आदि की पूरी व्यवस्था रहेगी।

     मंत्री श्री सिंह ने कहा कि ओलावृष्टि अतिवृष्टि पीड़ित किसानों की बेटियों के विवाह के लिए भी 56 हजार रुपए सरकार द्वारा दिया जाएगा।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं अपने गांव, वार्ड,बूथ स्तर पर लाडली बहिना योजना के शत प्रतिशत फार्म स्वयं भरवाएं। मैंने स्वयं भी लाडली बहिनों के फार्म भरवाए हैं। सभी कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में अपने नाम के साथ लाडली बहिना योजना के दीवार लेखन, पंपलेट,पोस्टर आदि से प्रचार प्रसार कराएं।


     मंत्री श्री सिंह ने बताया कि खुरई के किला मैदान में स्थित मां बीजासेन का भव्य  नया मंदिर बन कर तैयार हो चुका है। इस मंदिर का बड़ा आयोजन प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम 11 मई से लगातार एक सप्ताह तक चलेगा। इस कार्यक्रम में जन जन की भागीदारी भाजपा कार्यकर्ता सुनिश्चित करें। जल जीवन मिशन के तहत घर घर टोंटी से पानी सप्लाई की योजना के पूरे विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव, प्रत्येक घर के लिए  टेंडर होकर कार्य प्रारंभ हो चुका है। हर घर में 24 घंटे मिनरल वाटर की तरह फिल्टर्ड पानी पहुंचाने की यह योजना महत्वपूर्ण है। इसके प्रचार प्रसार के लिए गांव गांव महिलाओं की जल यात्रा निकालें।

     कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के वरिष्ठ नेता हेमचंद बजाज, खुरई विधानसभा चुनाव प्रभारी मनोज दुबे, मालथौन नगर परिषद अध्यक्ष जयंत सिंह बुंदेला, नगर पालिका अध्यक्ष नन्हींबाई अहिरवार, मंडल अध्यक्ष प्रवीण जैन व हरिशंकर कुशवाहा, राजकुमार बघेल, पप्पू मुकद्दम बांदरी, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, सुंदर लाल ठेकेदार, काशीराम टेलर मास्टर, बबलू चौधरी, रश्मि सोनी  सहित क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी , कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

बरोदिया कलां में 0.96 हेक्टे. वनभूमि नगरपरिषद को मिली, शुल्क जमा करने आदेश जारी

  नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह की पहल के बाद बरोदिया कलां में स्वीकृत हुई मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक भवन निर्माण के लिए जगह आवंटन का रास्ता साफ हो गया है। राज्य शासन की सहमति के बाद वनविभाग ने बरोदिया कलां में 0.96 हेक्टेयर वनभूमि नगर परिषद बरोदिया कलां को सौंपने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक मध्यप्रदेश की भू-प्रबंध शाखा ने उत्तर वनमंडल अधिकारी, सागर को भेजे गये एक आदेश में कहा गया है कि राज्य शासन की सहमति से बरोदिया कलां में सीएम संजीवनी क्लीनिक प्रोजेक्ट हेतु 0.96 हेक्टेयर अर्थात 2.37 एकड़ वनभूमि का निर्धारित शासकीय मूल्य नगर परिषद बरोदिया कलां से जमा कराया जाए। शुल्क जमा करने के बाद यह वनभूमि नगर परिषद बरोदिया कलां को संजीवनी क्लीनिक बनाने हेतु हस्तांतरित कर दी जाएगी। प्रकरण में भूमि शुल्क 100 वृक्षों के वृक्षारोपण का शुल्क भी जमा कराने का आदेश नगर परिषद को दिया गया है। मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने नगर परिषद बरोदिया कलां के सीएमओ को निर्देश दिया है कि राज्य शासन के आदेश के परिपालन में निर्धारित राशि अविलंब जमा कराएं ताकि मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक के निर्माण का कार्य शीघ्रता से आरंभ हो सके।



Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive