बंसल क्लासेस,सागर +916232102606. +919340574756

खेल परिसर मैदान के पुनर्विकास कार्यों का महापौर ने निगमायुक्त के साथ किया निरीक्षण

खेल परिसर मैदान के पुनर्विकास कार्यों का महापौर ने निगमायुक्त के साथ किया निरीक्षण

-
सागर , 13 अप्रेल 2023 : सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा खेल परिसर में विकसित की जा रहीं खेल सुविधाओं के प्रगति कार्यों का सागर महापौर श्रीमति संगीता तिवारी ने निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ सागर स्मार्ट सिटी श्री चंद्र शेखर शुक्ला एवं निगम परिषद सदस्यों के साथ जायजा लिया। इस दौरान महापौर प्रतिनिधि श्री सुशील तिवारी, जिला खेल अधिकारी श्री प्रदीप अबिद्रा, एमआईसी सदस्य श्री विनोद तिवारी, श्रीमति रेखा नरेश यादव, श्री रुपेश यादव, श्रीमति कंचन सोमेश जड़िया, श्री धर्मेंद्र खटीक, सुश्री मेघा दुबे, सुश्री आशारानी जैन, सुश्री संगीता जैन, श्री रिशांक तिवारी, श्री रीतेश तिवारी, श्री विशाल खटीक, श्री राजकुमार पटेल, श्री कनई पटेल, श्री आनंद विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे। 

निगमायुक्त श्री चंद्र शेखर शुक्ला  ने खेल परिसर के प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण करते हुए बताया की हॉकी टर्फ मैदान, नेचुरल सिलेक्शन वन ग्रास फुटबॉल मैदान, 8-लेन सिंथेटिक एथेलेटिक ट्रेक, लॉन्ग जम्प एंड हाई जम्प ट्रेक, बास्केटबॉल कोर्ट, बॉलीबॉल कोर्ट, टेनिस कोर्ट, मल्टीपर्पस कोर्ट,डिस्कस थ्रो, हेमर थ्रो, शॉटपुट, पोलवॉल्ट एवं जेवलिन थ्रो आदि खेल सुविधाओं के विकास का प्रावधान खेल परिसर में किया गया था।

 इनमें से लगभग 6000 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल का अंतरर्राष्ट्रीय हॉकी टर्फ मैदान बनकर तैयार है। खेल मानकों अनुसार इसके सभी आवश्यक परीक्षण आदि किए जा चुके हैं। फुटबॉल मैदान में नेचुरल सिलेक्शन वन ग्रास फर्टीलाइजर आदि डालकर ग्राउंड तैयार करने के बाद लगाई जा चुकी है। 8-लेन एथेलेटिक ट्रेक में फ़ाइनल सिंथेटिक लेयर बिछाने के बाद लाइन मार्किंग के साथ ट्रेक भी पूरा तैयार है। लॉन्ग जम्प एंड हाई जम्प का रन-वे बनकर तैयार है एवं इसके जम्पिंग पिट का निर्माण किया गया है। एथेलेटिक रनिंग ट्रेक के डी-एरिया में विभिन्न खेल सुविधाओं जैसे डिस्कस थ्रो, हेमर थ्रो, शॉटपुट, पोलवॉल्ट एवं जेवलिन थ्रो आदि हेतु स्थल तैयार कर उपकरण लगाए गए हैं। बास्केटबॉल कोर्ट, बॉलीबॉल कोर्ट, टेनिस कोर्ट, एवं मल्टीपर्पस कोर्ट की बिटूमिन लेयर का कार्य किया जा चुका है इसकी सिंथेटिक लेयर बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इन मैदानों को सेप्रेट करने के लिए जाली लगाकर सुरक्षित बनाया गया है।इसके बाद लाइन मार्किग आदि कार्य किए जाएंगे। सभी खेल मैदानों में आवश्यक मार्किंग सहित विभिन्न खेल उपकरणों को लगाने का कार्य शीघ्रता से करते हुए खेल परिसर मैदान को जल्दी ही लोकार्पित किया जा सकेगा।

महापौर श्रीमति संगीता तिवारी ने  खेल परिसर का जायजा लेते हुए कहा की सागर के युवाओं, खेल प्रेमियों व खिलाडियों में खेल भावनाओं को विकसित करते हुए खेलों से जोड़ने के साथ जीवन गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से
सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं इसका एक उदाहरण हमारा सिटी स्टेडियम हैं। यहां आज बड़े-बड़े खेल आयोजन करने में हम सक्षम बने हैं। सागर के खिलाडियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु इंटीग्रेटेड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तहत खेल परिसर में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल मानकों अनुसार विभिन्न खेल सुविधाओं का विकासकार्य लगभग पूरा किया जा चुका है। इन सुविधाओं के मिलने से सागर शहर ही नहीं बल्कि आसपास के खिलाडियों के खेल में निपुणता आएगी और ओलम्पिक जैसे अंतरराष्ट्रीय खेलों में सागर के खिलाड़ियों का चयन हो सकेगा। इन सभी परियोजना कार्यों के पूरे होने के बाद सागर के नागरिकों की जीवन गुणवत्ता में सुधार के साथ ही शहर में स्पोर्टस ईकोसिस्टम का निर्माण होगा।
Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

Archive