Editor: Vinod Arya | 94244 37885

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बीना में संगठनात्मक बैठक की ▪️वीबी-जी रामजी जनजागरण अभियान को लेकर बैठकों को किया संबोधित

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बीना  में संगठनात्मक बैठक की : शक्ति केंद्र प्रभारियों को दिया मार्गदर्शन

▪️वीबी-जी रामजी जनजागरण अभियान को लेकर बैठकों को किया संबोधित


तीनबत्ती न्यूज: 12 जनवरी, 2026

सागर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बीना में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक  का आयोजन किया गया, जिसमें उनके सारगर्भित मार्गदर्शन का लाभ संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मिला।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक  हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को सागर जिले के बीना में वीबी-जी रामजी जन-जागरण अभियान की बैठक एवं छोटी टोली की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वीबी-जी रामजी योजना गांवों के समग्र विकास के संकल्प को साकार करेगी। भाजपा सत्ता नहीं राष्ट्र सेवा और विचारों का सशक्त अभियान है। कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी के स्वदेशी अपनाओ के विचार को कभी सम्मान नहीं दिया। आजादी के बाद स्वदेशी को कभी बढ़ावा नहीं दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने स्वदेशी को बढ़ावा देकर गांधी जी के सपनों को साकार कर रहे हैं। 



गांवों का विकास ही भारत के समग्र विकास की मजबूत नींव है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने वीबी-जी रामजी जनजागरण अभियान पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और गांवों का सशक्तिकरण ही देश को विकसित राष्ट्र बनाने का मूल आधार है। वीबी-जी रामजी योजना जनजागरण अभियान मजदूरों को समय पर पारिश्रमिक दिलाने, पंचायतों को जवाबदेह बनाने तथा गांवों में पारदर्शी एवं सुशासित विकास व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में महात्मा गांधी नरेगा जैसी योजनाओं में बिचौलियों और भ्रष्टाचार के कारण श्रमिकों को उनका पूरा अधिकार नहीं मिल पाता था। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में तकनीक आधारित, पारदर्शी और जवाबदेह प्रणाली लागू होने से मजदूरों को सीधे उनके खाते में भुगतान सुनिश्चित हुआ है, जिससे गांवों में विश्वास और सम्मान की भावना मजबूत हुई है। भारतीय जनता पार्टी नामों की राजनीति नहीं, बल्कि काम, परिणाम और जनकल्याण की राजनीति में विश्वास करती है। 

कांग्रेस ने वोट की राजनीति के लिए योजना में महात्मा गांधी जी का नाम जोड़ा था

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि योजनाओं में सुधार के साथ समय-समय पर नाम बदलते रहे हैं। श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए बनाई गई योजना का नाम पहले नरेगा था। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने इस योजना के जरिए वोट की राजनीति करने योजना में महात्मा गांधी जी का नाम जोड़ा था। पहले 100 दिन का रोजगार मिलता था। अब 125 दिन के रोजगार की गारंटी है। इस योजना में पहले अधिकांश फैसले केंद्र सरकार के स्तर पर होते थे। अब राज्यों की हिस्सेदारी बढ़ा कर जवाबदेही बढ़ाई गई है। अब 50 प्रतिशत कार्यों का फैसला ग्राम पंचायतों में ही होंगे। महात्मा गांधी नरेगा में पक्के निर्माण का प्रावधान नहीं था, जिससे फर्जीवाड़ा की संभावना हमेशा बनी रहती थी। अब गांवों में पक्के निर्माण के साथ नाली, सड़क, स्व-सहायता समूहों के लिए शेड का निर्माण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने खादी और स्वदेशी को जनआंदोलन बनाकर बढ़ावा देने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मना रहे हैं। 

प्रधानमंत्री जी ने गांधीजी के स्वच्छता के स्वप्न को जन-आंदोलन बनाकर साकार किया

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद सरकार ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से महात्मा गांधी जी के स्वच्छता के स्वप्न को जन-आंदोलन में बदलकर साकार किया। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के साथ स्वदेशी, रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा दी गई है। आज से 20 से 30 साल पहले देश की स्थिति ऐसी थी कि युवा पीढ़ी भविष्य संवारने के लिए विदेश जाना चाहता था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किया और उन्हें देश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश के युवा अपना भविष्य सुरक्षित देख रहे हैं। देश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र व राज्यों में भाजपा सरकारों को होना बहुत आवश्यक है। भाजपा सत्ता में रहकर देश की सेवा करती रहे, इसके लिए हमें भाजपा संगठन को और मजबूत करने के लिए भी सतत कार्य करना होगा।
ये रहे शामिल
बैठक मे प्रदेश शासन के मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री व विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह, प्रदेश महामंत्री व सांसद श्रीमती लता वानखेडे़, विधायक श्री प्रदीप लारिया, श्री शैलेन्द्र जैन, संभाग प्रभारी श्री गौरव सिरोठिया, विधायक श्री बृजबिहारी पटेरिया, श्री वीरेंद्र सिंह लोधी, जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, श्रीमती लता सकवार, पूर्व विधायक श्री महेश राय, श्री विनोद पंथी, श्री धरमू राय सहित जिला पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Share:

संकल्प फाउंडेशन ने स्वामी विवेकानंद जयंती पर लगाई प्रदर्शनी

संकल्प फाउंडेशन ने स्वामी विवेकानंद जयंती पर लगाई प्रदर्शनी


तीनबत्ती न्यूज: 12 जनवरी, 2026

सागर : संकल्प फाउंडेशन द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर सिविल लाइन स्थित विवेकानंद पार्क में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में स्वामी विवेकानंद जी के प्रेरणादायी जीवन, उनके विचारों, राष्ट्र निर्माण में योगदान तथा संकल्प फाउंडेशन द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे विविध कार्यों को चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी का अवलोकन महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने किया। महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे युवाओं एवं समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।



इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री रिशांक तिवारी ने कहा कि संकल्प फाउंडेशन एक सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित संगठन है, जो सेवा, शिक्षा एवं आध्यात्मिक विकास को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम मानता है। फाउंडेशन जरूरतमंदों की सेवा, गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के प्रसार तथा व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को आत्मनिर्भर, संवेदनशील एवं मूल्यनिष्ठ बनाना है।

संकल्प फाउंडेशन द्वारा सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, मानवीय सहायता, महिला एवं बाल उत्थान तथा नैतिक चेतना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। संस्था की विचारधारा महान युगपुरुष स्वामी विवेकानंद जी के जीवन एवं दर्शन से गहराई से प्रेरित है। स्वामी जी का संदेश – “उठो, जागो और तब तक न रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” – आज भी युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

प्रदर्शनी के माध्यम से संकल्प फाउंडेशन ने समाज को यह संदेश दिया कि यदि हम स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को आत्मसात करें तो एक सशक्त, संस्कारवान और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव है।

Share:

Sagar News: तीन दिन में डी.डी. कॉम्प्लेक्स की दुकानों का आधिपत्य न लेने पर: जमा राशि राजसात करने के निर्देश दिए निगम कमिश्नर ने ▪️आवंटित 41 दुकानों में सिर्फ 11 ने पूरी राशि जमा की

Sagar News:  तीन दिन में डी.डी. कॉम्प्लेक्स की दुकानों का आधिपत्य न लेने पर:  जमा राशि राजसात करने के निर्देश दिए निगम कमिश्नर ने

▪️आवंटित 41 दुकानों में सिर्फ 11 ने पूरी राशि जमा की


तीनबत्ती न्यूज: 12 जनवरी, 2026

सागर :  नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने कटरा बाजार स्थित डी.डी. कॉम्प्लेक्स की दुकानों का आवंटन प्राप्त कर अब तक आधिपत्य न लेने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने बाजार शाखा के प्रभारी आनन्द मंगल गुरु को आदेशित किया है कि जिन व्यक्तियों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में दुकानों का आधिपत्य नहीं लिया गया है, उन्हें अंतिम रूप से 3 दिवस का अवसर प्रदान करते हुए यदि वे इस अवधि में भी दुकानों का आधिपत्य ग्रहण नहीं करते हैं तो उनकी जमा राशि राजसात कर आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जाए।

बाजार शाखा प्रभारी आनंद मंगल गुरु ने बताया कि कटरा बाजार स्थित डी डी कॉम्लेक्स में आवंटित दुकानों की संख्या 41 है जिनमें से 11 व्यक्तियों द्वारा पूरी राशि जमा कर दी गई है, 25 व्यक्तियों द्वारा 50 प्रतिशत  राशि और 4 व्यक्तियों के द्वारा 25 प्रतिशत राशि जमा कर की गई है, जिनके द्वारा पूर्ण राशि जमा कर दी है उनके द्वारा आधिपत्य हेतु आवेदन जमा कर दिए हैं। जिन व्यक्तियों द्वारा पूर्ण राशि जमा नहीं की गई है 3 दिवस में अगर बकाया राशि जमा नहीं की जाती है तो  जमा राशि राजसात करते हुए आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जावेगी।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों डी.डी. कॉम्प्लेक्स के दुकानदारों द्वारा नगर निगम आयुक्त से भेंटकर कांम्प्लेक्स में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की गई थी। इस पर आयुक्त श्री खत्री द्वारा संबंधित दुकानदारों एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया तथा विद्युत, साफ-सफाई, पानी, मार्ग एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान कराया गया। निरीक्षण एवं समस्याओं के निराकरण के उपरांत भी अनेक दुकानदारों द्वारा अब तक दुकानों का आधिपत्य नहीं लिया गया है। इस संबंध में नगर निगम की बाजार शाखा द्वारा पूर्व में भी दुकानदारों को नोटिस जारी कर दुकानों का आधिपत्य लेने के निर्देश दिए गए थे, किंतु इसके बावजूद कुछ दुकानदारों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्धारित 3 दिवस की अवधि समाप्त होने के पश्चात जिन दुकानों का आधिपत्य नहीं लिया जाएगा, उनकी जमा राशि नियमानुसार राजसात कर आवंटन निरस्त कर दिया जाएगा तथा संबंधित दुकानों को पुनः आवंटन की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। नगर निगम ने सभी संबंधित दुकानदारों से अपील की है कि वे समय-सीमा के भीतर दुकानों का आधिपत्य लेकर किसी भी प्रकार की अप्रिय कार्रवाई से बचें।

Share:

स्वामी विवेकानंद जयंती केवल स्मरण का दिवस नहीं, बल्कि संकल्प का दिवस हो डॉ. आशीष द्विवेदी

स्वामी विवेकानंद जयंती केवल स्मरण का दिवस नहीं, बल्कि संकल्प का दिवस हो डॉ. आशीष द्विवेदी


तीनबत्ती न्यूज:  12 जनवरी 2026 

सागर: स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बी.टी. इंस्टिट्यूट ऑफ एक्सीलेंस, मकरोनिया, सागर में एक प्रेरणादायक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उ‌द्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से परिचित कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर, ऊर्जावान और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम में डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग से डॉ. रजनीश अग्रहरी, समाजसेविका डॉ. कविता लारिया, इंक मीडिया के डायरेक्टर डॉ. आशीष ‌द्विवेदी, बी.टी. ग्रुप के मेंटर प्रो. सुबोध कुमार जैन तथा प्राचार्य डॉ. राजू टंडन उपस्थित रहे।


संगोष्ठी में प्राचार्य डॉ. राजू टंडन ने अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं को केवल भविष्य की आशा नहीं, बल्कि वर्तमान का कर्णधार मानते थे। उनका कथन था कि "मुझे शिक्षित और चरित्रवान युवा दे दो, मैं भारत का कायाकल्प कर दूँगा।" वे भली-भांति जानते थे कि यदि युवाओं को सही दिशा, आत्मविश्वास और मूल्य मिल जाएँ, तो राष्ट्र पुनर्जागरण की ओर अग्रसर हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि नैतिकता से रहित शिक्षा समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा है।

प्रो. सुबोध कुमार जैन ने स्वामी विवेकानंद के जीवन से जुड़ी शिक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को महत्वपूर्ण संदेश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य की प्राप्ति के लिए पूर्ण समर्पण, निरंतर प्रयास और गहरी लगन अनिवार्य हैं, क्योंकि इनके बिना सफलता संभव नहीं होती। उन्होंने बताया कि जैसे सांस के बिना जीवन संभव नहीं, वैसे ही ईश्वर की अनुभूति और आत्मिक उन्नति भी गहरी तड़प और समर्पण से ही होती है। अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब समाज और परिवार प्रतिभा को पहचानकर उसका सहयोग और प्रोत्साहन देते हैं, तो वही प्रतिभा आगे चलकर विश्व मंच पर स्वामी विवेकानंद जैसे देश का नाम रोशन करती है।


डॉ. रजनीश अग्रहरी ने अपने उ‌द्बोधन में स्वामी विवेकानंद के विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विवेकानंद का दर्शन युवाओं को आत्मविश्वास, विवेक और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। "उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत" को उन्होंने वि‌द्यार्थियों के जीवन का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि शिक्षा का उ‌द्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण करना भी है। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद ने वेदांत को केवल ग्रंथों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि अपने आचरण और सेवा कार्यों के माध्यम से उसे व्यवहार में उतारा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वेदांत का मूल सिद्धांत यह है कि प्रत्येक मनुष्य में दिव्यता निहित है और "सर्वे भवन्तु सुखिनः" का भाव स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन का आधार रहा।


डॉ. कविता लारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि विचार स्पष्ट हों और लक्ष्य निश्चित हो, तो परिस्थितियाँ स्वयं अनुकूल बन जाती हैं। उन्होंने "धर्म के लिए जियो, समाज के लिए जियो" विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि सच्चा धर्म मानव सेवा, करुणा, त्याग और पीड़ितों की सहायता में निहित है। समाज सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा है।

इंक मीडिया से डॉ. आशीष द्विवेदी ने अपने प्रेरणादायक उ‌द्बोधन में कहा कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी युवा चेतना में निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी पहचान स्वयं बनाएं और दूसरों से अपेक्षा करने के बजाय स्वयं दीपक बनकर समाज को प्रकाश दें। उन्होंने कहा कि जीवन में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, ओज, तेज और साहस के साथ आगे बढ़ना ही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, निरंतर प्रयास करने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य,


आत्मबल और अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है, क्योंकि यही गुण व्यक्ति को असफलता से सफलता की ओर ले जाते हैं। डॉ. ‌द्विवेदी ने कहा कि संकल्प शक्ति वि‌द्यार्थी जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जो व्यक्ति को तपस्या, आत्मसंयम और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे अपने भीतर छिपी संभावनाओं को पहचानें, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने दोहराया कि स्वामी विवेकानंद जयंती केवल स्मरण का दिवस नहीं, बल्कि संकल्प का दिवस है।


कार्यक्रम का संचालन अदिति जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन किरण तिवारी द्वारा किया गया। संगोष्ठी के अंत में विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज, राष्ट्र और मानवता की सेवा करेंगे। कार्यक्रम ने युवाओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार किया।

Share:

योग से आत्मविश्वास, आत्मशक्ति, स्फूर्ति बढ़ती है: मंत्री गोविंद राजपूत

योग से आत्मविश्वास, आत्मशक्ति, स्फूर्ति बढ़ती है: मंत्री गोविंद राजपूत


तीनबत्ती न्यूज: 12 जनवरी, 2026

सागर : मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि बड़ी प्रसन्नता का विषय है सारे प्रदेश में और सारे देश में आज हम युवा शक्ति, युवा साहस के प्रतीक स्वामी विवेकानंद जी की जयंती मना रहे हैं और आज योग दिवस के रूप में हम सब यहां इस खेल प्रांगण में पीटीसी ग्राउंड पर बैठे हम सब जानते हैं स्वामी विवेकानंद जी केवल एक संत नहीं थे बल्कि वह युवाओं के विचार साहस और आत्मविश्वास के प्रतीक थे। उन्होंने हमेशा कहा डरो मत, साहस के साथ आगे बढ़ो जब तक हमारा लक्ष्य हासिल न हो तब तक आगे बढ़ते रहो, आज इस सिद्धांत लेकर जो युवा आगे चल रहे हैं वह अपने लक्ष्य को हासिल भी कर रहे हैं और उनमें आत्मविश्वास की भरपूर शक्ति भी प्रतीत होती है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत आज युवा दिवस के अवसर पर पीटीसी मैदान में योग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। 

____________

वीडियो देखने क्लिक करे

सागरराष्ट्रीय युवा दिवस पर हुआ सामूहिक सूर्य नमस्कार

___________

मंत्री श्री राजपूत ने आज योग दिवस है। हम देखते हैं जो सूर्य नमस्कार हम लोग कर रहे हैं यह सूर्य नमस्कार सूर्य केवल एक तारा नहीं है हम सबके लिए शक्ति, साहस, का स्रोत है। सूर्य के प्रकाश से हमारे शरीर को विटामिन डी की प्राप्ति होती है जिससे हमारा शरीर मजबूत और स्वस्थ रहता है। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में बहुत व्यस्तताएं होती हैं हर आदमी कहीं ना कहीं व्यस्त है पर अगर वह थोड़ा सा भी समय सूर्य नमस्कार को देता है तो सूर्य नमस्कार एक ऐसी प्रक्रिया है कि बहुत कम समय में हम प्राणायाम के द्वारा अपने शरीर को स्वस्थ रख सकते। जब हम बीमार होते हैं जब कभी तनाव होता है तब हमें ऐसा लगता है कि हम डॉक्टर के पास जाएं लेकिन आज के जमाने में हम देखते हैं कि डॉक्टर भी कहता है कि आप थोड़ा समय अपने अन्य  काम के अलावा शरीर को भी दें चाहे पैदल चले, खेल  खेले, योग करें और कुछ नहीं कर पा रहे हो तो सबसे सीधा सरल साधन है सूर्य नमस्कार जो आपके घर में छोटी सी जगह में बहुत बड़ी जगह नहीं चाहिए बहुत बड़ा बगीचा नहीं चाहिए कोई खेलने के लिए ग्राउंड होनी चाहिए हम अपने छोटी से घर में भी इस प्राणायाम को कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि आज हम सब यह योग करने बैठे हुए हैं और में आशा करता हु कि हम सब आगे भी ऐसे योग करते रहेंगे और एक स्वस्थ भारत का निर्माण करेंगे।


ये हुए शामिल

इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, श्याम तिवारी, संभाग कमिश्नर अनिल सुचारी, कलेक्टर संदीप जी आर, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक के वी, नगर निगम कमिश्नर श्री राजकुमार खत्री, एसडीएम श्री अमन मिश्रा, संयुक्त संचालक शिक्षा श्री एसपीएन बिसेन, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती निगम, जिला खेल अधिकारी श्री संजय दादर, श्री संतोष सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं एवं आम नागरिक मौजूद थे।

Share:

बीएमसी के डॉ. वृषभान अहिरवार 'बेहतरीन रेडियोलॉजिस्ट' अवार्ड से सम्मानित

बीएमसी के डॉ. वृषभान अहिरवार 'बेहतरीन रेडियोलॉजिस्ट' अवार्ड से सम्मानित


तीनबत्ती न्यूज: 11 जनवरी, 2026

सागर: बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के रेडियोलॉजी विभाग में पदस्थ एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. वृषभान अहिरवार ने प्रदेश स्तर पर संस्थान का मान बढ़ाया है। इंदौर में आयोजित इंडियन रेडियोलॉजिकल एसोसिएशन की वार्षिक कॉन्फ्रेंस में उन्हें उनकी सटीक रिपोर्टिंग और उत्कृष्ट प्रोफेशनल सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर डीन डॉ. पी. एस. ठाकुर ने डॉ. अहिरवार को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. अहिरवार की निस्वार्थ सेवा और कार्यक्षमता अनुकरणीय है, जिससे पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। उनकी यह उपलब्धि साथी चिकित्सकों और छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

Share:

Sagar News: शस्त्र से शरीर मर सकता है, व्यक्ति की प्रज्ञा और बुद्धि नहीं : सह क्षेत्र प्रचारक ▪️RSS का युवा सम्मेलन संपन्न

Sagar News: शस्त्र से शरीर मर सकता है, व्यक्ति की प्रज्ञा और बुद्धि नहीं : सह क्षेत्र प्रचारक

▪️RSS का युवा सम्मेलन संपन्न


तीनबत्ती न्यूज: 11 जनवरी, 2026 

सागर:  डॉक्टर हरि सिंह गौर स्टेडियम तहसील सागर में संघ के युवा सम्मेलन कार्यक्रम में 1700 युवा स्वयं सेवकों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम  तीन सत्र में रहा जिसमें प्रथम सत्र युवाओं का शारीरिक प्रधान कार्यक्रम, द्वितीय सत्र में युवा संवाद कार्यक्रम, तृतीय सत्र में मुख्य वक्ता का उद्बोधन प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि निशांत जी देसाई, संयोजक हर्ष जी अग्रवाल , श्री राजबाबू जी प्रांत सह महाविद्यालय प्रमुख एवं जिला महाविद्यालय प्रमुख अक्षय जी उपस्थित रहे।मुख्य वक्ता प्रेमशंकर जी सह क्षेत्र प्रचारक मध्य क्षेत्र राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उपस्थिति रहे।




कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निशांत देसाई द्वारा संघ की स्थापना व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। मुख्य वक्ता श् प्रेमशंकर जी सह क्षेत्र प्रचारक द्वारा राष्ट्र निर्माण में युवाओं  की भूमिका को बताया गया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद, गुरु तेग बहादुर ,भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डाला । भगवान बिरसा मुंडा जो 22 वर्ष की आयु में स्वतंत्रता के  आंदोलन को जन आंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही। विवेकानंद जैसे सन्यासी जिन्होंने देश को जगाने में, समाज परिवर्तन में युवाओं का महत्व तथा भगवान राम के संबंध में भी बताया। उन्होंने कहा कि युवा राम ने जी धनुष को उठाया उसे रावण जैसी बलशाली व्यक्ति भी हिला नहीं सके, युवा संन्यासी गुरु तेग बहादुर जिन्होंने अपने धर्म की रक्षा के लिए अपने तीन शिष्यों का बलिदान दिया इसी प्रकार परम पूजनीय डॉक्टर केशव बलिराम हेडगबार के जीवन वृत पर प्रकाश डाला।  मुगल काल में राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सोमनाथ ,अयोध्या ,मथुरा मथुरा जैसी प्रतिको को तोड़ा गया अंग्रेजों ने यहां के इतिहास को बदल दिया।सह क्षेत्र प्रचारक प्रेम शंकर ने कहा कि शस्त्र से शरीर मर सकता है, लेकिन बुद्धि और प्रज्ञा नहीं मरती, और जिस राष्ट्र को मारना होता है संस्कृति को नष्ट करना होता है तो उस देश के युवाओं की बुद्धि को नष्ट करने का प्रयत्न करना पड़ता है यही कार्य अंग्रेजों ने किया और आक्रांताओं ने किया, इस देश की धर्म संस्कृति आध्यात्मिक को नष्ट करने के लिए जो जो ऐसे कार्य  थे, वे सब उन्होंने किये।उन्होंने कहा युवाओं में राष्ट्रीय चेतना और राष्ट्रीयता की भावना जागृत कर समाज को संगठित होना पड़ेगा तभी देश का कल्याण होगा ।कार्यक्रम का आभार जिला महाविद्यालय प्रमुख अक्षय जी द्वारा किया गया। 

                          

Share:

अटल जी अजातशत्रु थे : रघु ठाकुर समाज के प्रति समर्पण और सेवा भावना ही जीवन को सार्थक बनाती है: शैलेन्द्र जैन

अटल जी अजातशत्रु थे :  रघु ठाकुर 

समाज के प्रति समर्पण और सेवा भावना ही जीवन को सार्थक बनाती है: शैलेन्द्र जैन 


तीनबत्ती न्यूज: 11 जनवरी, 2026

सागर : अटल फाउंडेशन इकाई  सागर द्वारा “शून्य से शतक : एक शताब्दी अटल भारत की” पर आधारित अभिनन्दन एवं सम्मान समारोह संपन्न हुआ। माँ सरस्वती के पूजन अर्चन व देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी बाजपेयी जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ प्रारंभ हुए कार्यक्रम में अटल फाउंडेशन के जिला सचिव डा विनोद तिवारी के साथ ही फाउंडेशन के सदस्यों ने अतिथियों का शॉल श्री फल एवं  स्मृति चिन्ह्  से स्वागत किया। इस अवसर पर श्री राजेंद्र कुमार सेन द्वारा अटल गीत का मधुर स्वर में गायन किया। 


इस अवसर पर  विधायक सागर शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि आज के इस युग में, जब बड़ी संख्या में युवा वर्ग विलासिता और पाश्चात्य सभ्यता के आकर्षण में पड़कर अपने समाज, संस्कृति और परिवार से दूर होता जा रहा है, ऐसे समय में पारंग  जैसे युवा समाज सेवा की दिशा में जो अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं, वह न केवल प्रशंसनीय है बल्कि प्रेरणादायी भी है। पारंग ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि सोच सकारात्मक हो और उद्देश्य सेवा का हो, तो युवा अपनी ऊर्जा को समाज निर्माण में लगा सकते हैं। समाज के प्रति समर्पण और सेवा भावना ही जीवन को सार्थक बनाती है, और इस प्रकार का सेवा कार्य वास्तव में अपने जीवन को धन्य करने जैसा होता है। हम सभी के लिए यह गर्व का विषय है कि पारंग हमारे परिवार और समाज का बच्चा है, जो अपने कर्मों से आने वाली पीढ़ी के लिए एक आदर्श प्रस्तुत कर रहा है। ऐसे युवाओं से ही समाज को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलती है ।

कार्यक्रम में अध्यक्षीय भाषण देते हुए समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर ने कहा कि मैं अटल फाउंडेशन की जिला इकाई के आज के कार्यक्रम में शामिल होकर अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूँ। भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेई जी के साथ मेरा संबंध 1968 में शुरू हुआ था। जब वह एक आम सभा को संबोधित करने के लिए जो तत्कालीन संविद सरकार के गिरने के बाद भोपाल में आयोजित हुई थी सभा में ही मेरी उनसे पहली मुलाकात हुई थी। मुझे उनका दिया हुआ भाषण आज भी याद है और उनके वे चिंतन पूर्ण शब्द भी मेरे दिमाग में घूमते हैं। अटल जी की भाषण शैली अद्भुत थी और वे श्रोताओं को बांध लेते थे। वे अजात शत्रु थे जिन्होंने किसी के भी साथ  अपनी तरफ से कोई शत्रुता का व्यवहार नहीं किया। बहुत लोगों ने उनके साथ कई प्रकार के भीतरी घात प्रतिघात करने के प्रयास किये परंतु अमूमन उन्होंने चुप रहकर ही उत्तर दिया और मौन उनकी  जीत का बड़ा हथियार  होता था ।

उन्होंने कहा कि अटल जी के भाषण की सभी लोग तारीफ करते हैं  वह लोगों को बांधने वाला होता था। उनके भाषण को न केवल देश पसंद करता था बल्कि  उनके भाषण लोगों को दूर तक  प्रभावित करते थे। न्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए संसद, सरकार और अपने दल को लोकतांत्रिक तरीके से चलाया। वे बगैर आदेश दिए अपनी बात मनवा लेते थे। जब देश में नए रेलवे जोन बन रहे थे तब उनमें बिलासपुर का नाम नहीं था। जब उन्हें यह बताया गया तो उन्होंने एक पर्ची पर लिखकर दिया नीतीश जी (तत्कालीन रेल मंत्री) मैंने बिलासपुर की चुनाव सभा में बिलासपुर में जोन बनाने का समर्थन किया था और दस्तखत कर पर्ची नीतीश जी को देने को दी। नीतीश कुमार जी ने इशारा समझ कर ही बिलासपुर रेलवे जोन की घोषणा कर दी। वे बड़प्पन थोपते नहीं थे बल्कि अपने अपनत्व से लोगों का मन जीतते थे।उन्होंने बताया कि एक बार 1990 में ग्वालियर विश्राम गृह में वे रुके थे। सुबह लौन में टहल रहे थे। उसी समय डबरा से जनता दल के मेरे काफी साथी मेरा नारा लगाते हुए विश्राम गृह में आए। अटल जी का बड़प्पन देखिए कि उन्होंने उन्हें रोक कर कहा रुको, मेरे साथ नारा लगाओ और उन्होंने मेरे नाम का जिंदाबाद का नारा लगाया। मैं संकोच से भर गया और फिर मैने उनके नारे लगवाए। ग्वालियर के अखबारों ने इसे छापा।उनके साथ संबंधों में असहमति आड़े नहीं आती थी। उनकी अनेकों स्मृतियों को में धरोहर के रूप में संजो कर रखता हूं। उन्होंने कहा कि अटल फाउंडेशन की ओर से जिन समाज सेवियों का सम्मान हो रहा है वह एक अच्छा प्रयास है ।अच्छा कदम है। हमारे पारंग जी जो स्व.मुन्ना शुक्ला के भतीजेऔर गुंजन शुक्ला के सुपुत्र हैं उन्होंने पशुओं की सेवा के लिए काफी काम किया है। इन्होंने गरीबों की सेवा के लिए भी काम किया है और यह जो उनका जुनून है वह प्रशंसनीय है। भारत के उपराष्ट्रपति जी ने उन्हें इंदौर में सम्मानित किया था जो सागर के लिए गौरव की बात है और आज अटल फाउंडेशन की सागर शाखा और श्यामलम् संस्था उनका सम्मान कर रही है यह अच्छा कदम है ।आज जिनका सम्मान हो रहा है उन सबको भी मैं अपने ओर से शुभकामनाएं देता हूं। उनके इस सम्मान से न केवल उनका दायित्व बड़ा है बल्कि इससे समाज में एक नई समाज सेवा की प्रेरणा भी पैदा होगी । मुझे उम्मीद है कि उनकी समाज सेवा को देखकर और भी नौजवान और सामाजिक संगठनों को समाज सेवा की प्रेरणा मिलेगी वे प्रभावित होंगे और समाज सेवा का काम आगे बढ़ेगा।


विगत दिसंबर माह में अटल फाउंडेशन की मुख्य शाखा द्वारा इंदौर में आयोजित इसी “शून्य से शतक : एक शताब्दी अटल भारत की” पर आयोजित पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जन्म शताब्दी समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति  श्री सी पी राधाकृष्णन द्वारा पशु सेवा समिति, सागर के श्री पारंग शुक्ला को अटल अलंकरण से सम्मानित किया गया था, अटल फाउंडेशन इकाई सागर द्वारा श्री पारंग शुक्ला के अभिनंदन व पशु सेवा समिति के सदस्य वासु चौबे, सिद्धार्थ शुक्ला, अमन भारद्वाज, चित्रांश कन्हौआ, अंशुल तिवारी, लकी जैन आदि का सम्मान किया गया। 

इनका हुआ सम्मान

इसी प्रकार सागर जिले में मानव एवं पशु सेवा के प्रति निरंतर निस्वार्थ भाव से कार्यरत सुरखी पठा के जंगली क्षेत्र में आवारा पशुओं की लगभग 23 वर्षों से सेवारत संत श्री राम बाबा, सुरखी से ही दीदी वंदना मिश्रा शिक्षिका, वीरेंद्र मालथौन, दयोदय गौशाला, रतौना एवं  श्री शैलेंद्र शाह (शाह मेडिकल), को पशु सेवा के लिए अटल सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया।  मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर सेवा करने के लिए सुश्री प्रीति यादव, घरौंदा आश्रम, सागर, श्री सुगम कोठारी, भाग्योदय ट्रस्ट सागर, श्री जितेंद्र जैन (आदिनाथ मेडिकल), सागर का सम्मान शाल,स्मृति चिन्ह, पुस्तक "सदा अटल", कैलेंडर, सम्मान पत्र व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। 

अटल फाउंडेशन की संभागीय सचिव डॉ सुजाता मिश्र द्वारा सम्मान पत्रों का वाचन किया गया । इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन डॉ सर्वेश्वर उपाध्याय सहायक प्राध्यापक द्वारा एवं आभार प्रदर्शन सुश्री डॉ.शरद सिंह, संभागीय अध्यक्ष,अटल फाउंडेशन द्वारा किया गया ।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर शहर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इनमें शिवरतन यादव बी के मिश्रा, उमाकांत मिश्रा, हरी सिंह ठाकुर,आर के तिवारी , पी एन मिश्रा, गुंजन शुक्ला, सपना शुक्ला , मनोरमा शर्मा, इंदौर से सुरेश राजौरे, अनीता राजौरे, अंविका यादव, हरि शुक्ला, कुंदन पाराशर ,संतोष पाठक, अर्चना प्यासी, डा प्यासी ,प्रदीप पांडेय ,ममता भूरिया, सुरेन्द्र शुक्ला, शकुन शुक्ला, नायक सर ,माघव चन्द्रा, राजेन्द्र ठाकुर, पवन रजक ,गप्पू जी तोमर , मनोज पांडे ,विशु तिवारी, जयदीप खटीक, मोतीराम सचदेव, बालकृष्ण अग्रवाल, कृष्ण मुरारी नायक,  चंद्रशेखर चौबे ,बाबूलाल चौरसिया, संगीता दुबे, सविता महेश्वरी, कविता शुक्ला, अलका शुक्ला, डॉ शशिकुमार सिंह, दामोदर प्रजापति, शारदा प्रसाद चौरसिया, ललित जैन, डॉ नौनिहाल गौतम , अमर कुमार जैन, अनुज भट्ट , आलोक तिवारी, राकेश बजाज, उषा मिश्रा, प्रोफेसर दिनेश अत्री,मुकेश तिवारी, रामरत्न पाण्डेय आदि थे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive